विज्ञापन
8 months ago

Rajasthan News Live Updates, 3 February 2026: राजस्‍थान व‍िधानसभा की कार्यवाही तीन द‍िन बाद आज (3 फरवरी) से फ‍िर शुरू हो गई. सदन में हंगामा होने के आसार हैं. प्रश्न काल के बाद कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और अन्य नेता अपनी बात रखेंगे. जन समस्याओं पर कांग्रेस के विधायक प्रदर्शन करने की भी तैयारी में है. साथ ही केन्द्रीय बजट में राजस्थान को क्या मिला... जैसे मुद्दे उठाएगी, तो सरकार भी आंकड़े गिनाकर जवाब देने की तैयारी में है. 

बीकानेर में 'खेजड़ी बचाओ' महापड़ाव शुरू हो गया है. खेजड़ी को बचाने के लिए हजारों पर्यावरण प्रेमी सड़कों पर उतर आए हैं. बिश्नोई धर्मशाला के सामने आयोजित अनिश्चितकालीन महापड़ाव में स्वामी सच्चिदानंद महाराज ने आमरण अनशन शुरू कर दिया है. उनके साथ 363 पर्यावरण प्रेमी भी अनशन में शामिल हुए हैं. खेजड़ी की कटाई पर तुरंत रोक लगे और वृक्ष संरक्षण के लिए सख्त कानून बनाने की मांग पर अडे हैं. बाड़मेर जिले के शिव विधानसभा से विधायक रविंद्र सिंह भाटी और पूर्व विधायक महेंद्र बिश्नोई सहित कई नेताओं ने इस आंदोलन को अपना समर्थन दिया है.

प्रसिद्ध कथावाचक साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब एक गहरा रहस्य बन चुका है. SIT मामले की जांच में जुटी है. साध्‍वी की मौत के 5 द‍िन भी कारणों का पता नहीं चल सका. एसआईटी हर एंगल से जांच कर रही है. अभी तक लैब र‍िपोर्ट नहीं आई है.  

राजस्थान में ठंड बरकरार है. लगातार दो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के एक्टिव होने से पूरे राज्य में टेम्परेचर में काफी गिरावट आई है. इससे राज्य के  कोटा और चित्तौड़गढ़ समेत कई जिलों में बारिश और ओले गिरे हैं, जिससे किसानों में खड़ी फसलों को नुकसान होने की चिंता बढ़ गई है. सोमवार सुबह से दोपहर तक कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा. इससे सीकर, नागौर, टोंक, कोटपुतली-बहरोड़ और करौली समेत कई जिलों में विजिबिलिटी बहुत कम रही, जिससे रोजाना के काम करने में लोगों को दिक्कतें हुईं. मौसम विभाग ने मंगलवार यानी आज 15 जिलों के लिए बारिश और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है, जिससे जयपुर, अजमेर और भरतपुर डिवीज़न के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और ओले गिरने की उम्मीद है.

लाइव ब्लॉग में पढ़िए पल-पल की अपडेट्स 

Rajasthan Breaking News LIVE: पूर्व विधायक बलजीत यादव को ED ने लिया हिरासत में

जयपुर में प्रवर्तन निदेशालय ने MLA फंड दुरुपयोग मामले में बहरोड़ के पूर्व विधायक बलजीत यादव के गिरफ्तार होने की खबर.  ED की जयपुर क्षेत्रीय इकाई ने यह कार्रवाई ACB की दर्ज प्राथमिकिकी के आधार पर PMLA कानून के तहत की है. पिछले वर्ष ED ने बलजीत यादव और उनके सहयोगियों के ठिकानों पर छापेमारी की थी जिसमें जयपुर में आठ, दौसा और अलवर में एक एक स्थान शामिल था. बलजीत यादव पर सरकारी स्कूलों में घटिया खेल सामग्री की आपूर्ति कर MLA फंड के दुरुपयोग का आरोप है.

