विज्ञापन

अलवर: दहेज के लिए विवाहिता ट्रेन के आगे फेंककर हत्या का आरोप; बुलेट और 5 लाख की थी मांग 

अलवर के रामगढ़ में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पीहर पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित कर हत्या करने और शव को ट्रेन के आगे फेंकने का संगीन आरोप लगाया है.

अलवर: दहेज के लिए विवाहिता ट्रेन के आगे फेंककर हत्या का आरोप; बुलेट और 5 लाख की थी मांग 
अलवर के रामगढ़ में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई.

Rajasthan News: राजस्थान के अलवर जिले के रामगढ़ थाना अंतर्गत कोटा खुर्द गांव में बुधवार को हुई एक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है. यहां एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई. मृतका के पीहर पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का गंभीर आरोप लगाया है. जानकारी के अनुसार, मृतका मौसमी के भाई मम्मल खान ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि मौसमी का निकाह 21 अक्टूबर 2025 को कोटा खुर्द के सहजू उर्फ सहजोर के साथ हुआ था. शादी में परिवार ने अपनी हैसियत के अनुसार लाखों रुपये का दहेज दिया था.

आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति, सास, ससुर और ससुराल के अन्य परिजन बुलेट मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये की नकदी की मांग करने लगे. मांग पूरी न होने पर मौसमी को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा और उसे कई बार घर से भी निकाल दिया गया.

परिजनों ने लगाया हत्या का सनसनीखेज आरोप

पीहर पक्ष का दावा है कि 17 जून को मौसमी ने अपने परिजनों को फोन पर बताया था कि ससुराल वाले उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं और उसके साथ मारपीट की गई है. इसके कुछ ही घंटों बाद उन्हें उसकी मौत की सूचना मिली. परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने एक सोची समझी साजिश के तहत मौसमी की हत्या की और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया ताकि इसे हादसा साबित किया जा सके.

पुलिस ने शुरू की निष्पक्ष जांच

घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. रामगढ़ डीएसपी पिंटू कुमार ने बताया कि भाई की रिपोर्ट पर ससुराल पक्ष के विरुद्ध दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने घटनास्थल के गहन मुआयने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया है. साथ ही मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.

यह भी पढ़ें- जयपुर नगर निगम का पशुधन निरीक्षक निकला घूसखोर, 5 हजार की रिश्वत लेते ACB ने रंगे हाथों दबोचा

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close