डीग के पहाड़ी रोड पर बेलखेड़ा गांव के पास भीषण सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर गाड़ी ने सड़क से गुजर रहे भैंसों के झुंड को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भयानक थी कि 4 भैंस की मौत हो गई. टक्कर के बाद फॉर्च्यूनर गाड़ी पलक झपकते ही कबाड़ में बदल गई. आगे का हिस्सा पूरी तरह से कबाड़ बन गया. कार में बैठे लोग बच गए.
तेज रफ्तार से जा रही थी फॉर्च्यूनर
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि फॉर्च्यूनर गाड़ी तेज रफ्तार में पहाड़ी की तरफ जा रही थी. अचानक मवेशी रोड पर आ गए और फॉर्च्यूनर टकरा गई. जोरदार आवाज आई. गाड़ी में बैठे पति-पत्नी अंदर ही फंस गए. चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने कांच तोड़कर दोनों को बाहर निकाला, और तुरंत पहाड़ी अस्पताल पहुंचाया.
भैंस का मालिक गंभीर रूप से घायल
हादसे में भैंस का मालिक भी दूर जाकर गिरा, और गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार किया जा रहा है. घायल होने से परिवार में कोहराम मच गया है.
सड़क पर लग गया जाम
हादसे के बाद बेलखेड़ा के पास पहाड़ी रोड पर जाम लग गया. सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं, और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया. मौके पर पहाड़ी पुलिस ने पहुंचकर जाम को खुलवाया, और आगे की जांच में लग गई.
यह भी पढ़ें: रोहित गोदारा की भाभी-भतीजी खुले आसमान में जिंदगी गुजारने को मजबूर, रोते हुए बोलीं- अपराध का रास्ता मत चुनिए