विज्ञापन
This Article is From Oct 01, 2023

Petrol Pump Strike in Rajasthan: आज नहीं होगी पेट्रोल-डीजल की बिक्री, राजस्थान में 12 घंटे की हड़ताल पर गए पंप संचालक

राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन जयपुर ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर आज शाम 6 बजे तक हमारी मांगे पूरी नहीं की जाती हैं तो सभी पेट्रोल-पंप संचालक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे.

Petrol Pump Strike in Rajasthan: आज नहीं होगी पेट्रोल-डीजल की बिक्री, राजस्थान में 12 घंटे की हड़ताल पर गए पंप संचालक
प्रतीकात्मक तस्वीर.

Rajasthan News: राजस्थान के किसी भी पेट्रोल पंप पर आज पेट्रोल-डीजल नहीं मिल पाएगा. राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन जयपुर के आह्वान पर राजस्थान के सभी पेट्रोल-पंप संचालक हड़ताल पर चले गए हैं. ये हड़ताल रविवार सुबह 6 बजे शुरू हो गई है और आज शाम 6 बजे तक चलने वाली है. एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि अगर आज भी हमारी मांगे नहीं मानी जाती हैं और 2 अक्टूबर से राजस्थान के सभी पेट्रोल-पंप संचालक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे. इस दौरान कोई भी पंप संचालक न तो पेट्रोल-डीजल खरीदेगा, और न ही उसे आगे किसी को बेचेगा.

सरकार ने मांगा ने 10 दिन का समय

बीते शनिवार को भी राजस्थान के सभी पंप संचालकों ने ऐसी ही एक हड़ताल करते हुए रात 8 बजे से रात 10 बजे के लिए पेट्रोल-डीजल की सप्लाई बंद कर दी थी, जिस कारण आम जनता को कई तरह की दिक्कतों को सामना करना पड़ा था. हालांकि ऐसा पहली बार नहीं था. सितंबर महीने की शुरुआत में भी सभी पेट्रोल पंप संचालक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए थे, जिसके बाद  प्रदेश में हड़कंप जैसी स्थिति देखने को मिली थी. उस वक्त आनन फानन में मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठकर करके 3 मांगों पर सहमति जताई थी, और हाईलेवल कमेटी से स्टडी कराने के लिए 10 दिनों की मांग की थी. लेकिन समय पूरा होने पर भी जब कोई जवाब नहीं आया तो हड़ताल वापस शुरू हो गई.

पंप संचालकों की मांगे क्या हैं?

राजस्थान में पेट्रोल-डीजल पर वैट पड़ोसी राज्यों के मुकाबले काफी अधिक है. इस कारण पूरे देश में सबसे महंगा पेट्रोल-डीजल राजस्थान में मिलता है. पंजाब के मुकाबले श्रीगंगानगर में पेट्रोल करीब 14 रुपये प्रति लीटर महंगा है. जबकि डीजल के दामों में भी पंजाब के मुकाबले 10 रुपये प्रति लीटर का अंतर है. ऐसे में आम लोगों के साथ-साथ पंप संचालकों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ता है. मंत्री खाचरियावास ने बातचीत में पेट्रोल-डीजल को जीएसटी में शामिल करना, पेट्रोल पंप संचालकों का कमीशन बढ़ाया जाना, हनुमानगढ़ और गंगानगर में पेपर डिपो खोला जाना, इन तीन मांगों पर सहमति बनी थी. लेकिन सरकार ने समय पूरा होने के बाद भी कोई जवाब नहीं दिया. ऐसे में राजस्थान के पेट्रोल पंप संचालकों ने आज सांकेतिक हड़ताल की है. उनका कहना है कि अगर सरकार उनकी मांगे नहीं मानती है तो कल से अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com