राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने ड्रग्स तस्करों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. ‘ऑपरेशन विषग्रहण' के तहत पुलिस ने जोधपुर-जैसलमेर हाईवे के पास बालेसर के एक सुनसान खेत में चल रही MD ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. पुलिस और तस्करों के बीच फायरिंग के बाद कई राज्यों में फैले नेटवर्क के 6 खूंखार अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. तस्करों का यह गिरोह का काफी शातिर है. पकड़े जाने से बचने के लिए सभी आरोपी iPhone का इस्तेमाल करते थे और मोबाइल टावर की ट्रैकिंग से बचने के लिए केवल एन्क्रिप्टेड सोशल मीडिया ऐप्स पर ही बात करते थे. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बालेसर में पकड़ा गया गिरोह पुराने तस्करों का था, जिनका आपराधिक रिकॉर्ड रहा है.