BJP Leader Satish Poonia: बीजेपी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष और बीजेपी के राज्यसभा प्रत्याशी सतीश पूनिया ने अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील की है कि वे उन्हें फूलों के गुलदस्ते, महंगे उपहार, साफा, शॉल और माला न दें. उन्होंने कहा कि सम्मान देना है तो एक फूल या पढ़ने योग्य पुस्तक से दें. सतीश पूनिया ने एक वीडियो मैसेज में कहा कि भविष्य में वे किसी भी तरह के महंगे उपहार और औपचारिक सम्मान से परहेज करेंगे. उन्होंने समर्थकों से भी यही आग्रह किया.
पूनिया ने कहा, "आपको यदि सम्मान देना है तो एक फूल देकर दे सकते हैं. आपको यदि कुछ भेंट करनी है तो एक पढ़ने योग्य पुस्तक दे सकते हैं."
"गौशाला में अंशदान दें"
सतीश पूनिया ने इसके आगे विकल्प देते हुए कहा कि यदि कोई उन्हें भेंट देना चाहता है, तो किसी गौशाला में अंशदान कर रसीद दें, दिव्यांग की मदद करें, अनाथ आश्रम को पोषित करें या किसी विद्यार्थी को छात्रवृत्ति देकर पढ़ाए. उन्होंने इसे निर्देश न बताते हुए विकल्प बताया और कहा कि इससे उन्हें खुशी होगी.
इस विशेष अपील पर आप गौर करेंगे और मेरा सहयोग करेंगे; ऐसा मुझे पूरा भरोसा है। pic.twitter.com/wkcmZg5rVB
— Satish Poonia (@DrSatishPoonia) June 9, 2026
"अंशदान की रसीद मुझे भेंट करें"
उन्होंने कहा, "मेरे सम्मान के विकल्प बहुत हो सकते हैं. मुझे खुशी होगी कि आप उपहार की जगह किसी सामाजिक या धार्मिक सरोकार से जुड़ने के अंशदान की रसीद मुझे भेंट करेंगे." पूनिया ने यह भी कहा कि सत्कार तो मुस्कुराहट और मिलने से भी हो जाता है. उन्होंने अपील की कि लोग उनकी इस बात पर गौर करें और सहयोग करें.
सतीश पूनिया का ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. बीजेपी ने सतीश पूनिया को राजस्थान से राज्यसभा का उम्मीदवार घोषित किया है. उन्होंने अपना नामांकन भी कर दिया.
सोशल मीडिया पर किया कमेंट
सतीश पूनिया के वीडियो पर यूजर @KunwarAadi ने लिखा, "आप राजनीति में जितने उत्कृष्ट हैं, उससे कहीं अधिक एक नेकदिल इंसान हैं. यदि आप इस ट्वीट का उत्तर देते हैं, तो मैं कल गौशाला जाकर आपके राज्यसभा नामांकन की खुशी में गायों को तरबूज खिलाऊंगा. "
दूसरे यूजर @SujanAdhana ने लिखा, "बहुत सुंदर विचार भाई साहब.. हमारे पास तो सिर्फ दुआएं हैं, आप तरक्की करें और देश की सेवा करें...हम तो बहुत छोटी हैसीयत वाले आपके भक्त हैं. जय श्री राधे कृष्ण." यूजर @Jasramm64697906 ने लिखा, "आपकी की पहल से और नेताओं को सीख लेनी चाहिए."
यह भी पढ़ें: करोड़पति सतीश पूनिया के पास सिर्फ एक टू-व्हीलर, पत्नी हैं कार की मालकिन; जानिए कितनी है कुल संपत्ति