Rajasthan News: राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में स्थित प्रसिद्ध कृष्णधाम Shri Sanwaliya Ji Temple में इस बार होली पर खुले भंडार ने दान का नया रिकॉर्ड बना दिया. फाल्गुन शुक्ल चतुर्दशी यानी 2 मार्च को कड़ी सुरक्षा के बीच मंदिर की दानपेटियां खोली गईं. विशेष आरती और भोग के बाद मंदिर मंडल के अधिकारियों की मौजूदगी में गिनती का कार्य शुरू हुआ.
सात चरणों में पूरी हुई गिनती
दानपेटी से निकली राशि की गणना सात चरणों में की गई. पहले चरण में 2 मार्च को 10 करोड़ 65 लाख रुपये की गिनती हुई. दूसरे चरण में 5 मार्च को 7 करोड़ 25 लाख 80 हजार रुपये मिले. तीसरे चरण में 7 मार्च को 2 करोड़ 61 लाख 75 हजार रुपये और चौथे चरण में 8 मार्च को 8 करोड़ 55 लाख 55 हजार रुपये की राशि सामने आई.
अंतिम चरण तक बढ़ती रही राशि
पांचवें चरण में 9 मार्च को 5 करोड़ 47 लाख 45 हजार रुपये की गिनती हुई. छठे चरण में 10 मार्च को 1 करोड़ 95 लाख 27 हजार रुपये प्राप्त हुए. कुल मिलाकर सात चरणों में दानपेटियों से 36 करोड़ 57 लाख 87 हजार 642 रुपये की राशि निकली. यह राशि पिछले साल के रिकॉर्ड से भी अधिक है.
सोना और चांदी भी चढ़ाया
मंदिर के भंडार से नकद के साथ बड़ी मात्रा में सोना और चांदी भी प्राप्त हुई. दानपेटी और भेंट कक्ष से लगभग 2 किलो 967 ग्राम 480 मिलीग्राम सोना और 152 किलो 609 ग्राम चांदी मिली. इसके अलावा मनीऑर्डर ऑनलाइन दान और भेंट कक्ष से 10 करोड़ 45 हजार 282 रुपये प्राप्त हुए.
पिछले साल से ज्यादा चढ़ावा
इस तरह इस बार कुल चढ़ावा 46 करोड़ 58 लाख 32 हजार 924 रुपये तक पहुंच गया. यह अब तक का सबसे बड़ा चढ़ावा माना जा रहा है. पिछले साल होली के बाद खोले गए भंडार से करीब 36 करोड़ रुपये का चढ़ावा मिला था. तब करीब एक किलो सोना और दो क्विंटल से अधिक चांदी भी चढ़ाई गई थी.
लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या
मंदिर मंडल के अनुसार हर साल यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ रही है. इसी का परिणाम है कि मंदिर का मासिक भंडार भी अब करीब 29 करोड़ रुपये तक पहुंचने लगा है.
यह भी पढ़ें- पंचायत और निकाय चुनाव को लेकर पूर्व विधायक ने सरकार और EC को भेजा लीगल नोटिस, 15 अप्रैल तक नहीं होगा चुनाव