2 months ago

Rajasthan Top News Today: राजस्थान विधानसभा (Rajasthan Assembly) में जारी बजट सत्र के बीच आज दोपहर 1 बजे मंत्रीमंडल कक्ष में भजनलाल कैबिनेट की अहम बैठक (Rajasthan Cabinet Meeting) आयोजित होने जा रही है. इस मीटिंग में विभिन्न विभागों के प्रस्तावों पर चर्चा के साथ-साथ अहम नीतिगत फैसलों पर मुहर लगने की संभावना है. बैठक में बजट सत्र में सदन में पेश किए जाने वाले कुछ महत्वपूर्ण बिलों का अनुमोदन किया जा सकता है.

वहीं दूसरी ओर, ब्रह्मा की नगरी पुष्कर में चल रही श्री हनुमंत कथा (Shri Hanumant Katha Bageshwar Dham Sarkar) का आज तीसरा और आखिरी दिन है. बीते दो दिनों में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (Bhajanlal Sharma) से लेकर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे (Vasundhara Raje) तक तमाम बड़े नेताओं ने व्यासपीठ पहुंचकर बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (Dhirendra Shastri Katha Live Today) का आर्शीवाद प्राप्त किया है. इस आयोजन का साक्षी बनने के लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंचे हुए हैं.

उधर, पूरे राजस्थान में प्राइवेट बस ऑपरेटरों ने 23 फरवरी की रात 12 बजे से हड़ताल (Rajasthan Bus Strike) कर रखी है. ऑपरेटरों का कहना है कि निजी बसें राज्य में सस्ती परिवहन सेवा का आधार रही हैं, लेकिन RC निलंबन, भारी चालान और एकतरफा FIR से कारोबार चौपट हो रहा है. उन्होंने निलंबित आरसी तत्काल बहाल करने, जिला स्तर पर निरस्तीकरण रोकने और सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों का पालन करने की मांग की है.

राजस्थान की इन सभी बड़ी खबरों पर आज हमारी नजर रहेगी और इनसे जुड़ा पल-पल का अपडेट हम आप तक पहुंचाते रहेंगे.

Here Are The Highlights of Rajasthan News

Feb 25, 2026 21:03 (IST)

Rajasthan Breaking Live: नीरजा मोदी स्कूल को लेकर CBSE का नया आदेश

नीरजा मोदी स्कूल की मान्यता से जुड़े मामले में सीबीएसई का नया आदेश आया है. जिसमें  हाईकोर्ट के स्कूल के पक्ष की सुनवाई करने के निर्देश के बाद सीबीएसई ने स्कूल के जवाब को सुन कर फैसला लिया है. आदेश में कहा गया है कि स्कूल की कक्षा 9 और 10 की मान्यता बरकरार रहेगी. वहीं, कक्षा 11 और 12 की मान्यता दो साल के लिए रद्द रहेगी. लेकिन कक्षा 11 में पढ़ रहे विद्यार्थी, जो अगली साल कक्षा 12 में आएंगे वे स्कूल में पढ़ सकते हैं, मौजूदा विद्यार्थियों के भविष्य को देखते हुए सीबीएसई ने यह फैसला लिया है. हालांकि स्कूल कक्षा 11 और 12 में कोई नए प्रवेश नहीं ले सकेगा. स्कूल ने जवाब में कहा कि स्कूल में 5500 बच्चे पढ़ते हैं, स्कूल कई बच्चों का भविष्य बना चुका है. 

Feb 25, 2026 20:44 (IST)

Rajasthan Breaking Live: कल से और भी तेज होगा बस संचालकों का प्रदर्शन

अलवर में प्राइवेट बस संचालकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. मंडी मोड़ स्थित प्राइवेट बस स्टैंड पर एकत्रित होकर बस संचालकों ने परिवहन विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी नाराज़गी खुलकर जाहिर की. प्रदर्शन के दौरान परिवहन विभाग मुर्दाबाद के नारे लगाए गए, जिससे बस स्टैंड क्षेत्र में कुछ समय के लिए माहौल गर्म रहा. बस संचालकों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. इसी क्रम में उन्होंने घोषणा की कि कल से अलवर जिले में प्राइवेट बसों का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा. सभी प्राइवेट बस संचालक हड़ताल पर रहेंगे, जिसके चलते यात्रियों और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. खासकर रोज़मर्रा के यात्रियों, छात्र-छात्राओं और नौकरीपेशा लोगों की आवाजाही पर इसका सीधा असर पड़ेगा.

Advertisement
Feb 25, 2026 19:38 (IST)

Rajasthan Breaking Live: दिल्ली जयपुर गुजरात महाराष्ट्र साउथ को जोड़ने वाली बसों के थमे पहिए

प्रदेश भर में चल रही निजी बसों की चक्का जाम हड़ताल का असर सरहदी बाड़मेर जिले में भी देखने को मिल रहा है जंहा बाड़मेर से दिल्ली,जयपुर,अहमदाबाद सूरत,महाराष्ट्र सहित साउथ को जाने वाली निजी बसों के पहिए थम गये है जिसके चलते होली के त्यौहार के मद्देनजर यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. निजी बस संचालकों के कहना है तीन महीने पहले सरकार की गाइड लाइन के बसों में संकट द्वार बनवा दिए गए, बसों की डिक्की बंद कर दी गई साथ ही बसों के ऊपर का केरियर भी हटा दिया गया है उसके बावजूद भी परिवहन विभाग द्वारा लाखों रुपये के चालान बनाये जा रहे हैं.ऐसे में मजबूरी बस संचालको हड़ताल करनी पड़ रही हैं.ऐसे में जब तक सरकार निजी बस संचालकों की मांगे नही मानती हैं तब तक  हड़ताल जारी रहेगी और आंदोलन को ओर तेज किया जायेगा.

Feb 25, 2026 18:49 (IST)

Rajasthan Breaking Live: वसुंधरा राजे पहुंची महाकाल

राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे बुधवार (25 फरवरी) को मध्य प्रदेश स्थित उज्जैन पहुंची. उज्जैन में वसुंधरा राजे ने महाकाल मंदिर में दर्शन किए. वहीं वसुंधरा ने यहा पूजा-अर्चना कर कुछ समय बिताए. 