Rajasthan Breaking News LIVE: मदन दिलावर ने कहा- कांग्रेस ने किया शिक्षा का बंटाधार

प्रदेश में स्कूली शिक्षा का बंटाधार करने के पूर्व शिक्षा मंत्री और कांग्रेस विधायक गोविंद डोटासरा के आरोपों पर जवाब देते हुए शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि शिक्षा का बंटाधार मौजूदा सरकार में नहीं बल्कि पिछली कांग्रेस सरकार में हुआ था. एनडीटीवी से खास बातचीत में दिलावर ने कहा कि कांग्रेस के राज में शिक्षा के मामले में राजस्थान की रैंकिंग देश भर में 11 वें स्थान पर चली गई थी, जिसमें पिछले दिनों में सुधार हुआ है और अब राजस्थान देश भर में तीसरे नंबर पर है. दिलावर ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए भी लगातार काम हो रहा है. साथ ही जर्जर भवनों को भी दुरुस्त करने पर सरकार ध्यान दे रही है. स्कूलों में टॉयलेट नहीं होने और इसके चलते छात्राओं के लिए आ रही समस्या के सवाल पर दिलावर ने कहा कि प्रदेश में लगातार काम होने के चलते अब केवल 800 स्कूल में टॉयलेट की समस्या रह गई है, जिसे भी जल्द दूर कर लिया जाएगा. विपक्ष की तरफ से मुर्गी खाने और मंदिरों में स्कूल चलाने के आरोपों पर दिलावर ने कहा कि पिछले 2 साल में ही यह सब कुछ थोड़ी हुआ है? उन्होंने कहा कि यह तो कई साल से चला आ रहा है, जिसे मौजूदा सरकार सुधारने पर फोकस कर रही है. 

Rajasthan Breaking News LIVE: पीएम मोदी से मिले लक्ष्यराज सिंह मेवाड़

डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने मंगलवार को सपरिवार भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नई दिल्ली में शिष्टाचार भेंट की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ के बीच संसद भवन में आधे घंटे से भी अधिक समय तक हुई. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ अपनी पत्नी निवृत्ति कुमारी मेवाड़ और बच्चों के साथ प्रधानमंत्री से मिलने पहुंचे. इस दौरान उनके ससुर ओडिशा के उप मुख्यमंत्री कनकवर्धन सिंह देव, पत्नी सांसद संगीता कुमारी सिंह देव भी मौजूद रहे.

Rajasthan Breaking News LIVE: दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार अध्यापक की मौत

करौली नादौती के गुढ़ाचंद्रजी-रायसना सड़क मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार अध्यापक की मौत हो गई. डंपर की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए अध्यापक को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतक अध्यापक की पहचान रमेश चंद्र शर्मा उम्र 55 साल निवासी सुकार थाना वामनवास के रूप में हुई है.

Rajasthan Breaking News LIVE: टी पॉइंट पर अफीम दूध का सेवन करते युवक गिरफ्तार

बाड़मेर पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा के निर्देशन में मंगलवार को कालीका पेट्रोलिंग टीम ने बाड़मेर शहर के ऑफिसर कॉलोनी स्थित मालानी टी पॉइंट व दूध डेयरी पर दबिश अफीम के दूध का सेवन करने वाले एक युवक केशा राम निवासी सियागों का तला बीजराड़ को दस्तयाब किया। इसके बाद कोतवाली थाना पुलिस पर डीएसटी टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से अफीम का दूध बरामद हुआ उसके बाद पुलिस युवक थाने लेकर पहुंची जहां उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया.

Rajasthan Breaking News LIVE: नागौर विस्फोटक मामले में बड़ा खुलासा

नागौर में 10 टन विस्फोटक मिलने के मामले में SIT ने बड़ा खुलासा किया है. आरोपी सुलेमान खान को विस्फोटक सप्लाई करने वाले 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. एसआईटी ने चारों सप्लायरों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है.  थांवला थाना अधिकारी अशोक कुमार ने फोन पर जानकारी देते हुए बताया कि एक आरोपी लाइसेंस सरेंडर करने के बाद दो साल से नर्सिंगकर्मी की नौकरी करते हुए अवैध सप्लाई कर रहा था. वहीं तीन लाइसेंस धारक रिकॉर्ड में हेराफेरी कर अमोनियम नाइट्रेट को बेच रहे थे.

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

Rajasthan Breaking News LIVE: विधानसभा 4 फरवरी 11 बजे तक के लिए स्थगित

राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र में सोमवार को कई मुद्दों पर पक्ष और विपक्ष के बीच बहस हुई. वहीं सदन में हंगामा भी देखने को मिला. अब विधानसभा की कार्यवाही 4 फरवरी को 11 बजे से फिर शुरू होगा. 

