Rajasthan News: राजसमंद के भीम क्षेत्र के सीआरपीएफ जवान नंदकिशोर प्रजापत कश्यप का शव नीमच के सीआरपीएफ कैंप में झाड़ियां के पास मिला. इसके मंगलवार को उनका पार्थिव शरीर मध्य प्रदेश के नीमच से राजसमंद उनके गांव भीम पहुंचा. सभी ने पुष्प वर्षा कर नम आंखों से सीआरपीएफ जवान के पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि दी. इस दौरान पार्थिव शरीर लेकर पहुंचे सीआरपीएफ के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर सलामी दी. अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और सैनिक के परिजन पहुंचे.
नीमच कैंप से लापता हुआ था जवान
सीआरपीएफ जवान नंद किशोर प्रजापत के भाई महेंद्र ने बताया कि 27 दिसंबर को हम लोगों को सूचना मिली कि हमारा भाई नीमच कैंप से लापता था. इस पर हम लोगों ने कैंप जाकर जानकारी ली तो पता चला कि वह यहां से छुट्टी पर गया है. रिश्तेदार-नातेदार, आसपास के गांवों में हमने पता किया तो वह कहीं पर भी नहीं मिला.
उधर सीआरपीएफ कैंप वालों ने कहा कि यहां से वह छुट्टी पर गया था. स्थानीय थाने में हमने लापता होने की रिपोर्ट भी दर्ज करवाई. कल हम लोगों को सूचना मिली कि अज्ञात कंकाल पड़ा है, जब हम लोग वहां पर पहुंचे और पहचान की तो पता चला कि वह हमारा भाई नंदकिशोर है. जांच और कानूनी कार्रवाई के बाद शव हमें सौंपा गया.
जांच पूरी होने पर स्थिति होगी साफ
राजसमंद के भीम निवासी सीआरपीएफ जवान की मौत को लेकर सीआरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि कुछ दिन पूर्व नंद किशोर प्रजापत कैंप से लापता थे और अब उनका शव मिला. मौत संदिग्ध है और यह जांच का विषय है. अभी विभागीय जांच चल रही है. जांच पूरी होने पर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी.
यह भी पढे़ं-
राजस्थान में 3 जिलों के मीणा समाज करेंगे आंदोलन! प्रशासन से वार्ता विफल होने पर दिया अल्टीमेटम