Feb 25, 2026 18:39 (IST)

Rajasthan Breaking Live: उदयपुर में करीब 300 बसों का पहिया थमा

निजी ट्रेवल्स बसों की हड़ताल के दूसरे दिन आज बस संचालकों ने शहर में रैली निकाली. बड़ी संख्या में संचालक, ड्राइवर और कर्मचारी इकट्ठा हुए और शक्ति प्रदर्शन करने हुए उदियापोल बस स्टैंड से कलेक्ट्रेट तक पहुंचे,,,रैली ट्रेवल्स एसोसिएशन के अध्यक्ष पारस सिंघवी के नेतृत्व में निकाली गई. कलेक्ट्री पहुंचकर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की गई. साथ ही एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा. रैली के दौरान संचालकों ने कहा कि पड़ोसी राज्यों की तुलना में राजस्थान का टैक्स बेहद ज्यादा है. सरकार पड़ोसी राज्यों के बराबर टैक्स तय कर दे तो भी हम तैयार हैं, लेकिन टैक्स के रूप में 40 हजार रुपए देना असंभव. रैली में शामिल बस मालिकों ने सरकार से मांग की कि टैक्स दरों में जल्द राहत दी जाए, ताकि परिवहन व्यवसाय को बचाया जा सके. आपकों बता दे कि हड़ताल के चलते उदयपुर में करीब 300 बसों के पहिए थमे हुए हैं, जिससे परिवहन व्यवस्था प्रभावित हुई है.

Feb 25, 2026 18:34 (IST)

Rajasthan Breaking Live: बस हड़ताल से सड़क पर सन्नाटा रोजाना सफर करने वाले यात्री परेशान

बीकानेर में बस ऑपरेटर्स की हड़ताल जारी है और इसका व्यापक असर शहर में साफ दिखाई दे रहा है परिवहन विभाग की हालिया कार्रवाईयों के विरोध में बस संचालक धरने पर बैठ गए हैं और जोरदार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं ऑपरेटर्स का कहना है कि लगेज कैरियर, परमिट और ओवरहैंग को लेकर की जा रही कार्रवाई मनमानी है, जिससे उनका व्यवसाय प्रभावित हो रहा है बीकानेर में निजी बसों के पहिए थमे हुए हैं और बस स्टैंड पर सन्नाटा पसरा हुआ है यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है रोज़ाना सफर करने वाले कामगार, विद्यार्थी और ग्रामीण खासे प्रभावित हैं.

Advertisement
Feb 25, 2026 18:31 (IST)

Rajasthan Breaking Live: अचानक जलमग्न हो गए किसानों के खेत

पश्चिमी राजस्थान की लाइफ लाइन कही जाने वाली इंदिरा गांधी केनाल के बज्जू क्षेत्र के चारणवाला नहर में मंगवार सुबह 4 बजे अचानक एक बड़ा कटाव आ गया. जिससे आसपास क्षेत्र के किसानों के खेत जलमग्न हो गए. खेतों में किसानों की मेहनत से सिंची गए गेहूं, जीरे सहित अन्य फसलें पूरी तरह डूब गई. वही नहर कटाव की सूचना प्रधान प्रतिनिधि भागीरथ तेतरवाल ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को दी. सूचना मिलने पर अधीक्षण अभियंता मनीष बिश्नोई, XEN मनोज सोनगर सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेकर नहर दुरुस्तीकरण में जुट गए. फिलहाल पिछले 36 घंटे से दिन रात अधिकारी कर्मचारी इस कार्य में जुटे हुए है.

Feb 25, 2026 18:29 (IST)

Rajasthan Breaking Live: भारतीय मजदूर संघ ने आठ सूत्री मांग पत्र पीएम मोदी के नाम सौंपा

भरतपुर में भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने निर्भय कुंतल के नेतृत्व में एडीएम प्रशासन घनश्याम शर्मा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम आठ सूत्रीय मांग पत्र सौंपकर मांगो के समाधान की मांग की. ज्ञापन सौंपकर मांग की गई कि सभी श्रमिकों के हितों में श्रम कानूनों को बिना किसी छूट के अंत्योदय की भावना के साथ लागू किया जाए. दो लेबर कोड में व्याप्त श्रमिकों की चिंताओं का समाधान किया जाए. न्यूनतम पेंशन बढ़ाई जाए. आम भर्ती पर लगी रोक हटाई जाए और गारंटीड रोजगार का भरोसा दिलाया जाए. स्कीम श्रमिकों और ठेका श्रमिकों को स्थाई किया जाए. सहित अन्य मांगो पर जल्द से जल्द कार्यवाही की मांग की.

Advertisement
Feb 25, 2026 17:03 (IST)

Rajasthan Breaking Live: वन विभाग की कार्रवाई से दुकानदार नाराज

सवाई माधोपुर जिले के चौथ का बरवाड़ा कस्बे में चौथ माता मन्दिर मार्ग स्थित खातालाब मैदान में अवैध दुकानों के खिलाफ वन विभाग द्वारा की गई अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के विरोध में दुकानदारों ने आज जोरदार प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपा, हाल ही में वन विभाग द्वारा यहां  करीब 90 से अधिक अस्थायी दुकानों को हटाया गया था. विभाग का कहना है कि यह भूमि वन विभाग की है और यहां लव कुश वाटिका का निर्माण प्रस्तावित है. इसी के चलते पूर्व में दुकानदारों को नोटिस जारी कर स्वयं दुकानें हटाने के निर्देश दिए गए थे, जिसके बाद वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया. वन विभाग द्वारा की गई कार्रवाई से दुकानदारों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है. दुकानदारों का कहना है कि वे वर्षों से यहां पूजा प्रसाद और खिलौनों की दुकान लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे.

