Rajasthan News: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के रावला थाना क्षेत्र में हुए आशीष हत्याकांड ने रिश्तों की खौफनाक सच्चाई को उजागर कर दिया है. पुलिस जांच में सामने आया कि यह कोई सड़क हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या थी. हत्या की साजिश मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर रची थी.
रात को घर से निकलने के बाद रची गई साजिश
पुलिस के अनुसार 30 जनवरी 2026 की रात चक 01 केएलएम निवासी आशीष घर से बाहर घूमने के लिए निकला था. उसकी पत्नी अंजू उर्फ अंजली भी उसके साथ गई. इसी दौरान अंजू ने पहले से अपने प्रेमी संजू उर्फ संजय उर्फ जय को मौके पर बुला रखा था. आरोपी पहले से तय योजना के तहत सुनसान स्थान पर मौजूद थे.
लोहे की रॉड और डंडों से हमला
जैसे ही आशीष वहां पहुंचा आरोपियों ने उसे रोक लिया और अचानक मारपीट शुरू कर दी. आशीष पर लोहे की रॉड और डंडों से ताबड़तोड़ वार किए गए. हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया. इसके बाद आरोपियों ने उसे सड़क किनारे फेंक दिया ताकि मामला सड़क दुर्घटना जैसा लगे.
हादसे की आड़ में हत्या छिपाने की कोशिश
वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए. घायल अवस्था में आशीष को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. शुरू में मामला हादसा बताया गया लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गहन जांच में हत्या की पुष्टि हो गई.
पत्नी समेत चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पत्नी अंजू उर्फ अंजली उसके प्रेमी संजू उर्फ संजय उर्फ जय और उसके दो साथियों रोहित उर्फ काकी और बादल उर्फ सिद्धार्थ को गिरफ्तार कर लिया है. चारों से पूछताछ जारी है और पुलिस यह भी जांच कर रही है कि साजिश में कोई और तो शामिल नहीं था.
यह भी पढ़ें- सिर सांठे रूंख रहे... वसुंधरा राजे का खेजड़ी बचाओ आंदोलन के बीच बड़ा ऐलान