विज्ञापन

राजस्थान के निकायों में किस जाति से होगा मेयर-सभापति? 13 अगस्त को लॉटरी से होगा फैसला

निकाय-पंचायत चुनाव से संबंधित लॉटरी प्रक्रिया के बाद कई दावेदारों की किस्मत का फैसला होगा. सीट आरक्षित होने के बाद ही प्रत्याशियों और टिकट की रणनीति का फैसला होगा.

राजस्थान के निकायों में किस जाति से होगा मेयर-सभापति? 13 अगस्त को लॉटरी से होगा फैसला
राजस्थान में 13 अगस्त को महापौर, सभापति और चेयरमैन पदों की लॉटरी निकाली जाएगी.

राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव की तस्वीर अब धीरे-धीरे साफ होने लगी है. प्रदेश के 309 नगरीय निकायों के महापौर, सभापति और चेयरमैन पदों के आरक्षण की लॉटरी निकाले जाने की तैयारी है. 13 अगस्त को सुबह 10.30 बजे जयपुर स्थित स्वायत्त शासन निदेशालय के सभागार में लॉटरी निकाली जाएगी. इसी दिन पंचायती राज संस्थाओं के 41 जिला प्रमुखों के आरक्षण की लॉटरी भी प्रस्तावित है. 

10 हजार से ज्यादा वार्ड की तस्वीर साफ नहीं

इसके बाद यह साफ हो जाएगा कि किस नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिका में प्रमुख का पद किस वर्ग के लिए आरक्षित होगा. सरकार ने लॉटरी की सूचना प्रदेश के प्रमुख राजनीतिक दलों को भी भेज दी है. निकाय प्रमुखों के आरक्षण की तारीख तय होने के बावजूद 10 हजार 245 वार्डों के आरक्षण की लॉटरी को लेकर अभी तस्वीर साफ नहीं है. 

इन जिलों में 15 अगस्त के बाद लॉटरी?

बीकानेर, अलवर, जयपुर, उदयपुर और झुंझुनूं के कलेक्टरों ने सरकार को पत्र भेजकर 15 अगस्त के बाद वार्ड आरक्षण की लॉटरी कराने का आग्रह किया है. कलेक्टरों का तर्क है कि स्वतंत्रता दिवस से जुड़े कार्यक्रमों और अन्य सरकारी आयोजनों के चलते प्रशासनिक अमला व्यस्त रहेगा. सरकार के स्तर पर इस प्रस्ताव को लेकर मंथन चल रहा है. हालांकि वार्ड आरक्षण की नई तारीख पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है.

यह भी पढ़ेंः राजस्थान में 183 RAS अधिकारियों के ट्रांसफर, प्रशासनिक महकमे में बड़ा फेरबदल

राजस्थान के 41 जिलों में होने वाले निकाय चुनाव में फलोदी और सलूंबर ऐसे जिले होंगे, जहां जिले के सभी नगरीय निकायों के चुनाव एक ही चरण में कराए जाएंगे. बाकी 39 जिलों में चुनाव दो चरणों में कराने की तैयारी है. वहीं, अगर वार्डों की लॉटरी में देरी हुई तो इसका असर आगे की चुनावी प्रक्रिया पर पड़ सकता है. आरक्षण की स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही संभावित प्रत्याशी अपनी सीट और टिकट को लेकर रणनीति तय कर सकेंगे. 

22 अगस्त को जारी हो सकती है अधिसूचना

मौजूदा चुनावी कार्यक्रम के अनुसार, 22 अगस्त को निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी किए जाने की तैयारी है. 27 अगस्त तक नामांकन, 29 अगस्त को नामांकन पत्रों की जांच और 31 अगस्त तक नाम वापसी का कार्यक्रम प्रस्तावित है. निकाय चुनाव दो चरणों में कराने की तैयारी है. पहले चरण में 140 नगर निकायों के 5050 वार्डों में मतदान कराया जाएगा, जबकि दूसरे चरण में 169 नगर निकायों के 5,195 वार्डों में वोटिंग होगी. मतदान 6 और 9 सितंबर को कराने की तैयारी है. मतगणना 11 सितंबर को प्रस्तावित है.

कई नेताओं की तकदीर तय होगी

निकाय चुनाव के लिए करीब 18 हजार मतदान केंद्र बनाए जाने प्रस्तावित हैं. नगर निकाय सदस्यों के चुनाव में ईवीएम से मतदान कराया जाएगा. निकाय प्रमुखों की आरक्षण लॉटरी सिर्फ पदों का आरक्षण तय नहीं करेगी, बल्कि कई दावेदारों की राजनीतिक रणनीति भी बदल देगी. जिस निकाय का प्रमुख पद जिस वर्ग के लिए आरक्षित होगा, उसी के हिसाब से राजनीतिक दल टिकट के लिए नए चेहरे तलाशेंगे. इसके बाद वार्ड आरक्षण की लॉटरी पर नजर रहेगी. वार्डों का आरक्षण तय होते ही संभावित पार्षद प्रत्याशियों की दावेदारी और स्थानीय राजनीतिक समीकरण भी तेजी से बदलने की संभावना है.

यह भी पढ़ेःं 137 कंपनियों में से 107 निकलीं फर्जी! 547 करोड़ का कारोबार टैक्स चोरी के घेरे में

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close