Rajasthan Top News Today LIVE: राजस्थान विधानसभा (Rajasthan Assembly) में जारी बजट सत्र के बीच आज दोपहर 1 बजे मंत्रीमंडल कक्ष में भजनलाल कैबिनेट की अहम बैठक (Rajasthan Cabinet Meeting) आयोजित होने जा रही है. इस मीटिंग में विभिन्न विभागों के प्रस्तावों पर चर्चा के साथ-साथ अहम नीतिगत फैसलों पर मुहर लगने की संभावना है. बैठक में बजट सत्र में सदन में पेश किए जाने वाले कुछ महत्वपूर्ण बिलों का अनुमोदन किया जा सकता है.
वहीं दूसरी ओर, ब्रह्मा की नगरी पुष्कर में चल रही श्री हनुमंत कथा (Shri Hanumant Katha Bageshwar Dham Sarkar) का आज तीसरा और आखिरी दिन है. बीते दो दिनों में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (Bhajanlal Sharma) से लेकर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे (Vasundhara Raje) तक तमाम बड़े नेताओं ने व्यासपीठ पहुंचकर बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (Dhirendra Shastri Katha Live Today) का आर्शीवाद प्राप्त किया है. इस आयोजन का साक्षी बनने के लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंचे हुए हैं.
उधर, पूरे राजस्थान में प्राइवेट बस ऑपरेटरों ने 23 फरवरी की रात 12 बजे से हड़ताल (Rajasthan Bus Strike) कर रखी है. ऑपरेटरों का कहना है कि निजी बसें राज्य में सस्ती परिवहन सेवा का आधार रही हैं, लेकिन RC निलंबन, भारी चालान और एकतरफा FIR से कारोबार चौपट हो रहा है. उन्होंने निलंबित आरसी तत्काल बहाल करने, जिला स्तर पर निरस्तीकरण रोकने और सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों का पालन करने की मांग की है.
राजस्थान की इन सभी बड़ी खबरों पर आज हमारी नजर रहेगी और इनसे जुड़ा पल-पल का अपडेट हम आप तक पहुंचाते रहेंगे.
Here Are The Live Updates of Rajasthan News Today
Rajasthan News LIVE: निठार की पहाड़ियों पर पैंथर का मूवमेंट, ग्रामीणों में दहशत
भरतपुर के निठार गांव की पहाड़ियों पर पैंथर का मूवमेंट देखे जाने के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची है और पैंथर की तलाश में जुट गई है. ग्रामीणों ने वन विभाग से पैंथर को जल्द से जल्द रेस्क्यू करने की मांग की है. गौरतलब है कि इस क्षेत्र में पूर्व में भी पैंथरों का मूवमेंट देखा जा चुका है. सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने ग्रामीणों को वन क्षेत्र की ओर न जाने की सख्त चेतावनी दी है.

Rajasthan News LIVE: बच्चा चोरी की आशंका में महिला पकड़ी, चॉकलेट का लालच देकर बरगलाने का आरोप
प्रतापगढ़ शहर की संत गली में बीती रात बच्चा चोरी की आशंका को लेकर भारी हंगामा हो गया. यहां एक संदिग्ध महिला को स्थानीय लोगों ने पकड़कर कोतवाली पुलिस के हवाले किया है. आरोप है कि महिला बच्चों को चॉकलेट देने के बहाने बरगला रही थी, लेकिन बच्चों के शोर मचाने पर वह भागने लगी, जिसे भीड़ ने दबोच लिया. महिला खुद को निंबाहेड़ा की रहने वाली और भिक्षावृत्ति करने वाली बता रही है, हालांकि उसके साथ दो अन्य व्यक्तियों के होने की भी जानकारी सामने आ रही है. पुलिस फिलहाल महिला से कड़ी पूछताछ कर रही है. गौरतलब है कि 5 दिन पूर्व भी वुडलैंड पार्क के पास एक व्यक्ति को पकड़ा गया था, जो मौके से फरार हो गया था.
Bomb Threat: राजस्थान हाईकोर्ट को फिर बम से उड़ाने की धमकी; 4 महीने में 11वीं बार मेल
राजधानी जयपुर स्थित राजस्थान हाईकोर्ट को एक बार फिर ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है. यह अब तक की 11वीं धमकी है, जिससे न्यायिक हलकों और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है. सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ता (BDS) मौके पर पहुंच गया है और एतिहातन हाईकोर्ट परिसर में व्यापक सर्च अभियान चलाया जा रहा है.
गौरतलब है कि हाईकोर्ट को पहली धमकी गत 31 अक्टूबर को मिली थी, जिसके बाद दिसंबर में 5 बार और फरवरी माह में अब तक 5 बार (6, 17, 19, 20 और आज 25 फरवरी) धमकी मिल चुकी है.