Feb 25, 2026 16:22 (IST)

Rajasthan Breaking Live: जौनपूरिया के बयान पर राठौड़ ने कहा तोड़ मरोड़ कर पेश किया गया

प्रधानमंत्री पीएम नरेंद्र मोदी की अजमेर यात्रा पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ का भीलवाड़ा में बड़ा बयान सामने आया है. राठौड बोले अजमेर से पीएम मोदी सर्वाइकल कैंसर वैक्सीन की सौगात देंगे.  पूर्व नेता प्रतिपक्ष राठौड़ का दावा किया है कि समय पर पंचायतराज चुनाव होंगे.  टोंक के पूर्व सांसद जौनपुरिया के बयान पर भी बोले राठौड, कहा- उनके बयान को तोड़ मरोड़ के पेश किया गया है. मैं जौनपुरिया को अच्छे से जानता हूं.

पूर्व नेता प्रतिपक्ष राठौड़ मोदी की सभा की तैयारी को लेकर कार्यकर्ताओं की बैठक लेने आए थे. 28 फरवरी को प्रधानमंत्री मोदी की अजमेर में सभा होगी. उन्होंने कहा प्रधानमंत्री मोदी 23000 करोड रुपए के विकास कार्यों का शिलान्यास करेंगे.

Feb 25, 2026 15:56 (IST)

Rajasthan Breaking Live: गंगापुर सिटी में कारखाने में लगी भीषण आग

गंगापुर सिटी के मूर्ति मोहल्ला स्थित एक फ्रेम बनाने के कारखाने में बुधवार (25 फरवरी) दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा कारखाना धुएं से भर गया और लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया.

Feb 25, 2026 15:54 (IST)

Rajasthan Breaking Live: 28 फरवरी को दिल्ली जाएंगे NSUI कार्यकर्ता

NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर नियुक्ति के बाद विनोद जाखड़ 28 फरवरी को दिल्ली में अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे. जिसे लेकर झुंझुनूं में भी एनएसयूआई कार्यकर्ताओं में उत्साह है. इस संदर्भ में एनएसयूआई के कार्यकारी जिलाध्यक्ष रिजवान खान ने प्रेस वार्ता की और बताया कि झुंझुनूं जिले से 600 एनएसयूआई कार्यकर्ता दिल्ली में विनोद जाखड़ के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे. उन्होंने बताया कि पहली बार राजस्थान के छात्र नेता को इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिली है. जिसके चलते सभी कार्यकर्ताओं में उत्साह है. 

Feb 25, 2026 14:47 (IST)

Rajasthan Cabinet Decision LIVE: '2 से ज्यादा संतान होने पर भी लड़ सकेंगे चुनाव'

राजस्थान कैबिनेट की बैठक में 2 से ज्यादा संतान होने पर भी अब चुनाव लड़ने के फैसले को मंजूरी दे दी गई है.

Feb 25, 2026 14:39 (IST)

Rajasthan Cabinet Decisions Today LIVE: वीवीआईपी दौरों और बड़े कानूनी बदलावों की तैयारी

कैबिनेट ब्रीफिंग में संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने प्रदेश में होने वाले दो बड़े दौरों और विधायी बदलावों की घोषणा की है. 

उन्होंने बताया कि 27 फरवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राजस्थान के दौरे पर रहेंगी, जिसके ठीक अगले दिन 28 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजस्थान आएंगे. 

इन हाई-प्रोफाइल दौरों के बीच, कैबिनेट ने शासन व्यवस्था में सुधार के लिए दो अत्यंत महत्वपूर्ण विधेयकों को मंजूरी दी है: राजस्थान पंचायती राज संशोधन विधेयक 2026 और राजस्थान नगर पालिका संशोधन विधेयक 2026. 

इन संशोधनों के जरिए ग्रामीण और शहरी निकायों की चुनावी प्रक्रिया, अधिकारों और प्रशासनिक ढांचे में बड़े फेरबदल की संभावना है, जिन्हें आगामी विधानसभा सत्र में पेश किया जाएगा.

Feb 25, 2026 14:35 (IST)

निजी पार्क बनाने पर 40 करोड़ तक की सब्सिडी, बिजली-सड़क देगी सरकार

कैबिनेट ने निजी क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए बड़े वित्तीय प्रोत्साहनों की घोषणा की है, जिसके तहत तीसरे मॉडल में पार्क विकसित करने के लिए कम से कम 50 एकड़ जमीन होना अनिवार्य होगा. 

सरकार ने 'पहले आओ-पहले पाओ' की तर्ज पर शुरुआती 10 पार्कों के लिए भारी कैपिटल सब्सिडी का प्रावधान किया है. 

₹100 करोड़ तक के निवेश पर 20%, ₹100 से ₹250 करोड़ पर ₹30 करोड़, और ₹250 करोड़ से अधिक के निवेश पर अधिकतम ₹40 करोड़ की सब्सिडी दी जाएगी. 

इसके अलावा, पर्यावरण संरक्षण के लिए CETP प्लांट पर 50% खर्च सरकार उठाएगी और पार्क की दहलीज तक सड़क, बिजली व पानी पहुंचाने का जिम्मा भी प्रशासन का होगा. 

उद्यमियों की सुविधा के लिए अब 'राज निवेश पोर्टल' पर प्रदेश की तमाम औद्योगिक जमीनों का डेटा उपलब्ध होगा, ताकि विकास की रफ्तार तेज की जा सके. 

साथ ही, पिछड़े इलाकों में उद्योग लगाने वाले उद्यमियों को विशेष इंसेंटिव भी दिए जाएंगे.

Feb 25, 2026 14:33 (IST)

राजस्थान इंडस्ट्रियल पार्क प्रमोशन पॉलिसी 2026 को मंजूरी, अब 4 नए मॉडल्स पर विकसित होंगे औद्योगिक क्षेत्र

राज्य सरकार ने निजी निवेश को बढ़ावा देने के लिए नई औद्योगिक नीति लागू की है, जिसमें अब सरकार के बजाय डेवलपर की भूमिका अहम होगी. इस पॉलिसी के तहत चार तरह के इंडस्ट्रियल पार्क मॉडल पेश किए गए हैं. 

पहला, जहां पूरी जमीन रीको (RIICO) मुहैया कराएगा. 

दूसरा, जहां 80% जमीन डेवलपर के पास होगी और शेष 20% के लिए रीको जमीन अवाप्ति में मदद करेगा.