Rajasthan Breaking News LIVE: हाथों में जंजीरें, सड़क में आक्रोश, UGC नियमों के खिलाफ बूंदी में विरोध

बूंदी में उच्च शिक्षण संस्थानों में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) की नई गाइडलाइन के विरोध में सवर्ण समाज संघर्ष समिति के आह्वान पर जोरदार प्रदर्शन किया गया. दोपहर के समय बड़ी संख्या में समाज के लोग एकत्र हुए और UGC के नए नियमों को “काला कानून” बताते हुए रैली निकाली. प्रदर्शन में महिलाएं हाथों में मांगों से संबंधित नारे लिखी तख्तियां लेकर शामिल हुईं, जबकि पुरुषों ने प्रतीकात्मक विरोध स्वरूप हाथों में जंजीरें पहन रखी थीं.  प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने करीब एक घंटे तक सड़क पर धरना दिया. धरने के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और प्रधानमंत्री के नाम जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा को ज्ञापन सौंपा.

Rajasthan Breaking News LIVE: कांग्रेस सरकार में नहीं हुई बिजली आपूर्ती- हीरालाल नागर

ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर ने विधानसभा में कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में समय पर बिजली आपूर्ति नहीं हो पाई. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले पांच वर्षों में एक भी नया बिजली संयंत्र स्थापित नहीं किया गया, जिससे ऊर्जा क्षेत्र में भारी अव्यवस्था पैदा हो गई. उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार केंद्र सरकार के सहयोग से बिजली की खरीद कर अस्थायी व्यवस्था के जरिए हालात सुधार रही है, लेकिन सरकार की मंशा केवल अस्थायी नहीं बल्कि स्थायी समाधान की है. इसी दिशा में 800 मेगावाट की चार नई इकाइयों की योजना पर काम किया जा रहा है.

Rajasthan Breaking News LIVE: बजट पेश करने से पहले होगी भजनलाल सरकार की कैबिनेट बैठक

बजट पेश करने से पहले भजनलाल सरकार की कैबिनेट बैठक होने वाली है. यह कैबिनेट बैठक शुक्रवार 6 फरवरी को शाम 5 बजे CMO में होने वाली है. वहीं कैबिनेट बैठक के बाद मंत्रिपरिषद की भी बैठक की जाएगी. इन बैठकों की अध्यक्षता सीएम भजनलाल शर्मा करेंगे.

Rajasthan Breaking News LIVE: चांदी के लिए महिला का काटा पैर फिर कर दी हत्या

राजस्थान के सवाई माधोपुर के बौंली थाना क्षेत्र में एक महिला की निर्मम हत्या कर दी गई. वहीं अज्ञात लोग पैर काट कर चांदी की कड़ियां ले गए. वहीं महिला की गला रेत कर हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि कोड्याई गांव की रहने वाली महिला जंगल में बकरियां चराने के लिए गई थी, जहां कमला देवी की हत्या कर दी गई और चांदी की कड़ियां पैर काट कर निकाल ली गई. इस घटना के बाद ग्रामीणों में काफी आक्रोश है.

Rajasthan Breaking News LIVE: झालावाड़ में जल्द शुरू होगी टाइगर सफारी

झालावाड़ जिले के लिए पर्यटन और रोजगार की दृष्टि से बड़ी खुशखबरी सामने आ रही है. मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व परियोजना के तहत जल्द ही टाइगर सफारी की शुरुआत होने जा रही है. अधिकारियों की तैयारियों के अनुसार मार्च महीने में झालावाड़ के नौलाव क्षेत्र से सफारी का प्रवेश द्वार आमजन के लिए खोल दिया जाएगा.

Rajasthan Breaking News LIVE: अलवर में 260 पटवारियों का प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी

अलवर जिला पटवार संघ के बैनर तले जिले के पटवारियों का मिनी सचिवालय के बाहर दूसरे दिन भी धरना लगातार जारी रहा पटवारियों ने निलंबित पटवारी करण सिंह चौधरी के समर्थन में दो दिन से कार्य बहिष्कार करते हुए सामूहिक हड़ताल शुरू कर दी है. जिले के सभी 260 पटवारी इस आंदोलन में शामिल हैं जिससे राजस्व से जुड़े कार्य प्रभावित हो रहे है. ऐसे में पटवार संघ की तरफ से मंगलवार को पटवारियों का एक प्रतिनिधि मंडल वार्ता के लिए जिला कलेक्टर के पास पहुंचा. काफी देर तक वार्ता भी चली जिस पर जिला कलक्टर ने कहा इस मामले को दिखवाकर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी.

