Rajasthan News: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ के पास स्थित गांव 71 जीबी में संचालित एक निजी स्कूल में बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है. यहां केएस पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रिंसिपल सुनील बिश्नोई पर चौथी कक्षा के दो छात्रों को प्लास्टिक की पाइप से बेरहमी से पीटने का आरोप लगा है.
परिजनों के अनुसार 11 मार्च को दोनों बच्चों का होमवर्क पूरा नहीं था. इसी बात पर प्रिंसिपल ने पहले बच्चों को मुर्गा बनाकर खड़ा किया और फिर प्लास्टिक के डंडे से उनके पिछवाड़े पर लगातार मारपीट की. पिटाई इतनी बुरी तरह की गई कि दोनों बच्चों के शरीर पर डंडों के निशान साफ दिखाई दे रहे हैं.
एक बच्चे की हालत बिगड़ी, अस्पताल में इलाज
मारपीट के बाद एक बच्चे की तबीयत गंभीर हो गई. उसके पिता उसे पहले रामसिंहपुर के राजकीय प्राथमिक अस्पताल लेकर पहुंचे. हालत ज्यादा खराब होने पर डॉक्टरों ने बच्चे को सूरतगढ़ रेफर कर दिया जहां उसका इलाज चल रहा है. परिजनों का कहना है कि बच्चा केवल 10 साल का है और पिटाई के बाद उसकी हालत काफी खराब हो गई थी. इस दौरान पुलिस भी अस्पताल पहुंची थी.
फीस नहीं देने पर परीक्षा से भी रोका
पीड़ित परिवार का आरोप है कि 13 मार्च से स्कूल में वार्षिक परीक्षा शुरू हो चुकी है. जब बच्चा परीक्षा देने के लिए स्कूल पहुंचा तो प्रिंसिपल ने उसे परीक्षा में बैठने से मना कर दिया. प्रिंसिपल ने साफ कह दिया कि जब तक 8 हजार रुपये की बकाया फीस जमा नहीं होगी तब तक बच्चे को परीक्षा देने नहीं दिया जाएगा. आरोप है कि बच्चों को धक्के देकर स्कूल से बाहर निकाल दिया गया.
बच्चे ने डर से घर पर नहीं बताई सच्चाई
दूसरे बच्चे की मां ने बताया कि जब उनका बेटा 11 मार्च को घर पहुंचा तो रोने लगा. पूछने पर उसने बताया कि उसे बहुत दर्द हो रहा है. जब परिवार ने देखा तो उसके पैर और शरीर पर डंडों के निशान थे और पिछला हिस्सा पूरी तरह लाल हो चुका था. बाद में बच्चे को तेज बुखार भी आ गया जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाना पड़ा.
मीडिया से बचते नजर आए प्रिंसिपल
जब इस मामले में स्कूल प्रिंसिपल सुनील बिश्नोई से बात करने की कोशिश की गई तो उन्होंने मीडिया से बात करने से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा कि मीडिया को जो छापना है छाप ले उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता.
पुलिस ने शुरू की जांच
रामसिंहपुर थाना प्रभारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ ने बताया कि बच्चों के पिता की लिखित शिकायत मिल चुकी है. घटना 11 मार्च की बताई जा रही है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. यदि जांच में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
स्कूल की मान्यता रद्द करने की तैयारी
अनूपगढ़ के ब्लॉक मुख्य शिक्षा अधिकारी गुरचरण सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आ चुका है. उन्होंने कहा कि स्कूल की मान्यता रद्द करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखा जाएगा. साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि स्कूल नियमों के अनुसार संचालित हो रहा है या नहीं.
यह भी पढ़ें- सस्ती दरों पर होगा लाखों का कॉस्मेटिक ट्रीटमेंट, लंदन के बाद जयपुर में दुनिया का दूसरा इंटरनेशनल सेंटर तैयार