विज्ञापन

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, केमिकल ट्रक से टकराई ट्रेवल बस; महिला-बच्चे समेत 3 की मौत, 30 घायल

इस दर्दनाक भिड़ंत में बस ड्राइवर, एक महिला और एक मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 30 यात्री घायल हैं. आरोप है कि हादसे के 2 घंटे बाद तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है.

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, केमिकल ट्रक से टकराई ट्रेवल बस; महिला-बच्चे समेत 3 की मौत, 30 घायल
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर अलवर के राजगढ़ (पिनान) के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ है.
NDTV Reporter

Rajgarh News: राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार अलसुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया. राजगढ़ थाना क्षेत्र के पिनान में चैनल नंबर 100 इंटरचेंज पुलिया पर एक तेज रफ्तार ट्रेवल बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे केमिकल से भरे ट्रक से जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया.

3 लोगों ने मौके पर तोड़ा दम

जानकारी के अनुसार, यह प्राइवेट बस इंदौर से दिल्ली की ओर जा रही थी. हादसे के वक्त बस में सवार यात्री गहरी नींद में थे, तभी अचानक हुई जोरदार टक्कर से बस में चीख-पुकार मच गई. इस दर्दनाक हादसे में बस ड्राइवर, एक महिला और एक मासूम बालक की मौके पर ही मौत हो गई. बस में सवार करीब 30 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.

NHAI ने संभाला मोर्चा, घायलों का इलाज जारी

हादसे की जानकारी मिलते ही एनएचएआई (NHAI) की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची. टीम ने तत्परता दिखाते हुए बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस के जरिए पिनान के आदर्श सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है. फिलहाल मृतकों के शवों को पिनान अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है.

पुलिसकर्मियों की 2 घंटे की देरी पर भड़के लोग

हादसे के बाद प्रशासन के प्रति लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली. घायल यात्रियों और स्थानीय लोगों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भीषण एक्सीडेंट के बावजूद करीब 2 घंटे तक पुलिस का कोई भी जवान या अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा. समय पर मदद न मिलने और पुलिस की इस लापरवाही को लेकर घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने जमकर आक्रोश व्यक्त किया.

ये भी पढ़ें:- जयपुर के ट्रैफिक जाम को खत्म करने के लिए सरकार का ब्लूप्रिंट तैयार, जल्द होने वाले हैं ये 5 बड़े बदलाव

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close