Rajasthan Breaking News LIVE: सीबीएसई ने जारी की 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा की एडमिट कार्ड

सीबीएसई ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के लिए एडमिट जारी कर दिया है. हालांकि इस एडमिट कार्ड को छात्र खुद डाउनलोड नहीं कर सकते हैं. अगर वह इसे डाउनलोड कर भी लें तो उन्हें परीक्षा केंद्र में उस एडमिट कार्ड से प्रवेश नहीं मिलेगा.
पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

Rajasthan Breaking News LIVE: साध्वी प्रेम बाईसा की मौत के मामले में हो रही गहन जांच

जोधपुर में साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस की जांच लगातार आगे बढ़ रही है. इस प्रकरण की जांच कर रही एसआईटी की छवि शर्मा ने अब तक 10–11 से अधिक लोगों से पूछताछ की है. अलग-अलग व्यक्तियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है. साध्वी की तबीयत बिगड़ने के बाद जिस अस्पताल में उन्हें ले जाया गया था, वहां भी गहन जांच-पड़ताल की गई है. पुलिस साध्वी के पिता द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर भी पूरे मामले की जांच कर रही है.

Rajasthan Breaking News LIVE: प्रदेश के सभी राशन दुकानों के तराजू का होगा वैरिफिकेशन

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने प्रदेश की सभी राशन दुकानों पर तौलन यंत्रों के सत्यापन के लिए विशेष अभियान की घोषणा की है. बताया जा रहा है कि यह अभियान 4 फरवरी (बुधवार) से शुरू किया जाएगा. मंत्री ने विधिक माप-विज्ञान अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक में निर्देश दिए कि प्रदेश के लगभग 4.40 करोड़ एनएफएसए लाभार्थियों को उनके हक का पूरा राशन सुनिश्चित किया जाए.

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

Rajasthan Breaking News LIVE: अवैध खनन से मकानों में दरार जमींदोज हुई बावड़ी

सवाई माधोपुर जिले की मित्रपुरा तहसील के गुगडोद गांव की पहाड़ी पर संचालित पत्थर खनन लीज धारक द्वारा गांव की पहाड़ी पर गोचर भूमि में लगातार अवैध खनन किया जा रहा है. इतना ही नहीं लीज धारक द्वारा पत्थर तोड़ने के लिये अवैध रूप से पहाड़ी पर ब्लास्टिंग की जा रही है, गांव के नजदीक पहाड़ी पर ब्लास्टिंग होने से गुगडोद गांव के कई कच्चे पक्के मकानों में दरारें आ गई. वहीं अवैध बलास्टिंग के चलते हालही में गांव में स्थित एक पुरानी बावड़ी जमींदोज हो गई.

Rajasthan Breaking News LIVE: स्कूल में मानसिक प्रताड़ित होने के बाद छात्रा ने पीया फिनाइल

अजमेर में निजी स्कूल में पढ़ने वाली कक्षा दसवीं की छात्रा ने स्कूल प्रशासन पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाते हुए एक भावुक माफ़ीनामा लिखकर विषाक्त पदार्थ फिनायल का सेवन कर लिया. छात्रा की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे तुरंत जवाहरलाल नेहरू अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है. छात्रा द्वारा लिखे गए माफ़ीनामे में उसने मां और भाई से माफ़ी मांगते हुए स्कूल के माहौल को अपने लिए असहनीय बताया है.

पाली में कुआं ढहने से 4 लोग म‍िट्टी में दबे, 2 लोगों की मौत

पाली के चंडावल थाना क्षेत्र में कुआं ढहने से 4 लोग मिट्टी में दब गए, जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए. घायलों का सोजत अस्पताल में इलाज चल रहा है. ट्यूबवेल से सूखे कुएं तक पाइप लाइन बिछाकर जल स्तर बढ़ाने का काम कर रहे थे, तभी कुआं ढह गया. लोगों ने तत्परत से हाथों और फावड़ों से मिट्टी हटाकर दो लोगों को तो बचा लिया, लेकिन दो की जान चली गई. चंडावल थाना क्षेत्र के बावरियों की ढाणी का मामला है. सीओ सोजत रतन देवासी मौके पर मौजूद हैं.

