विज्ञापन

बीजेपी नेता को जान से मारने की धमकी; कॉलर ने खुद को बताया रोहित गोदारा की गैंग का सदस्य; 2 करोड़ की डिमांड

अजमेर में गैंगस्टर राहुल फतेहपुरिया ने भाजपा नेता व शराब कारोबारी जितेंद्र रंगवानी से 2 करोड़ रुपये फिरौती मांगी. व्हाट्सएप कॉल और वॉइस मैसेज में कुचामन रूलानिया हत्याकांड का जिक्र कर जान से मारने की धमकी दी गई.

बीजेपी नेता को जान से मारने की धमकी; कॉलर ने खुद को बताया रोहित गोदारा की गैंग का सदस्य; 2 करोड़ की डिमांड
अजमेर बीजेपी नेता जितेंद्र रंगवानी

गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग के कथित सदस्य राहुल फतेहपुरिया और वीरेंद्र चारण ने अजमेर के शराब कारोबारी से फिरौती की मांगी. बीजेपी नेता और शराब कारोबारी जितेंद्र रंगवानी से दो करोड़ रुपए फिरौती की मांग की गई है. जितेंद्र रंगवानी ने हरीभाऊ उपाध्याय नगर थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है. घटनाक्रम 16 अप्रैल को शाम करीब 4 बजे का बताया गया है. जब जितेंद्र रंगवानी भगवानगंज स्थित एक सैलून पर शेविंग-कटिंग करवा रहे थे, इसी दौरान उनके पास धमकी भरे कॉल और वॉइस मैसेज बदमाशों द्वारा भेजे गए.व्हाट्सएप कॉल और वॉइस मैसेज में धमकी देने वाले ने अपना नाम राहुल फतेहपुरिया और वीरेंद्र चारण बताया. 

चेतावनी- रूलानिया हत्याकांड जैसा हश्र होगा

उन्होंने बताया कि व्हाट्सएप कॉल के जरिए धमकी देकर उनसे डिमांड की गई और  रुपए नहीं देने पर कुचामन रूलानिया हत्याकांड जैसा हश्र करने की धमकी दी. पीड़ित के अनुसार, उसे दो धमकी भरे वॉइस रिकॉर्डिंग वाले मैसेज भी भेजे गए. जिसमें दो करोड़ रुपए नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई. 

वॉइस मैसेज में पूछे हाल-चाल

वॉइस मैसेज में कहा गया कि पहले हाल-चाल पूछे गए, फिर अपना नाम राहुल फतेहपुरिया बताया. खुद को रोहित गोदारा ग्रुप का सदस्य बताया और दो करोड़ रुपए फिरौती के मांगे गए. मैसेज भेजने वाले शख्स ने धमकी दी, "फोन काटना महंगा पड़ेगा,  फोन नहीं उठाने पर ऐसा न हो कि तेरा फोन कोई और उठाए तेरी जगह." 

पुलिस ने गठित की टीमें, पीड़ित को सुरक्षा 

जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़ और सीओ नॉर्थ शिवम जोशी हरीभाऊ उपाध्याय नगर थाने पहुंचे, जहां पूरे मामले की विस्तृत जानकारी ली गई. फिलहाल पुलिस ने अलग-अलग टीमों का गठन कर दिया है, जो मामले की गहन जांच में जुटी हुई हैं. पुलिस टीमें जितेंद्र रंगवानी के निवास स्थान से लेकर उनके शराब के ठेकों और भगवानगंज स्थित सैलून तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं. 

मोबाइल नंबर ट्रैस कर रही है पुलिस

साथ ही धमकी देने में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच भी की जा रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पीड़ित को सुरक्षा देने के लिए एक हथियार सहित पुलिस जवान मुहैया कराया है. इस धमकी से पहले अजमेर के रहने वाले यूट्यूबर दिलराज सिंह रावत उर्फ मिस्टर इंडियन हैकर और कुचामन डीडवाना के विजय सिंह पलाड़ा को भी अलग-अलग गैंगस्टर से फिरौती की रकम मांगने के लिए धमकी मिल चुकी है.

यह भी पढ़ेंः राजस्थान में फिर पलटेगा मौसम, जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग में बारिश का अलर्ट; रेगिस्तान में झुलसाएगी गर्मी

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close