तीसरा, जहां पूरी जमीन निजी डेवलपर की होगी. 

चौथा, जो पूरी तरह पीपीपी (PPP) मोड पर आधारित होगा. 

विशेष रूप से, रीको अपनी जमीन अब उन पिछड़े जिलों में प्राथमिकता से देगा जहां अभी तक उद्योगों की पहुंच कम है, ताकि पूरे प्रदेश का संतुलित विकास हो सके और स्थानीय युवाओं को उनके अपने क्षेत्र में रोजगार मिल सके.

Feb 25, 2026 14:31 (IST)

राजस्थान मण्डपम प्रोजेक्ट के वित्तीय मॉडल में बड़ा सुधार; सरकार ने बचाए ₹635 करोड़

भजनलाल कैबिनेट ने 'राजस्थान मण्डपम' प्रोजेक्ट को आर्थिक रूप से व्यावहारिक बनाने के लिए इसके बजट मॉडल में बड़ा बदलाव किया है. 

पहले इस प्रोजेक्ट की लागत ₹30,055 करोड़ आ रही थी, जिसमें राजस्व सृजन और खर्च के बीच ₹635 करोड़ का अंतर था जिसका सीधा भार राज्य सरकार पर पड़ रहा था. 

अब इस विसंगति को दूर करते हुए प्रोजेक्ट की नई लागत ₹5,815 करोड़ तय की गई है, जिससे ₹5,825 करोड़ का राजस्व प्राप्त होगा. 

इस निर्णय से न केवल सरकार पर पड़ने वाला करोड़ों का वित्तीय बोझ खत्म हो गया है, बल्कि अब यह प्रोजेक्ट ₹10 करोड़ के मुनाफे के साथ खुद के राजस्व से ही संचालित हो सकेगा.

Feb 25, 2026 14:27 (IST)

Rajasthan Cabinet Decision LIVE: उदयपुर बनेगा माइनिंग हब, राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने गिनाए फायदे

कैबिनेट बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने उदयपुर के लिए एक बड़े निवेश प्रस्ताव की जानकारी साझा की. उन्होंने बताया कि उदयपुर स्थित लौह अयस्क (Iron Ore) की खान के बेहतर इस्तेमाल के लिए एक बड़ी कंपनी (Vedanta Group) आगे आई है, जो यहां 500 करोड़ रुपये का निवेश करेगी. कंपनी सालाना 1.5 मिलियन मीट्रिक टन आयरन ओर का उत्पादन करेगी. स्थानीय 550 युवाओं को इस प्रोजेक्ट में सीधा रोजगार मिलेगा. सरकार ने शर्त रखी है कि जमीन आवंटन के लिए कंपनी से दोगुनी DLC दर वसूली जाएगी.

Feb 25, 2026 14:27 (IST)

राजस्थान में 'राजस्व आसूचना एवं आर्थिक निदेशालय' के गठन को मंजूरी

प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए कैबिनेट ने राजस्व आसूचना एवं आर्थिक निदेशालय (Revenue Intelligence and Economic Directorate) के गठन का बड़ा निर्णय लिया है. यह विशेष निदेशालय वाणिज्यिक कर, आबकारी, और पंजीयन एवं मुद्रांक (Registry & Stamp) जैसे विभिन्न विभागों से प्राप्त आंकड़ों का विश्लेषण करेगा ताकि राजस्व चोरी (Revenue Leakage) के छिद्रों को पहचाना और बंद किया जा सके.

आर्थिक अपराधों की रोकथाम के लिए समर्पित इस निदेशालय के सुचारू संचालन हेतु सरकार ने 107 नए पदों के सृजन को भी हरी झंडी दे दी है. यह कदम न केवल सरकारी खजाने को भरने में मदद करेगा, बल्कि वित्तीय धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ एक प्रभावी तंत्र के रूप में कार्य करेगा.

Feb 25, 2026 14:23 (IST)

Rajasthan Cabinet Meeting Decision Today LIVE: अजमेर में खुलेगी आयुर्वेद यूनिवर्सिटी, पंचायती राज संशोधन विधेयक को मंजूरी

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की अहम बैठक संपन्न हो गई है, जिसके फैसलों की जानकारी मंत्री जोगाराम पटेल, राज्यवर्धन सिंह राठौड़ और उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा दे रहे हैं. 

कैबिनेट ने राजस्थान पंचायती राज संशोधन 2026 विधेयक लाने को हरी झंडी दे दी है, जिससे ग्रामीण निकायों के नियमों में बड़े बदलाव की उम्मीद है. 

साथ ही, अजमेर को बड़ी सौगात देते हुए वहाँ आयुर्वेद और नेचुरोपैथी यूनिवर्सिटी स्थापित करने के विधेयक को भी मंजूरी दी गई है, जिससे जिला अब प्रदेश में पारंपरिक चिकित्सा के बड़े केंद्र के रूप में उभरेगा.

Feb 25, 2026 14:19 (IST)

Rajasthan Top News LIVE: अनाज मंडी में तुलाई ठप, किसान की आत्मदाह की चेतावनी से मचा हड़कंप

दौसा के बांदीकुई अनाज मंडी में आज उस समय स्थिति बेकाबू हो गई जब पल्लेदारों के अवकाश और व्यापारियों के विवाद के चलते किसानों के माल की तुलाई बंद कर दी गई. सुबह से इंतजार कर रहे आक्रोशित किसानों ने मंडी के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया और सड़क मार्ग जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. 

इस दौरान एक किसान ने भावुक होकर आत्मदाह और पानी की टंकी पर चढ़ने की चेतावनी दे डाली, जिससे मौके पर तनाव व्याप्त हो गया. सूचना पर पहुंची बांदीकुई पुलिस और प्रशासन की टीम फिलहाल किसानों को समझाने का प्रयास कर रही है.