कांग्रेस नेता ने साध्‍वी मौत की जांच सीबीआई से कराने की मांग की

जोधपुर की साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध मृत्यु को लेकर कांग्रेस नेता हरीश चौधरी ने राज्य सरकार से निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है.  हरीश चौधरी ने कहा कि प्रेम बाईसा की मौत बेहद दुखद है, और इस मामले में किसी भी स्तर पर दबाव या प्रताड़ना स्वीकार नहीं की जा सकती. उन्होंने सरकार से अपील की कि यदि वह खुद को सक्षम मानती है तो पूरे प्रकरण की जांच सीबीआई से करवाई जाए, ज‍िससे सच्चाई बिना किसी संदेह के सामने आ सके. 

अजमेर में वकील अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार किया

अजमेर जिला बार एसोसिएशन की नवगठित कार्यकारिणी और जिले के समस्त अधिवक्ताओं की एक साधारण सभा आज जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर, नए न्यायालय भवन में आयोजित की गई. सभा में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने भाग लिया, और नए न्यायालय भवन में मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर गहरा रोष जताया. अधिवक्ताओं का कहना है कि नए भवन में स्थानांतरण के बाद न्यायिक कार्य सुचारू रूप से संचालित करने में गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे न केवल अधिवक्ताओं बल्कि आम वादकारियों को भी परेशानी हो रही है. 

बूंदी में निर्माणाधीन मकान की छत गिरी, मलबे में दबी बुजुर्ग महिला

बूंदी शहर के रेगर मोहल्ले में एक बड़ा हादसा हो गया, जहां निर्माणाधीन मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई.  इस हादसे में मलबे के नीचे दबने से एक बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई, और आसपास के लोग दहशत में आ गए. घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में कोटा रेफर किया गया है. 

खेजड़ी बचाओ महापड़ाव में 363 लोग अनशन पर बैठे

खेजड़ी संरक्षण के ल‍िए कानून बनाने की मांग के साथ शुरू हुआ खेजड़ी बचाओ महापड़ाव आज दूसरे दिन भी जारी है. महापड़ाव स्थल विश्नोई धर्मशाला के बाहर मंगलवार सुबह से ही पर्यावरण प्रेमियों का जुटना शुरू हो गया, जो देखते ही देखते हजारों की संख्या में तब्दील हो गया.  सुबह गुरु जंभेश्वर भगवान की विधिवत पूजा-अर्चना के बाद 363 लोगों ने अनशन प्रारंभ किया. महापड़ाव में संत-महात्माओं के साथ महिलाएं भी शाम‍िल हैं. 

विधानसभा की कार्यवाही स्थगित, दोपहर 2 बजे फिर शुरू होगी सदन

विधानसभा की कार्यवाही लंच ब्रेक के लिए स्थगित हो गई. दोपहर 2 बजे फिर शुरू होगी. विधानसभा से उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा गैर हाजिर थे. नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सदन में मुद्दा उठाया. शून्य काल के दौरान अधिसूचनाएं और वार्षिक प्रतिवेदन रखी जा रही थी. इसी दौरान डिप्टी सीएम डॉ प्रेमचंद बैरवा का नाम आया. राजस्थान टेक्निकल यूनिवर्सिटी की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट सदन की मेज पर रखनी थी, लेकिन सदन में डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा मौजूद नहीं थे. संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल प्रतिवेदन रखने लगे तो इसी बीच नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने मुद्दा उठा दिया. 

उन्होंने कहा क‍ि अध्यक्ष जी, क्या मजाक लगा रखी है? सदन चल रहा है, और मंत्री वार्षिक प्रतिवेदन रखने के लिए मौजूद नहीं है. जूली ने कहा क‍ि मंत्री सदन से गायब हैं. इस पर संसदीय कार्य मंत्री ने कहा, मैं वार्षिक प्रतिवेदन रख दे रहा हूं.  इसी बीच सदन में  डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा दौड़ते हुए अपनी सीट पर आए. डिप्टी सीएम ने टेक्निकल यूनिवर्सिटी का वार्षिक प्रतिवेदन रखा. इसके साथ ही स्पीकर वासुदेव देवनानी ने मंत्रियों को चेताया. कहा क‍ि सदन में जब उनकी बोलने की बारी आए, तो जरूर मौजूद रहें. 

