विज्ञापन

बस 2 दिन और सह लें लू के थपेड़े, 11 जून से राजस्थान में मेहरबान होगा मौसम; IMD ने जारी किया अलर्ट

भीषण गर्मी से झुलस रहे राजस्थान के लिए राहत की तारीख अब तय हो चुकी है. 11 जून के बाद मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है, लेकिन इस राहत से पहले के अगले 48 घंटे बेहद चुनौतीपूर्ण हैं. मौसम विभाग ने कई जिलों में 'रेड अलर्ट' जैसी स्थिति की चेतावनी दी है.

बस 2 दिन और सह लें लू के थपेड़े, 11 जून से राजस्थान में मेहरबान होगा मौसम; IMD ने जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में लू का अलर्ट जारी किया है. (सांकेतिक तस्वीर)
IANS

Rajasthan News: आसमान से बरसती आग और चिलचिलाती धूप ने राजस्थान में आम जनजीवन की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है. प्रदेशवासी इस वक्त भीषण लू और 45 डिग्री के पार जाते पारे का टॉर्चर सहने को मजबूर हैं. अगर आप भी इस झुलसाने वाली गर्मी में घर से बाहर निकलने की योजना बना रहे हैं, तो पहले मौसम का ताजा अपडेट जरूर पढ़ लें. अगले कुछ दिन पश्चिमी राजस्थान में सूरज आग उगलने वाला है, लेकिन इसके बाद एक नया मौसमी सिस्टम पूरे प्रदेश का मिजाज पलटने की तैयारी कर रहा है.

गर्मी बढ़ेगी, धूलभरी आंधी करेगी परेशानी

पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में रहने वाले लोगों को फिलहाल गर्मी से कोई खास राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, आगामी दो-तीन दिनों तक इन इलाकों में मौसम पूरी तरह से शुष्क रहेगा और तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक का इजाफा हो सकता है. हालात ये हैं कि 8 से 11 जून के बीच सीमावर्ती क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है. इसके साथ ही 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज धूलभरी हवाएं लोगों को लू के थपेड़ों का अहसास कराएंगी. मौसम विभाग ने बीकानेर, हनुमानगढ़, जैसलमेर, फलौदी और श्रीगंगानगर के लिए लू का अलर्ट भी जारी किया है. पिछले 24 घंटों की ही बात करें तो राज्य में मौसम शुष्क रहा और श्रीगंगानगर 45.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया.

पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं हो सकती है बारिश

एक तरफ जहां पश्चिमी हिस्से भट्टी की तरह तप रहे हैं, वहीं पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में मौसम का मिजाज थोड़ा नरम बना हुआ है. हालांकि राज्य के अधिकांश भागों में आंधी-बारिश की गतिविधियां काफी कम हो गई हैं, लेकिन पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं मेघगर्जन और हल्की बारिश होने की संभावना अभी भी बरकरार है. मौसम विभाग के अनुसार कोटा और भरतपुर संभागों में कहीं-कहीं पर बारिश हो सकती है. इससे वहां के स्थानीय लोगों को इस उमस भरी गर्मी से थोड़ी बहुत राहत जरूर मिलेगी.

11 जून से फिर करवट लेगा मौसम

चिलचिलाती धूप से झुलस रहे लोगों के लिए 11 जून से एक बेहद अच्छी खबर है. मौसम विभाग के अनुसार, हिमालयी क्षेत्र में 11 जून 2026 से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है. इसके असर से राज्य के कुछ हिस्सों में 11 जून से एक बार फिर आंधी और बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. इस बदलाव से निश्चित तौर पर चढ़ते हुए पारे पर जोरदार ब्रेक लगेगा और लोगों को इस जानलेवा भीषण गर्मी से बड़ा सुकून मिलेगा.

किसान-व्यापारी के लिए जरूरी अलर्ट

मौसम के इस तेजी से बदलते मिजाज और 11 जून से होने वाली बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने एक बहुत ही जरूरी कृषि सलाह भी जारी की है. अगर खुले आसमान के नीचे आपकी फसलें पक कर तैयार हैं, या फिर कृषि व धान मंडियों में अनाज और जिंस खुले में रखे हैं, तो उन्हें फौरन ढक दें या किसी सुरक्षित स्थान पर उनका भंडारण करें. आपकी थोड़ी सी सावधानी आपकी मेहनत की कमाई को बारिश में भीगने से आसानी से बचा सकती है.

ये भी पढ़ें:- आहलुवालिया मॉल के INOX सिनेमा हॉल में नाइट शो के दौरान गिरी फॉल सीलिंग, कुर्सी छोड़ भागे दर्शक

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close