Rajasthan Petrol-Diesel: एक तरफ पेट्रोल-डीजल को लेकर लोगों में काफी डर दिख रहा है. इस वजह से जरा सी अफवाह से लोग पेट्रोल-डीजल लेने के लिए पंप पर लाइन लगाकर खड़े हो जाते है. वहीं दूसरी ओर पेट्रोल-डीजल की कालाबाजारी शुरू हो जाती है. ऐसे में सरकार ने अधिकारियों को सख्त निगरानी के आदेश दिये थे. इसी कड़ी में जोधपुर में जिला रसद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संग्रहित पेट्रोल-डीजल के गोदाम को सीज किया है. जहां से 4000 लीटर पेट्रोल-डीजल बरामद किया गया है.
जोधपुर के सालावास क्षेत्र में जिला रसद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संग्रहित पेट्रोल व डीजल के एक गोदाम को सीज कर दिया. विभाग को लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की गई, जिसमें सस्ते दामों पर चोरी का पेट्रोल और डीजल बेचे जाने की जानकारी सामने आ रही थी.
20 ड्रम में भरा अवैध एथेनॉल, पेट्रोल और डीजल
डीएसओ अंजुम ताहिर के निर्देशन में टीम ने सालावास डिपो के पास स्थित एक गोदाम पर छापा मारा गया. जहां मौके से 20 ड्रम में भरा अवैध एथेनॉल, पेट्रोल और डीजल बरामद किया गया. प्रारंभिक जांच में करीब 4000 लीटर ईंधन जब्त होने की पुष्टि हुई है. कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को दस्तयाब कर पूछताछ जारी है.
टैंकरों से तेल की चोरी की आशंका
बताया जा रहा है कि सालावास क्षेत्र में तीन प्रमुख तेल कंपनियों के डिपो स्थित हैं, जहां से नियमित रूप से टैंकरों की आवाजाही होती है. आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं टैंकरों से ईंधन की चोरी कर मोटर के माध्यम से अवैध रूप से गोदाम तक पहुंचाया जाता था, और बाद में इसे बाजार में सस्ते दामों पर बेचा जाता था.
विभाग ने गोदाम को सीज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. साथ ही गोदाम मालिक की पहचान कर उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा.
य़ह भी पढ़ेंः Rajasthan: राजस्थान पुलिस ने CEIR पोर्टल से ढूंढे 35 हजार से ज्यादा मोबाइल, पीड़ितों के चेहरे पर लौटी मुस्कान