Feb 25, 2026 13:38 (IST)

'JJM घोटाला: 217 में से 112 योजनाएं अधर में'

जमवारामगढ़ विधायक महेंद्र पाल मीणा के सवाल पर सदन में जल जीवन मिशन (JJM) की हकीकत सामने आई. मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने स्वीकार किया कि पूर्ववर्ती सरकार के समय जारी 217 योजनाओं में से बड़ी संख्या में काम बंद हैं. उन्होंने बताया कि 58 योजनाएं कोर्ट केस के कारण रुकी हुई हैं, जबकि 41 ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई प्रक्रियाधीन है. 

विपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने सरकार को घेरते हुए कहा कि न तो नए काम हो रहे हैं और न ही पुराने पूरे हो पा रहे हैं, जिससे जनता प्यासी है. मंत्री ने जवाब दिया कि अब सरकार कोर्ट में मजबूत वकील खड़े कर इन मामलों को सुलझाएगी और लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों पर 'कैविटी' (Caveat) लगाई जा रही है.

Feb 25, 2026 13:38 (IST)

Rajasthan Vidhan Sabha LIVE: आनासागर झील को लेकर सरकार का बड़ा फैसला

राजस्थान विधानसभा में आज अजमेर की आनासागर झील का मुद्दा गूंजा. विधायक चंद्रभान सिंह आक्या के ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर जवाब देते हुए नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने महत्वपूर्ण घोषणा की. उन्होंने बताया कि आनासागर झील से मलबा हटाने और डी-सिल्टिंग (सफाई) के लिए अप्रैल 2026 से काम शुरू करने के निर्देश दे दिए गए हैं. इसके लिए अजमेर विकास प्राधिकरण (ADA), नगर निगम और संबंधित एजेंसियों की संयुक्त बैठक बुलाकर एक सप्ताह के भीतर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी. सदन में झील के पास तोड़े गए 'सेवेन वंडर्स' के मलबे को लेकर भी चर्चा हुई.

Feb 25, 2026 12:00 (IST)

Rajasthan Assembly LIVE: राजस्थान विधानसभा में प्रश्नकाल समाप्त हो गया है

राजस्थान विधानसभा में प्रश्नकाल समाप्त हो गया है. पिछले रोज की तरह आज इतना हंगामा देखने को नहीं मिला.

Feb 25, 2026 11:55 (IST)

Rajasthan Assembly Today LIVE: ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने दिया जवाब

ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने विधायक के सवालों का जवाब देते हुए बताया कि 72 घंटे का नियम कृषि और डोमेस्टिक कनेक्शन के लिए है, ना कि किसी प्रसारण तंत्र के फेलियर होने पर. जब बड़ा ट्रांसफॉर्मर फेल होता है तो इनके मिलने में समय लगता है. फिर भी हमने दूसरी जगह के ट्रांसफॉर्मर पर डायवर्ट करके इनके यहां पर ट्रांसफॉर्मर दिया है. ये 200 KV का ट्रांसफॉर्मर है. वर्तमान में वहां कोई समस्या नहीं है. उस समय भी हमने लोगों को दिन-रात में 6-6 घंटे बिजली दी थी.

Feb 25, 2026 11:50 (IST)

Rajasthan Vidhan Sabha LIVE: '72 घंटे के बजाय ट्रांसफॉर्मर बदलने में 72 दिन क्यों लगे?'

नीम का थाना विधायक सुरेश मोदी ने विधानसभा में बताया कि किसानों को ढाई महीने बिजली की जरूरत होती है. लेकिन इसी समय निगम की तकनीकी खामियों की वजह से मेरे क्षेत्र के किसानों को बिजली नहीं मिल पाई. मैं जानना चाहता हूं कि 72 घंटे में ट्रांसफॉर्मर बदलने वाली सरकार को 72 दिन क्यों लगे? इसमें किस अधिकारी की लापरवाही है और सरकार उस पर क्या एक्शन लेने वाली है?

Feb 25, 2026 11:27 (IST)

Jaipur Car Fire: गांधी सर्किल पर धूं-धूं कर जली नई टैक्सी कार, बाल-बाल बचा ड्राइवर

राजधानी के गांधी सर्किल के पास मंगलवार रात एक चलती सीएनजी (CNG) टैक्सी कार में अचानक आग लग गई. वर्ष 2025 में ही खरीदी गई यह नई कार सर्विस सेंटर से लौट रही थी, तभी रास्ते में उसमें से धुआं निकलने लगा. चालक अमित ने जैसे ही कार रोकी, आग ने विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते कार राख के ढेर में तब्दील हो गई. 

गांधी नगर थानाधिकारी भजनलाल ने बताया कि पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और जली हुई कार को हटाकर जाम खुलवाया. पीड़ित चालक आज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराएगा.

Feb 25, 2026 11:25 (IST)

Rajasthan News LIVE: 5 करोड़ की एमडी ड्रग्स फैक्ट्री मामले में 25 हजार का इनामी गिरफ्तार

प्रतापगढ़ पुलिस ने 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए एमडी ड्रग्स फैक्ट्री मामले में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी धर्मचंद मोगरा को गिरफ्तार कर लिया है. एसपी बी. आदित्य के अनुसार, अरनोद थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की है. आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था. 

बता दें कि 1 फरवरी को शहर के वॉटर वर्क्स रोड पर एक किराना स्टोर की आड़ में चल रही फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ था, जहाँ से 5 करोड़ रुपये मूल्य की एमडी और केमिकल जब्त किए गए थे. इस मामले में पुलिस 4 आरोपियों को पहले ही जेल भेज चुकी है.

Feb 25, 2026 11:24 (IST)

Rajasthan Vidhan Sabha LIVE: राजस्थान विधानसभा की कार्यवाही शुरू

सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू हुई. प्रश्नकाल में आज मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और डॉ. प्रेम चंद बैरवा के विभागों से जुड़े सवालों पर चर्चा हो रही है. मुख्य रूप से उद्योग, ऊर्जा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, और वन विभाग से संबंधित तारांकित प्रश्न पूछे जा रहे हैं.

