ACB Action: राजस्थान के सिरोही में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. यहां श्रम कल्याण विभाग के अधिकारी की कार से रुपयों से भरा संदिग्ध बैग बरामद किया गया. एसीबी ने जब उस बैग को खोला तो उसमें भारी भरकम रकम बरामद हुए, जब उसकी गिनती की गई तो पता चला वह 150000 रुपये थे. अब इस मामले में एसीबी की टीम पूछताछ कर रही है. जबकि पूरे मामले में जूनियर असिस्टेंट से भी पूछताछ हो रही है जो अधिकारी के कार में बैठा था.
बताया जा रहा है कि भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो मुख्यालय के निर्देश पर उप महानिरीक्षक पुलिस जोधपुर के पर्यवेक्षण में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की सिरोही इकाई द्वारा सोमवार (27 अप्रैल) को कार्रवाई की गई. जिसमें संदिग्ध श्रम कल्याण विभाग के अधिकारी हर्षदीप सिंह गिल की कार से रुपये बरामद किये गए.
500-500 रुपये की गड्डियां हुई बरामद
एसीबी के मुताबिक हर्षदीप सिंह गिल सिरोही के आबू रोड से जिला मुख्यालय सिरोही पर अपने ऑफिस के जूनियर असिस्टेंट विकास कुमार के साथ कार से जा रहे थे. इसी दौरान एसीबी की टीम ने अचानक से कार की तलाशी ली तो उसमें एख बैग बरामद हुआ. बैग के अंदर पॉलीथीन में लपेटकर 500-500 रुपये की तीन गड्डियां बरामद हुई. जिसकी गिनती करने पर कुल 150000 रुपये की संदिग्ध राशि बरामद की गई. संदिग्ध राशि कहां से लाई गई और इसके बारे में पूछे जाने पर संतोषजनक जवाब नहीं दिये जाने पर राशि को जब्त कर लिया गया और आगे की कार्रवाई शुरू की गई.
रिश्वत की राशि वसूल कर लौट रहे थे अधिकारी
एसीबी के मुताबिक, इस बारे में सूचना मिली थी कि श्रम कल्याण अधिकारी सिरोही और एक अन्य कर्मचारी आबू रोड की औद्योगिक ईकाइयों से अवैध रूप से रिश्वत की राशि वसूली की है. जिसके बाद विभाग के अनुबंधित कार से सिरोही की ओर आ रहे हैं. इस सूचना के बाद एसीबी की टीम ने पैसों की बरामदगी की कार्रवाई को अंजाम दिया गया.
अब इस मामले में एसीबी अधिकारी और असिस्टेंट से पूछताछ कर रही है. माना जा रहा है कि मामले में अब बड़ा खुलासा हो सकता है.
यह भी पढ़ेंः राजस्थान में आधी रात पुलिस का बड़ा ऑपरेशन, रेंगते पहुंचे कमांडो; 90 करोड़ की MD ड्रग्स पकड़ी