विज्ञापन

7 साल पहले पति की मौत, अब मां के साथ रह रही महिला की भी हत्या; उदयपुर में डबल मर्डर से सनसनी

घर में मां-बेटी अकेली रहती थीं. बेटी अमरीबाई के पति का करीब सात वर्ष पहले मौत हो गई थी, जिसके बाद वह अपने मां के साथ ही घर पर रह रही थी.

7 साल पहले पति की मौत, अब मां के साथ रह रही महिला की भी हत्या; उदयपुर में डबल मर्डर से सनसनी
उदयपुर में डबल मर्डर से सनसनी

राजस्थान के उदयपुर जिले से रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है. शुक्रवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला और उनकी 47 वर्षीय बेटी की धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी. पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, वारदात को लूटपाट की नीयत से अंजाम दिया गया, क्योंकि मृतकों के शरीर से सोने-चांदी के आभूषण और घर में रखी नकदी गायब है. इस दोहरे हत्याकांड के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव लेने और अंतिम संस्कार करने से साफ इनकार कर दिया है.

लूट के इरादे से घर में घुसे बदमाश

जानकारी के मुताबिक, घटना वल्लभनगर थाना क्षेत्र के मुंडोल गांव में हुई है. मृतकों की पहचान लूंगा (70) और उनकी बेटी अमरीबाई गाडरी (47) के रूप में हुई है. दोनों के शव घर के अंदर खून से लथपथ हालत में पड़े मिले. थाना प्रभारी पूनाराम गुर्जर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अज्ञात बदमाश लूटपाट की नीयत से घर में घुसे और दोनों महिलाओं की हत्या कर दी. 

दोनों की गर्दन पर धारदार हथियार से वार

पुलिस ने बताया कि दोनों की गर्दन पर किसी धारदार हथियार से किए गए गहरे वार के निशान मिले हैं. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम और श्वान दस्ता की सहायता ली गई है. दोनों महिलाएं घर में अकेली रहती थीं. अमरीबाई के पति का करीब सात वर्ष पहले निधन हो गया था. इसके बाद वह अपनी बुजुर्ग मां के साथ रहकर उनकी देखभाल करती थीं. परिवार खेती-बाड़ी कर अपना गुजारा करता था.

घर से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब 

परिजनों ने आरोप लगाया कि मृतक महिलाओं के शरीर से उनके द्वारा पहने गए सोने-चांदी के आभूषण, घर में रखी नकदी और अन्य कीमती सामान गायब हैं. इस बीच, वल्लभनगर अस्पताल के मुर्दाघर के बाहर तनावपूर्ण स्थिति रही, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन एकत्र हो गए. उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव लेने से इनकार कर दिया.

परिजनों का कहना है कि जब तक पुलिस मामले का खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करती, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा. पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और मामले की जांच जारी है.

यह भी पढे़ं-

घर के आंगन में पड़ा पत्नी का शव, मां को ढूंढते 6 माह के मासूम को देख टूटा पति; उठाया खौफनाक कदम

जिसने रोजी-रोटी दी, उसी का कातिल बना युवक, सांवलिया सेठ जाने के बहाने बुलाया; रोंगटे खड़ा करने वाला हत्याकांड

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com