यहां देखें विधानसभा की पूरी कार्यवाही LIVE

Feb 25, 2026 11:21 (IST)

Rajasthan News LIVE: धनूरी टोल संघर्ष समिति और प्रशासन में बनी सहमति, 5 दिन बाद धरना समाप्त

झुंझुनूं जिले के धनूरी टोल प्लाजा पर पिछले पांच दिनों से जारी गतिरोध आखिरकार खत्म हो गया है. विधायक रीटा चौधरी और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हुई सफल वार्ता के बाद टोल मुक्ति आंदोलन समाप्त कर दिया गया है.

नई सहमति के अनुसार, धनूरी सहित आसपास के 17 गांवों के निवासियों के लिए टोल पूरी तरह माफ रहेगा. वहीं, टोल के 20 किमी दायरे में आने वाले निजी वाहनों के लिए मात्र 250 रुपये में अनलिमिटेड मासिक पास की सुविधा दी जाएगी. सहमति बनते ही टोल प्लाजा पर वाहनों का संचालन पुनः शुरू हो गया है.

Feb 25, 2026 10:43 (IST)

Rajasthan News LIVE: एसडीएम गुड़ामालानी को हाई कोर्ट का नोटिस

राजस्थान हाई कोर्ट ने गुड़ामालानी एसडीएम के कार्यप्रणाली पर सख्त नाराजगी जाहिर की है. मामला उदाराम और मोतीराम को झगड़े के एक केस में गिरफ्तार करने के बाद जमानत बॉन्ड भरने के बावजूद 4 दिन तक न्यायिक अभिरक्षा (जेल) में रखने से जुड़ा है. न्यायाधीश फरजंद अली की एकल पीठ ने सुनवाई के दौरान कहा कि निवारक शक्तियों (Preventive Powers) का उपयोग किसी व्यक्ति को दंडित करने या अनावश्यक रूप से जेल में रखने के लिए नहीं किया जा सकता. मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने एसडीएम को अगली सुनवाई पर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं.

Feb 25, 2026 10:02 (IST)

Rajasthan News LIVE: निठार की पहाड़ियों पर पैंथर का मूवमेंट, ग्रामीणों में दहशत

भरतपुर के निठार गांव की पहाड़ियों पर पैंथर का मूवमेंट देखे जाने के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची है और पैंथर की तलाश में जुट गई है. ग्रामीणों ने वन विभाग से पैंथर को जल्द से जल्द रेस्क्यू करने की मांग की है. गौरतलब है कि इस क्षेत्र में पूर्व में भी पैंथरों का मूवमेंट देखा जा चुका है. सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने ग्रामीणों को वन क्षेत्र की ओर न जाने की सख्त चेतावनी दी है.

Feb 25, 2026 10:01 (IST)

Rajasthan News LIVE: बच्चा चोरी की आशंका में महिला पकड़ी, चॉकलेट का लालच देकर बरगलाने का आरोप

प्रतापगढ़ शहर की संत गली में बीती रात बच्चा चोरी की आशंका को लेकर भारी हंगामा हो गया. यहां एक संदिग्ध महिला को स्थानीय लोगों ने पकड़कर कोतवाली पुलिस के हवाले किया है. आरोप है कि महिला बच्चों को चॉकलेट देने के बहाने बरगला रही थी, लेकिन बच्चों के शोर मचाने पर वह भागने लगी, जिसे भीड़ ने दबोच लिया. महिला खुद को निंबाहेड़ा की रहने वाली और भिक्षावृत्ति करने वाली बता रही है, हालांकि उसके साथ दो अन्य व्यक्तियों के होने की भी जानकारी सामने आ रही है. पुलिस फिलहाल महिला से कड़ी पूछताछ कर रही है. गौरतलब है कि 5 दिन पूर्व भी वुडलैंड पार्क के पास एक व्यक्ति को पकड़ा गया था, जो मौके से फरार हो गया था.

Feb 25, 2026 09:59 (IST)

Bomb Threat: राजस्थान हाईकोर्ट को फिर बम से उड़ाने की धमकी; 4 महीने में 11वीं बार मेल

राजधानी जयपुर स्थित राजस्थान हाईकोर्ट को एक बार फिर ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है. यह अब तक की 11वीं धमकी है, जिससे न्यायिक हलकों और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है. सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ता (BDS) मौके पर पहुंच गया है और एतिहातन हाईकोर्ट परिसर में व्यापक सर्च अभियान चलाया जा रहा है. 

गौरतलब है कि हाईकोर्ट को पहली धमकी गत 31 अक्टूबर को मिली थी, जिसके बाद दिसंबर में 5 बार और फरवरी माह में अब तक 5 बार (6, 17, 19, 20 और आज 25 फरवरी) धमकी मिल चुकी है.

Feb 25, 2026 09:57 (IST)

Rajasthan News LIVE: कोटा में निजी बसों की हड़ताल का दूसरा दिन, 500 बसों के पहिये थमे; यात्री बेहाल

कोटा संभाग में निजी बस संचालकों की हड़ताल आज दूसरे दिन भी जारी है. संभाग में करीब 500 बसों का संचालन ठप होने से यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. परिवहन विभाग की 'सख्त' कार्रवाई और भारी जुर्माने के विरोध में शुरू हुई इस हड़ताल के कारण कोटा से जयपुर, उदयपुर और ग्रामीण इलाकों में जाने वाले लोग बसों के इंतजार में भटक रहे हैं. सरकार के साथ वार्ता बेनतीजा रहने के बाद अब चक्काजाम और भी कड़ा होता दिख रहा है.

Feb 25, 2026 09:56 (IST)

Rajasthan Top News LIVE: कैलादेवी चैत्र लख्खी मेला 16 मार्च से, कलेक्टर ने कसी तैयारियां

करौली की प्रसिद्ध रियासतकालीन कैलादेवी का चैत्र लख्खी मेला 16 मार्च से शुरू होने जा रहा है. जिला कलेक्टर ने मेले की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं. करौली से कैलादेवी तक के पैदल मार्ग पर विशेष साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा और चल-अचल शौचालयों की व्यवस्था के लिए अधिकारियों को पाबंद किया गया है ताकि लाखों श्रद्धालुओं को असुविधा न हो.

Feb 25, 2026 09:02 (IST)

Rajasthan Cabinet Meeting LIVE Updates: कैबिनेट बैठक की घड़ी नजदीक, 'दो बच्चों की बाध्यता' पर हट सकती है रोक!