Rajasthan News LIVE: कोटा में निजी बसों की हड़ताल का दूसरा दिन, 500 बसों के पहिये थमे; यात्री बेहाल
कोटा संभाग में निजी बस संचालकों की हड़ताल आज दूसरे दिन भी जारी है. संभाग में करीब 500 बसों का संचालन ठप होने से यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. परिवहन विभाग की 'सख्त' कार्रवाई और भारी जुर्माने के विरोध में शुरू हुई इस हड़ताल के कारण कोटा से जयपुर, उदयपुर और ग्रामीण इलाकों में जाने वाले लोग बसों के इंतजार में भटक रहे हैं. सरकार के साथ वार्ता बेनतीजा रहने के बाद अब चक्काजाम और भी कड़ा होता दिख रहा है.
Rajasthan Top News LIVE: कैलादेवी चैत्र लख्खी मेला 16 मार्च से, कलेक्टर ने कसी तैयारियां
करौली की प्रसिद्ध रियासतकालीन कैलादेवी का चैत्र लख्खी मेला 16 मार्च से शुरू होने जा रहा है. जिला कलेक्टर ने मेले की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं. करौली से कैलादेवी तक के पैदल मार्ग पर विशेष साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा और चल-अचल शौचालयों की व्यवस्था के लिए अधिकारियों को पाबंद किया गया है ताकि लाखों श्रद्धालुओं को असुविधा न हो.
Rajasthan Cabinet Meeting LIVE Updates: कैबिनेट बैठक की घड़ी नजदीक, 'दो बच्चों की बाध्यता' पर हट सकती है रोक!
दोपहर 1 बजे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में कैबिनेट की अहम बैठक शुरू होगी. सूत्रों के अनुसार, सरकार निकाय और पंचायत चुनाव में दो बच्चों की बाध्यता को खत्म करने या उसमें संशोधन करने पर बड़ा फैसला ले सकती है. इसके अलावा उद्योग विभाग के 3 बड़े एजेंडे और ऊर्जा संयंत्रों के लिए भूमि आवंटन पर भी मुहर लग सकती है.
Rajasthan News LIVE: कांग्रेस का किसान सम्मेलन प्लान, PCC में आज डोटासरा-रंधावा की बड़ी बैठक
मार्च में श्रीगंगानगर में होने वाले कांग्रेस किसान सम्मेलन को लेकर आज दोपहर 3:00 बजे पीसीसी मुख्यालय (जयपुर) में महत्वपूर्ण बैठक होगी. प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा की मौजूदगी में होने वाली इस बैठक में श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ के नेताओं सहित सभी जिलाध्यक्षों को बुलाया गया है. किसान सम्मेलन के जरिए कांग्रेस प्रदेश में बड़ा जनसंपर्क अभियान शुरू करने की तैयारी में है.

