Weather Today in Rajasthan: उत्तर-पश्चिम भारत में मार्च की शुरुआत तेज गर्मी के साथ हुई, जिससे हीटवेव का खतरा बढ़ने लगा था. लेकिन 15 मार्च के आसपास आए एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ ने मौसम का रुख बदल दिया.इसके असर से राजस्थान में लगातार तापमान नीचे आ रहा है. इन छोटे-छोटे लेकिन लगातार आने वाले मौसमी बदलावों की वजह से इस समय मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना हुआ है, लेकिन इसके बाद उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में अधिकतम तापमान में फिर से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है. मौसम केंद्र के अनुसार, 26 मार्च को सीमावर्ती क्षेत्रों और शेखावाटी क्षेत्र में कहीं-कहीं बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने का अनुमान है.
बाड़मेर में तापमान में बढ़ोतरी
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, बुधवार सुबह तक पिछले चौबीस घंटों के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहा. बाड़मेर में अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सीकर के फतेहपुर में 14.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
26 से 30 मार्च तक आंधी बारिश का अलर्ट
जयपुर स्थित मौसम केंद्र के अनुसार राज्य में आगामी दो-तीन दिन मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है. हालांकि 26-27 मार्च को सीमावर्ती क्षेत्रों और शेखावाटी क्षेत्र में कहीं-कहीं बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने का अनुमान है.वहीं एक नया पश्चिमी विक्षोभ 28-30 मार्च को राज्य के कुछ भागों में सक्रिय होगा .

तेज आंधी और बारिश होने की संभावना
Photo Credit: Social Media X
29-30 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ का सबसे अधिक असर
इसके तहत 28 मार्च को पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में आंधी-बारिश हो सकती है. जबकि इस विक्षोभ का सबसे अधिक असर 29-30 मार्च को रहेगा और जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने तथा कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है.
यह भी पढ़ें: राजस्थान CM की पीएम मोदी से मुलाकात क्यों खास? सीएम भजनलाल के दिल्ली दौरे से क्या हासिल हुआ