विज्ञापन

'बुलेट मांगता था दामाद' संदिग्ध परिस्थिति में बेटी की मौत पर पिता का आरोप, 3 महीने पहले हुई थी शादी

धौलपुर जिले के फूलपुरा गांव में शादी के तीन महीने बाद ही एक नवविवाहिता का शव कमरे में फंदे से लटका मिला जिसके बाद पिता ने ससुराल पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है.

'बुलेट मांगता था दामाद' संदिग्ध परिस्थिति में बेटी की मौत पर पिता का आरोप, 3 महीने पहले हुई थी शादी

राजस्थान के धौलपुर जिले के सैंपऊ थाना इलाके के फूलपुरा गांव में 20 साल की एक नवविवाहिता युवती की लाश कमरे में फांसी के फंदे पर झूलती हुई मिली है. इस घटना को लेकर इलाके में हड़कंप मच गया है. युवती के पिता का आरोप है कि उसकी बेटी को दहेज के लिए परेशान किया जाता था. इस मामले में स्थानीय पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. पुलिस की टीम ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को कब्जे में ले लिया और  सैपऊ राजकीय अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव पिता को सौंप दिया गया.

दो बेटियों की एक ही घर में शादी

मृतक युवती के पिता महेंद्र सिंह (निवासी मंडोली, जिला भरतपुर) ने बताया कि उनकी दो बेटियां हैं और उन्होंने दोनों बेटी की शादी एक ही घर में दो भाइयों से की थी. एक बेटी रितेश की शादी 29 अप्रैल 2026 को आशीष से हुई थी. उनकी दूसरी बेटी निकेश की शादी रघुनाथ जाटव के साथ संपन्न की थी. पिता ने बताया कि उस समय उन्होंने हैसियत के अनुसार शादी में नगदी आभूषण बर्तन आदि दहेज का सामान दिया था. 

पिता ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोग दोनों बेटियों को अतिरिक्त दहेज लाने के लिए दबाव बनाते थे. शादी के महज 3 महीने के दौरान ही दोनों बेटियों के साथ दहेज की खातिर मारपीट कर प्रताड़ित किया जाता था. पिता ने बताया कई बार समाज के पंच पटेल और रिश्तेदारों को साथ लेकर पंचायत भी हुई. लेकिन ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग करते रहे. 

सैंपऊ थाना के बाहर पीड़ित परिवार के परिजन

सैंपऊ थाना के बाहर पीड़ित परिवार के परिजन
Photo Credit: NDTV

बुलेट की डिमांड

पिता महेंद्र सिंह ने बताया कि रितेश का पति आशीष शादी के बाद से ही बुलेट बाइक की डिमांड कर रहा था. वह आये दिन बेटी को बुलट बाइक के लिए प्रताड़ित करता था. वहीं ससुराल पक्ष के अन्य लोग नगदी और आभूषणों की मांग कर रहे थे.

पिता का आरोप है कि सोमवार शाम को छोटी बेटी रितेश की गला घोंट कर हत्या कर दी और डेड बॉडी को फांसी के फंदे से लटका दिया है. महेंद्र सिंह ने अपनी दूसरी बेटी को घर वापस बुला लिया है.

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा 

इस संबंध में सैंपऊ के थाना प्रभारी प्रवेंद्र कुमार रावत ने बताया कि नवविवाहित की मौत संदिग्ध परिस्थिति में हुई है. उन्होंने बताया कि पिता ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में रिपोर्ट दी है. इसके बाद पति समेत ससुराल पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. 

थाना प्रभारी ने बताया कि मौत का कारण अभी अज्ञात है. डेड बॉडी फांसी के फंदे पर बरामद हुई है. लेकिन विवाहिता ने सुसाइड की है या यह हत्या का मामला है, इसका खुलासा जांच के बाद होगा. पुलिस घटना के हर पहलू पर जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें-:

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close