Rajasthan News LIVE: भाजपा की बड़ी बैठक आज; पंचायत चुनाव और PM मोदी के दौरे पर मंथन
सीकर भाजपा जिला कार्यालय में आज दोपहर 2 बजे अहम बैठक होगी. जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़ की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में पंचायत राज चुनाव 2026 की तैयारियों और 28 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अजमेर दौरे को लेकर रणनीति बनाई जाएगी. जिला संगठन प्रभारी अभिषेक माटोरिया और अनीता गुर्जर पदाधिकारियों को अजमेर सभा में भारी भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी सौंपेंगे.
Rajasthan Assembly LIVE: सदन में आज पेश होगा महत्वपूर्ण विधेयक
राजस्थान विधानसभा की कार्यवाही प्रश्नकाल के साथ शुरू होगी. आज उपमुख्यमंत्री डॉ. पीसी बेरवा के विभागों (उद्योग, PHED, जल संसाधन, ऊर्जा आदि) पर विधायकों के तीखे सवाल होंगे. साथ ही नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा जयपुर, जोधपुर सहित 7 शहरों के विकास प्राधिकरणों का वार्षिक प्रतिवेदन सदन में रखेंगे. आज सदन में 'राजस्थान विक्षुब्ध क्षेत्रों में स्थावर संपत्ति के अंतरण का प्रतिषेध विधेयक, 2026' पेश किया जाएगा. इसके अलावा जैसलमेर में सोलर प्रोजेक्ट के पर्यावरणीय मुद्दों और आना सागर झील की डिसिल्टिंग जैसे ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर भी चर्चा होगी.
Rajasthan Vidhan Sabha LIVE: सैनी समाज का जयपुर कूच, विधानसभा घेराव की तैयारी
दौसा जिले से सैनी समाज के लोग बड़ी संख्या में जयपुर के लिए रवाना हो रहे हैं. करीब 15 बसों और दर्जनों निजी वाहनों में सवार होकर समाज के लोग विधानसभा घेराव के लिए कूच कर रहे हैं. समाज की मुख्य मांगें हैं:-
- 12% आरक्षण की मांग.
- महात्मा ज्योतिबा फुले को भारत रत्न देने की मांग.
- ज्योतिबा फुले बोर्ड को वित्तीय सहायता और बागवानी विकास बोर्ड का गठन.
जयपुर में आज भारी सुरक्षा बल तैनात रहने की संभावना है.

बालोतरा: नया बस स्टैंड पर चल रहे 'कसीनो' पर पुलिस का छापा, संचालक फरार
बालोतरा पुलिस ने देर शाम एक अवैध गेमिंग जोन (कसीनो) पर बड़ी कार्रवाई की है. डीएसपी अनिल पुरोहित के नेतृत्व में नया बस स्टैंड स्थित एक अंडरग्राउंड दुकान पर छापेमारी की गई, जहां से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक कसीनो मशीनें और हिसाब-किताब की डायरियां बरामद हुई हैं. पुलिस की भनक लगते ही संचालक मौके से फरार हो गया. बताया जा रहा है कि यहां गेमिंग के बहाने लोगों से जुआ खिलवाकर उनकी जेबें खाली की जा रही थीं. पुलिस अब फरार संचालक की तलाश और मामले की जांच में जुटी है.

राजसमंद: द्वारकाधीश मंदिर में 'राल महोत्सव' के साथ होलाष्टक शुरू
राजसमंद के कांकरोली स्थित द्वारकाधीश मंदिर में आज से होलाष्टक का आगाज हो गया है. पुष्टिमार्गीय परंपरा के अनुसार यहां अनूठा 'राल महोत्सव' मनाया जा रहा है. मान्यता है कि आज ही के दिन भक्त प्रहलाद को बंदी बनाया गया था. महोत्सव के दौरान जलती मशालों पर 5 आयुर्वेदिक पदार्थों का मिश्रण (राल) फेंका जाता है, जिससे उठने वाला धुआं कफ नाशक और स्वास्थ्यवर्धक माना जाता है. इस रोमांचक दृश्य को देखने देशभर से श्रद्धालु यहां पहुंचे हैं.

Rajasthan News LIVE: सीवरेज के गड्ढे बने 'डेथ ट्रैप', स्कूटी सहित 15 फीट गहरे गड्ढे में गिरा दिव्यांग
गंगापुर सिटी से डराने वाली खबर है. आदर्श नगर से उदेई मोड़ तक चल रहा सीवरेज का काम अब लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है. सड़क पर खोदे गए 10 से 15 फीट गहरे गड्ढों की वजह से कल रात एक बड़ा हादसा हो गया, जहां एक दिव्यांग स्कूटी सवार स्कूटी सहित गहरे गड्ढे में गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गया. स्थानीय लोगों का आरोप है कि न तो प्रशासन मॉनिटरिंग कर रहा है और न ही सीवरेज कंपनी सुरक्षा मानकों का पालन कर रही है.
यह हादसा दिल्ली में बीते दिनों हुए उस हादसे की याद दिलाता है जिसमें एक युवक की बाइक समेत गहरे गड्ढे में गिरने से मौत हो गई थी.