रींगस में UGC के विरोध में प्रदर्शन, जमकर नारेबाजी की

रींगस में यूजीसी के विरोध में करणी सेना,राष्ट्रीय परशुराम सेना सर्व ब्राह्मण महासभा और अन्य संगठनों के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया. कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए उपखंड कार्यालय पहुंचे. उपखंड अधिकारी बृजेश गुप्ता को राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा. 

अजमेर में साढ़े 8 लाख की साइबर ठगी, मामला दर्ज

अजमेर के क्रिश्चियनगंज थाना क्षेत्र के वैशाली नगर निवासी हितेश कुमार साहू के साथ निवेश के नाम पर 8 लाख 50 हजार लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया. हितेश कुमार साहू पुत्र तिलोकचंद साहू ने साइबर अपराध थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर शातिर ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. 

कोटा में सब्जी विक्रेता से लूट के प्रयास

कोटा में सब्जी विक्रेता से लूट के प्रयास किया, लेकिन असफल हो गए. कोटा के 80 फीट रोड पर बाइक सवार दो बदमाश आए. लूट का प्रयास किया.  मॉर्निंग वॉक पर जा रहे डॉक्टर  अन्य राहगीर पहुंचे तो बदमाश फरार हो गए. एमबीएस अस्पताल में तैनात ईएनटी रोग विशेषज्ञ डॉ. समेन्द्र मीना ने बताया कि हम लोग पहुंचे तो बदमाश बाइक से फरार हो गए.  

जयपुर में पंडित गैंग ने की फायरिंग, पैसों को लेकर विवाद

जयपुर के आरजे 21 कैफे पर पंडित गैंग ने आपसी रंजिश और पैसों के विवाद में फायरिंंग की, जिसमें ऋतिक बाल-बाल बच गए. अशोक डागर, रवि पंडित, शशांक और उसके साथियों पर गोली चलाने का आरोप है. पीड़ित ने भागकर जान बचाई. शिप्रा पथ पुलिस जांच कर रही है. 

राजस्थान विधानसभा की कार्यवाही शुरू, कफ सिरप से बच्चों की मौत का मुद्दा उठाया

राजस्थान विधानसभा की कार्यवाही शुरू हो गई. विधानसभा में कफ स‍िरप से बच्‍चों की मौत का मामला उठा. चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने कहा क‍ि दवाई की वजह से बच्चों की मौत नहीं हुई. बच्चों के परिजनों की तरफ से ओवरडोज देने के चलते मौत हुई. नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने दखल देते हुए कहा क‍ि दवाई तो पहले से चलती आ रही है, लेकिन मध्य प्रदेश में भी दवाई भेजी गई और वहां भी बच्चों की मौत हुई. इस पर चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह ने कहा क‍ि किसी भी सरकारी अस्पताल के डॉक्टर की तरफ से प्रिस्क्रिप्शन पर यह दवाई बच्चों को नहीं लिखी गई . 

कोटा के नयापुरा मुक्तिधाम से फिर अस्थियां चोरी

कोटा के नयापुरा मुक्तिधाम से फिर अस्थियां चोरी हो गईं. ब्रजराज कॉलोनी निवासी शंभू दयाल 73 वर्ष की बीमारी के चलते रविवार को मौत हो गई थी. आज तीसरे की रस्म करने परिजन मुक्तिधाम पहुंचे तो अस्थियां नहीं मिलींं. परिजनों ने आक्रोश जताया. निगम प्रशासन ने मुक्तिधाम में दो चौकीदारों की भी नियुक्ति की है. इसके बाद भी अस्थियां चोरी हो रही हैं. 

