विज्ञापन

मानसून के लिए अभी 3 दिन और करना होगा इंतजार, राजस्थान में भीषण गर्मी ने सताया, आज 32 जिलों में बारिश का अलर्ट

राजस्थान के कई जिलों में पारा 40 डिग्री से ज्यादा है. उमस और गर्मी से परेशान प्रदेशवासी मानसून के इंतजार में है. फिलहाल प्री-मानसून की बारिश से मामूली राहत जरूर है.

मानसून के लिए अभी 3 दिन और करना होगा इंतजार, राजस्थान में भीषण गर्मी ने सताया, आज 32 जिलों में बारिश का अलर्ट
राजस्थान में 32 जिलों में बारिश का अलर्ट

राजस्थान में मानसून की देरी ने पारा बढ़ा दिया है. भीषण गर्मी और उमस से लोग परेशान है. शुक्रवार (26 जून) दिनभर कई इलाकों में तीखी धूप और उमस से लोग परेशान रहे. राजधानी जयपुर में दिनभर बादल छाए तो रहे, लेकिन बरसे नहीं. इससे उमस भरी गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल किया. हालांकि, देर शाम श्रीगंगानगर, उदयपुर, अजमेर और कोटा समेत कई जिलों में बारिश हुई. नागौर के खींवसर में सर्वाधिक 40 मिमी, प्रतापगढ़ के अरनोद में 32 मिमी, राजसमंद के कुंभलगढ़ में 16 एमएम बारिश दर्ज की गई.

कई जिलों में 40 डिग्री के पार पहुंचा पारा

आज भी प्रदेश के 32 जिलों में आंधी बारिश का येलो अलर्ट है. दूसरी ओर, पश्चिमी राजस्थान के साथ कई जिलों में गर्मी लोगों को सता रही है. कई जिलों में पारा 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया जा रहा है.

पिछले 24 घंटे में जैसलमेर और श्रीगंगानगर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री दर्ज किया गया. बाड़मेर में 41.2, बीकानेर में 41.4, चूरू में 41.9, फलोदी में 40, अलवर में 39.4, पिलानी (झुंझुनूं) में 39.7 और कोटा में 39 डिग्री दर्ज किया गया.

3 दिन में मानसून देगा दस्तक

राजस्थान में प्री-मानसून बारिश लगातार जारी है. फिलहाल मानसून गुजरात और मध्यप्रदेश के भागों में आगे बढ़ा है. अगले 3 दिनों में मानसून का प्रदेश में भी प्रवेश होगा. जुलाई के पहले सप्ताह तक पूरे प्रदेश को मानसून कवर कर लेगा. 

यह भी पढ़ेंः श्राद्ध पर भोज में नहीं खिलाया घी में बना मालपुआ, तो हुक्का-पानी कर दिया बंद

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close