राजस्थान के अनूपगढ़ में रिटायर्ड फौजी अमर सिंह ने आत्महत्या कर ली. अमर सिंह ने खुद की फोटो पर फूलों की माला चढ़ाई और फिर घर के बरामदे में पंखे से रस्सी डालकर फांसी लगा ली. उसकी पत्नी बीकानेर दवाई लेने के लिए गई थी और उस समय घर पर अमर सिंह के अलावा कोई भी नही था. अमर सिंह के घर के सामने बने घर की छत से जब पड़ोसियों ने देखा तो हड़कंप मच गया. सूचना पर क्षेत्र के कई लोग मौके पर जमा हो गए. उन्होंने पंखे से बंधी रस्सी को काटकर अमर सिंह को फांसी के फंदे से नीचे उतारा और इसकी सूचना अनुपगढ़ पुलिस थाने में दी. सूचना मिलने पर एसएचओ करतार सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि मृतक की फोटो के पास 7-8 पेजों का सुसाइड नोट भी मिला है. पुलिस सुसाइड नोट की जांच की जा रही है. शव को कब्जे में लेकर अनुपगढ़ के सरकारी जिला अस्पताल में रखवा दिया है, जिसका रविवार (2 अगस्त) को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा.
पुलिस में दर्ज नहीं करवाई रिपोर्ट
परिजनों के द्वारा अभी तक अनुपगढ़ पुलिस थाने में कोई भी रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई गई है. वार्ड नम्बर 7 के पूर्व पार्षद के पति लालचंद ने बताया कि मृतक अमर सिंह का बड़ा बेटा राजकुमार बीकानेर रहता है और छोटा बेटा रामकुमार अनूपगढ़ के गांव 62 जीबी में रहता है. शनिवार (1 अगस्त) शाम करीब 5:30 बजे अमर सिंह के घर के सामने वाले घर के लोग जब किसी काम से अपनी छत पर गए तो उन्होंने अमर सिंह को फंदे पर लटके हुए देखा था.
अमर सिंह के बेटों को पड़ोसियों ने किया कॉल
पार्षद के मुताबिक, पड़ोसियों के द्वारा अमर सिंह के शव को फंदे से नीचे उतारा गया. मौके पर मौजूद लोगों ने मृतक के बेटों को कॉल किया और जानकारी दी. सूचना मिलने पर छोटा बेटा रामकुमार और अन्य परिजन भी मौके पर पहुंच गए.
सुसाइट नोट और मोबाइल की जांच में जुटी पुलिस
एसएचओ करतार सिंह ने बताया कि मृतक की फोटो के पास मिले सुसाइड नोट और उनके मोबाइल को पुलिस ने जब्त कर लिया है और इसकी जांच शुरू कर दी है. उन्होंने बताया कि अमर सिंह के शव का पोस्टमार्टम रविवार को करवाया जाएगा.
यह भी पढ़ेंः SHO के निलंबन के लिए ABVP कार्यकर्ताओं ने 6 दिन तक दिया धरना, करीब 350 किमी दूर हो गया थानाधिकारी का तबादला