चांदी के दाम में फिर होने लगी तेजी, 17 हजार रुपए से ज्यादा की आज बढ़ोतरी

चांदी के दाम में फिर होने लगी तेजी, 17 हजार रुपए से ज्यादा की आज बढ़ोतरी हुई. 2 लाख 54 हजार किलोग्राम चांदी हो गया. फिलहाल सोने के भाव में कोई अंतर नहीं. सोना 1 लाख 41 हजार 693 रुपए प्रति ग्राम है. 

पुष्‍कर में इजरायल व‍िरोधी स्ट‍िकर लगाना व‍िदेशी टूर‍िस्‍ट को पड़ा महंगा, देश छोड़ने के न‍िर्देश

अजमेर ज़िले के पुष्कर क्षेत्र में 21 जनवरी को अलग-अलग सार्वजनिक स्थानों पर फिलिस्तीन के समर्थन और इजरायल के विरोध से जुड़े छोटे-छोटे स्टिकर लगाए जाने की सूचना प्रशासन को मिली. खुफिया तंत्र को यह जानकारी मिली कि स्टिकर लगाने में एक विदेशी नागरिक और उसकी महिला मित्र शामिल हैं. सूचना पर खुफिया विभाग ने सक्रियता दिखाते हुए संबंधित इलाकों की निगरानी शुरू की, और सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर संदिग्धों की पहचान की. जांच में सामने आया कि ब्रिटिश नागरिक लेविस अपनी महिला मित्र अनेशी के साथ टूरिस्ट वीज़ा पर भारत आया हुआ था, और पुष्कर में ठहरा हुआ था. उसे नोट‍िस जारी क‍िया है, और देश छोड़ने को न‍िर्देश द‍िए गए हैं. 

करौली में बदला मौसम का म‍िजाल, चल रही शीतलहर

करौली जिले में मौसम का मिजाज बदल गया. जिले के कई क्षेत्रों में मावट के बाद फिर से सर्दी का एहसास दिखा.  मौसम विभाग के अनुसार, धुंध वाली धूप रहने के आसार हैं. 13 से 23 डिग्री के करीब तापमान र‍िकॉर्ड क‍िया गया. सुबह से सूर्य भगवान के दर्शन नहीं हुए. बच्चों और बुजुर्गों को सर्दी की ठिठुरन ने परेशानी बढ़ाई.  कल सुबह से ही हल्की हल्की शीतलहर चल रही है. 

उदयपुर के डबोक थाना क्षेत्र के बाथेड़ा को सराय गांव में एक घर में तोड़फोड़, आगजनी और चोरी का गंभीर मामला सामने आ आया है. मकान मालिक महेंद्र कालबेलिया ने थाने में रिपोर्ट दी. रिपोर्ट में बताया कि नानी की तबियत खराब होने के कारण परिवार का सदस्य पास में मावली गए थे. रात को पड़ोसियों का कॉल आया तो घर पर आगजनी की घटना हुई. मौके पर पहुंचे लोगों की मदद से आग बुझाई, लेकिन घर में रखे महंगे सामान जल गए. कुछ लोग रात करीब 12 बजे धारदार हथियार लेकर घर पर आए. उन्होंने तोड़फोड़ की, और सोने-चांदी के जेवर लिया. फिर घर में आग लगाकर फरार हो गए. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है.

अलवर के कठूमर पंचायत समिति की प्रधान संगम धरने पर बैठीं

अलवर के कठूमर पंचायत समिति की प्रधान संगम चौधरी जिला परिषद के बाहर धरने पर बैठ गईं.  इस बार उनके साथ भाजपा समर्थक भी मौजूद रहे. धरने के दौरान संगम चौधरी ने सीधे तौर पर कठूमर विधायक रमेश खींची पर आरोप लगाया कि वे उन्हें कार्यभार ज्वाइन नहीं करने दे रहे हैं.  जिला प्रमुख बलवीर सिंह छिल्लर ने जिला परिषद के सीईओ और कठूमर प्रधान के साथ वार्ता की.  जिला प्रमुख ने आश्वासन दिया कि मामले पर तीन दिन के भीतर उचित कार्रवाई की जाएगी और सभी पक्षों की बात सुनकर समाधान निकाला जाएगा. 