दोपहर 1 बजे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में कैबिनेट की अहम बैठक शुरू होगी. सूत्रों के अनुसार, सरकार निकाय और पंचायत चुनाव में दो बच्चों की बाध्यता को खत्म करने या उसमें संशोधन करने पर बड़ा फैसला ले सकती है. इसके अलावा उद्योग विभाग के 3 बड़े एजेंडे और ऊर्जा संयंत्रों के लिए भूमि आवंटन पर भी मुहर लग सकती है.

Feb 25, 2026 09:01 (IST)

Rajasthan News LIVE: कांग्रेस का किसान सम्मेलन प्लान, PCC में आज डोटासरा-रंधावा की बड़ी बैठक

मार्च में श्रीगंगानगर में होने वाले कांग्रेस किसान सम्मेलन को लेकर आज दोपहर 3:00 बजे पीसीसी मुख्यालय (जयपुर) में महत्वपूर्ण बैठक होगी. प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा की मौजूदगी में होने वाली इस बैठक में श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ के नेताओं सहित सभी जिलाध्यक्षों को बुलाया गया है. किसान सम्मेलन के जरिए कांग्रेस प्रदेश में बड़ा जनसंपर्क अभियान शुरू करने की तैयारी में है.

Feb 25, 2026 08:44 (IST)

Rajasthan News LIVE: भाजपा की बड़ी बैठक आज; पंचायत चुनाव और PM मोदी के दौरे पर मंथन

सीकर भाजपा जिला कार्यालय में आज दोपहर 2 बजे अहम बैठक होगी. जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़ की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में पंचायत राज चुनाव 2026 की तैयारियों और 28 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अजमेर दौरे को लेकर रणनीति बनाई जाएगी. जिला संगठन प्रभारी अभिषेक माटोरिया और अनीता गुर्जर पदाधिकारियों को अजमेर सभा में भारी भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी सौंपेंगे.

Feb 25, 2026 08:34 (IST)

Rajasthan Assembly LIVE: सदन में आज पेश होगा महत्वपूर्ण विधेयक

राजस्थान विधानसभा की कार्यवाही प्रश्नकाल के साथ शुरू होगी. आज उपमुख्यमंत्री डॉ. पीसी बेरवा के विभागों (उद्योग, PHED, जल संसाधन, ऊर्जा आदि) पर विधायकों के तीखे सवाल होंगे. साथ ही नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा जयपुर, जोधपुर सहित 7 शहरों के विकास प्राधिकरणों का वार्षिक प्रतिवेदन सदन में रखेंगे. आज सदन में 'राजस्थान विक्षुब्ध क्षेत्रों में स्थावर संपत्ति के अंतरण का प्रतिषेध विधेयक, 2026' पेश किया जाएगा. इसके अलावा जैसलमेर में सोलर प्रोजेक्ट के पर्यावरणीय मुद्दों और आना सागर झील की डिसिल्टिंग जैसे ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर भी चर्चा होगी.

Feb 25, 2026 08:32 (IST)

Rajasthan Vidhan Sabha LIVE: सैनी समाज का जयपुर कूच, विधानसभा घेराव की तैयारी

दौसा जिले से सैनी समाज के लोग बड़ी संख्या में जयपुर के लिए रवाना हो रहे हैं. करीब 15 बसों और दर्जनों निजी वाहनों में सवार होकर समाज के लोग विधानसभा घेराव के लिए कूच कर रहे हैं. समाज की मुख्य मांगें हैं:-

  • 12% आरक्षण की मांग.
  • महात्मा ज्योतिबा फुले को भारत रत्न देने की मांग.
  • ज्योतिबा फुले बोर्ड को वित्तीय सहायता और बागवानी विकास बोर्ड का गठन.

जयपुर में आज भारी सुरक्षा बल तैनात रहने की संभावना है.

Feb 25, 2026 08:31 (IST)

बालोतरा: नया बस स्टैंड पर चल रहे 'कसीनो' पर पुलिस का छापा, संचालक फरार

बालोतरा पुलिस ने देर शाम एक अवैध गेमिंग जोन (कसीनो) पर बड़ी कार्रवाई की है. डीएसपी अनिल पुरोहित के नेतृत्व में नया बस स्टैंड स्थित एक अंडरग्राउंड दुकान पर छापेमारी की गई, जहां से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक कसीनो मशीनें और हिसाब-किताब की डायरियां बरामद हुई हैं. पुलिस की भनक लगते ही संचालक मौके से फरार हो गया. बताया जा रहा है कि यहां गेमिंग के बहाने लोगों से जुआ खिलवाकर उनकी जेबें खाली की जा रही थीं. पुलिस अब फरार संचालक की तलाश और मामले की जांच में जुटी है.

Feb 25, 2026 08:28 (IST)

राजसमंद: द्वारकाधीश मंदिर में 'राल महोत्सव' के साथ होलाष्टक शुरू

राजसमंद के कांकरोली स्थित द्वारकाधीश मंदिर में आज से होलाष्टक का आगाज हो गया है. पुष्टिमार्गीय परंपरा के अनुसार यहां अनूठा 'राल महोत्सव' मनाया जा रहा है. मान्यता है कि आज ही के दिन भक्त प्रहलाद को बंदी बनाया गया था. महोत्सव के दौरान जलती मशालों पर 5 आयुर्वेदिक पदार्थों का मिश्रण (राल) फेंका जाता है, जिससे उठने वाला धुआं कफ नाशक और स्वास्थ्यवर्धक माना जाता है. इस रोमांचक दृश्य को देखने देशभर से श्रद्धालु यहां पहुंचे हैं.