Rajasthan News LIVE: निर्माणाधीन मकान में करंट लगने से युवक की मौत, रिपोर्ट दर्ज
सीकर के तोदी नगर में एक दर्दनाक हादसा हुआ है. निर्माणाधीन मकान में काम करते समय युवक सुभाष को ज़ोरदार करंट लगा. गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक के भाई ने उद्योग नगर थाना इलाके की रानीसती पुलिस चौकी में मामला दर्ज करवाया है.
Rajasthan News LIVE: शातिर महिलाओं ने पावर हाउस से पार की 15 क्विंटल केबल
डीडवाना शहर में चोरों के हौसले बुलंद हैं. पावर हाउस की दीवार फांदकर शातिर महिलाओं के एक गिरोह ने 10 से 15 क्विंटल पुरानी एबी केबल चोरी कर ली. चोरी की यह पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है. बिजली विभाग ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है. यह घटना शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है.
Khatu Mela LIVE: खाटूश्यामजी के फाल्गुन मेले का 5वां दिन, अब तक 10 लाख ने किए दर्शन
बाबा श्याम के वार्षिक फाल्गुन मेले में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है. आज मेले के पांचवें दिन खाटू धाम में 'लक्खी मेले' जैसा माहौल है. प्रशासन के मुताबिक अब तक 10 लाख से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं. रींगस से खाटू तक की पदयात्रा में अद्भुत नजारा दिख रहा है, जहां चारों तरफ श्याम भक्त और निशान नजर आ रहे हैं. खाटू नगरी में इस समय 'कुंभ' जैसा दृश्य बना हुआ है.
Om Birla Bundi Visit LIVE: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का बूंदी दौरा, 466 करोड़ की सौगात देंगे
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला आज अपने संसदीय क्षेत्र बूंदी के दौरे पर रहेंगे. वे डाबी, सिलोर और गरड़दा को 466 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात देंगे. इसमें सबसे महत्वपूर्ण 398 करोड़ की बूंदी-सिलोर सड़क की आधारशिला है. इस दौरे से क्षेत्र के सड़क और आधारभूत ढांचे (Infrastructure) को नई मजबूती मिलेगी.
Baran News LIVE: बारां शहर में आज 6 घंटे बिजली गुल, कई इलाके रहेंगे प्रभावित
बारां शहर के निवासियों के लिए जरूरी सूचना है. झालावाड़ रोड गोदियापुरा फीडर पर नया ट्रांसफार्मर रखने के काम के चलते आज सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली सप्लाई बंद रहेगी. इससे दंडोतिया की बाड़ी, राजीव गांधी कॉलोनी, निगम ऑफिस की गली, सरदार की बाड़ी और आसपास के क्षेत्र प्रभावित रहेंगे. अपना जरूरी काम समय पर निपटा लें.
Rajasthan News LIVE: बारां के जंगलों में कूनो के 'चीता' की दहशत और कौतूहल
बारां जिले से बड़ी खबर है. कूनो नेशनल पार्क का केपी-2 (KP-2) चीता पिछले 12 दिनों से जिले के जंगलों में मूवमेंट कर रहा है. ताजा जानकारी के मुताबिक, चीता अब किशनगंज के रामगढ़ से निकलकर पार्वती नदी पार करते हुए मांगरोल के रेनगढ़ जंगल में पहुंच गया है. वन विभाग की टीम लगातार चीते की निगरानी कर रही है और ग्रामीणों को अलर्ट रहने को कहा गया है.
Rajasthan Top News LIVE: भरतपुर में देवस्थान विभाग के पुजारियों का फूटा गुस्सा
भरतपुर से बड़ी खबर आ रही है. अखिल राजस्थान राज्य देवस्थान विभाग कर्मचारी संघ ने पुजारियों के वेतन को लेकर गंभीर शिकायत की है. पुजारियों का आरोप है कि जनवरी 2026 का वेतन बिल 2 फरवरी को ही विभाग पहुंच गया था, लेकिन अभी तक उनके बैंक खातों में पैसा नहीं आया है. पुजारियों ने विभाग पर 'भोग राशि' का पैसा भी समय पर न देने का आरोप लगाया है.
Rajasthan News LIVE: राजस्थान की बड़ी खबरें और ताजा अपडेट्स
NDTV राजस्थान के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. इस लाइव पेज पर आपको दिन भर की राजस्थान की अहम खबरें मिलेंगी.
कल का लाइव ब्लॉग आप यहां क्लिक कर पढ़ सकते हैं.
हमारी वेबसाइट पर पिछले दिन की कुछ खास खबरें आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं:-
3. क्या जयपुर में कबूतर बन रहे लोगों के लिए खतरा? चौक पर लोग रोजाना खिलाते हैं कबूतरों को दाना