भरतपुर में 3 बीघा जंगल साफ, 159 हरे पेड़ काटे गए; दो वनकर्मी सस्पेंड

भरतपुर के बयाना उपखंड के गांव नया नगला में फॉरेस्ट एरिया में बड़े पैमाने पर अवैध कटाई का मामला सामने आया. करीब 3 बीघा वन भूमि से 159 हरे पेड़ों को काट द‍िया गया. आरा मशीनों से राज्य वृक्ष खेजड़ी सहित अन्य कीमती प्रजातियों के पेड़ काटे गए हैं. उन्हें पिकअप वाहनों में भरकर ले गए. सहायक वनपाल कुंवर सिंह और वनरक्षक नीरज कुमार को सस्पेंड कर दिया है. 

यूजीसी के विरोध में सवर्ण समाज का प्रदर्शन आज

सीकर के श्रीमाधोपुर में यूजीसी के विरोध में सवर्ण समाज का आज प्रदर्शन है. आज दोपहर 3 बजे नौलखा कोठी से उपखंड कार्यालय तक आक्रोश रैली निकाली जाएगी. रैली में राजपूत, ब्राह्मण, महाजन सहित सवर्ण समाज के लोग शामिल होंगे. प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम एसडीएम को मांगों का ज्ञापन सौंपा जाएगा.  

डूंगरपुर में 2 बाइक की टक्कर में एक बाइक सवार की मौत, 2 युवक घायल

डूंगरपुर जिले के दोवड़ा थाना क्षेत्र के देवसोमनाथ गांव के पास सोमवार रात दो बाइक की टक्कर हो गई. हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार 2 युवक गंभीर घायल हो गए. घायलों को डूंगरपुर जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. 

मुख्यमंत्री आज विधानसभा में विधायक दल की बैठक में शामिल होंगे

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार सुबह 09:50 बजे मुख्यमंत्री आवास से विधानसभा के लिए रवाना होंगे. इसके बाद, सुबह 10:00 बजे वे विधानसभा परिसर में आयोजित भाजपा विधायक दल की बैठक में शामिल होंगे. बैठक के बाद, सीएम सुबह 11:00 बजे मुख्यमंत्री विधानसभा से प्रस्थान कर सांगानेर स्थित बीलवा सत्संग केंद्र पहुंचेंगे. यहां सुबह 11:30 बजे वे राधा स्वामी सत्संग ब्यास के आध्यात्मिक प्रमुख बाबाजी गुरिन्दर सिंह जी एवं हजूर जसदीप सिंह गिल जी से शिष्टाचार भेंट करेंगे. यह कार्यक्रम टोंक रोड स्थित राधा स्वामी सत्संग ब्यास के बीलवा केंद्र पर संपन्न होगा.

बीजेपी प्रदेश महामंत्री खाटूश्यामजी और सालासर बालाजी का करेंगे दर्शन

(भाजपा प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी की आज देव दर्शन यात्रा करेंगे.  दर्शन कर प्रदेश के विकास और खुशहाली की कामना करेंगे. भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश महामंत्री का जयपुर से लेकर सालासर तक जगह-जगह भव्य स्वागत करेंगे.  सीकर के सैनी मंदिर में सैनी समाज की ओर से होगी स्वागत सभा रखा गया है. सीकर भाजपा जिला कार्यालय में भी भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी का भव्य स्वागत करेंगे. 

बाड़मेर पुल‍िस का गजब कारनामा, मृत मह‍िला का नाम FIR में डाल द‍िया; हंगामा

पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर जिले के धनाऊ थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट में पुलिस की जांच पर सवाल खड़े कर दिए हैं.  इस घटना में एक पक्ष की शिकायत पर दूसरे पक्ष के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित गंभीर धाराओं में FIR दर्ज की गई, लेकिन उसमे चौंकाने वाली बात यह रही कि FIR में शामिल एक बुजुर्ग महिला का नाम शामिल था, जिनकी मृत्यु 2018 में हो चुकी है.

धौलपुर में लेपर्ड मादा शावक के साथ दिखी, वन्यजीवों का बढ़ रहा कुनवा

धौलपुर के सरमथुरा उपखंड क्षेत्र में सोमवार देर रात डोमई गांव के पास एक लेपर्ड मादा अपने शावक के साथ दिखाई दी है. शावक और मादा लेपर्ड का जंगल का वीडियो किसी राहगीर ने मोबाईल में कैद किया है. घटना के बाद इलाके में कौतूहल का माहौल है. 

पूरी स्टोरी पढ़ें
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com