Feb 25, 2026 08:26 (IST)

Rajasthan News LIVE: सीवरेज के गड्ढे बने 'डेथ ट्रैप', स्कूटी सहित 15 फीट गहरे गड्ढे में गिरा दिव्यांग

गंगापुर सिटी से डराने वाली खबर है. आदर्श नगर से उदेई मोड़ तक चल रहा सीवरेज का काम अब लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है. सड़क पर खोदे गए 10 से 15 फीट गहरे गड्ढों की वजह से कल रात एक बड़ा हादसा हो गया, जहां एक दिव्यांग स्कूटी सवार स्कूटी सहित गहरे गड्ढे में गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गया. स्थानीय लोगों का आरोप है कि न तो प्रशासन मॉनिटरिंग कर रहा है और न ही सीवरेज कंपनी सुरक्षा मानकों का पालन कर रही है. 

यह हादसा दिल्ली में बीते दिनों हुए उस हादसे की याद दिलाता है जिसमें एक युवक की बाइक समेत गहरे गड्ढे में गिरने से मौत हो गई थी.

Feb 25, 2026 08:23 (IST)

Rajasthan News LIVE: निर्माणाधीन मकान में करंट लगने से युवक की मौत, रिपोर्ट दर्ज

सीकर के तोदी नगर में एक दर्दनाक हादसा हुआ है. निर्माणाधीन मकान में काम करते समय युवक सुभाष को ज़ोरदार करंट लगा. गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक के भाई ने उद्योग नगर थाना इलाके की रानीसती पुलिस चौकी में मामला दर्ज करवाया है.

Feb 25, 2026 08:22 (IST)

Rajasthan News LIVE: शातिर महिलाओं ने पावर हाउस से पार की 15 क्विंटल केबल

डीडवाना शहर में चोरों के हौसले बुलंद हैं. पावर हाउस की दीवार फांदकर शातिर महिलाओं के एक गिरोह ने 10 से 15 क्विंटल पुरानी एबी केबल चोरी कर ली. चोरी की यह पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है. बिजली विभाग ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है. यह घटना शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है.

Feb 25, 2026 08:21 (IST)

Khatu Mela LIVE: खाटूश्यामजी के फाल्गुन मेले का 5वां दिन, अब तक 10 लाख ने किए दर्शन

बाबा श्याम के वार्षिक फाल्गुन मेले में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है. आज मेले के पांचवें दिन खाटू धाम में 'लक्खी मेले' जैसा माहौल है. प्रशासन के मुताबिक अब तक 10 लाख से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं. रींगस से खाटू तक की पदयात्रा में अद्भुत नजारा दिख रहा है, जहां चारों तरफ श्याम भक्त और निशान नजर आ रहे हैं. खाटू नगरी में इस समय 'कुंभ' जैसा दृश्य बना हुआ है.

Feb 25, 2026 08:20 (IST)

Om Birla Bundi Visit LIVE: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का बूंदी दौरा, 466 करोड़ की सौगात देंगे

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला आज अपने संसदीय क्षेत्र बूंदी के दौरे पर रहेंगे. वे डाबी, सिलोर और गरड़दा को 466 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात देंगे. इसमें सबसे महत्वपूर्ण 398 करोड़ की बूंदी-सिलोर सड़क की आधारशिला है. इस दौरे से क्षेत्र के सड़क और आधारभूत ढांचे (Infrastructure) को नई मजबूती मिलेगी.

Feb 25, 2026 08:18 (IST)

Baran News LIVE: बारां शहर में आज 6 घंटे बिजली गुल, कई इलाके रहेंगे प्रभावित

बारां शहर के निवासियों के लिए जरूरी सूचना है. झालावाड़ रोड गोदियापुरा फीडर पर नया ट्रांसफार्मर रखने के काम के चलते आज सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली सप्लाई बंद रहेगी. इससे दंडोतिया की बाड़ी, राजीव गांधी कॉलोनी, निगम ऑफिस की गली, सरदार की बाड़ी और आसपास के क्षेत्र प्रभावित रहेंगे. अपना जरूरी काम समय पर निपटा लें.

Feb 25, 2026 08:17 (IST)

Rajasthan News LIVE: बारां के जंगलों में कूनो के 'चीता' की दहशत और कौतूहल

बारां जिले से बड़ी खबर है. कूनो नेशनल पार्क का केपी-2 (KP-2) चीता पिछले 12 दिनों से जिले के जंगलों में मूवमेंट कर रहा है. ताजा जानकारी के मुताबिक, चीता अब किशनगंज के रामगढ़ से निकलकर पार्वती नदी पार करते हुए मांगरोल के रेनगढ़ जंगल में पहुंच गया है. वन विभाग की टीम लगातार चीते की निगरानी कर रही है और ग्रामीणों को अलर्ट रहने को कहा गया है.

Feb 25, 2026 08:16 (IST)

Rajasthan Top News LIVE: भरतपुर में देवस्थान विभाग के पुजारियों का फूटा गुस्सा

भरतपुर से बड़ी खबर आ रही है. अखिल राजस्थान राज्य देवस्थान विभाग कर्मचारी संघ ने पुजारियों के वेतन को लेकर गंभीर शिकायत की है. पुजारियों का आरोप है कि जनवरी 2026 का वेतन बिल 2 फरवरी को ही विभाग पहुंच गया था, लेकिन अभी तक उनके बैंक खातों में पैसा नहीं आया है. पुजारियों ने विभाग पर 'भोग राशि' का पैसा भी समय पर न देने का आरोप लगाया है.

Feb 25, 2026 08:14 (IST)

Rajasthan News LIVE: राजस्थान की बड़ी खबरें और ताजा अपडेट्स

NDTV राजस्थान के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. इस लाइव पेज पर आपको दिन भर की राजस्थान की अहम खबरें मिलेंगी.

कल का लाइव ब्लॉग आप यहां क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

हमारी वेबसाइट पर पिछले दिन की कुछ खास खबरें आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं:- 

1. धीरेंद्र शास्त्री के बच्चे वाले बयान पर बोले जूली 'खुद के एक भी नहीं, दुनिया के 4-4 करवा दो!', बेढम का पलटवार

2. विधानसभा में फोटो विवाद पर हंगामा, राजस्व विभाग की बुकलेट पर भाजपा के अध्यक्ष नितिन नवीन की फोटो का मामला

3. क्या जयपुर में कबूतर बन रहे लोगों के लिए खतरा? चौक पर लोग रोजाना खिलाते हैं कबूतरों को दाना