विज्ञापन

अशोक गहलोत ने कह दी विवाद खत्म होने की बात, जयपुर में बोले- 'अब सब लोग करीब आएंगे'

गहलोत-पायलट के रिश्तों पर सबसे बड़ा अपडेट जयपुर से सामने आया है. पूर्व मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत करते हुए सारे विवाद खत्म होने का ऐलान कर दिया है. यहां पढ़ें अशोक गहलोत का पूरा बयान.

अशोक गहलोत ने कह दी विवाद खत्म होने की बात, जयपुर में बोले- 'अब सब लोग करीब आएंगे'
अशोक गहलोत ने सचिन पायलट का नाम लिए बिना जयपुर में बड़ा बयान दिया है.
IANS

Jaipur News: राजस्थान में अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच की सियासी खींचतान अब बीते दिनों की बात होने वाली है. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने खुद आगे आकर इस पूरे विवाद को खत्म करने का ऐलान कर दिया है. उन्होंने अपने उन बयानों पर भी खुलकर सफाई दी है, जिन्हें लेकर प्रदेश से लेकर दिल्ली तक सियासी हलचल मची हुई थी.

'आज के बाद सारे विवाद खत्म हो जाएंगे'

गहलोत ने जयपुर में मीडिया से बात करते हुए साफ कहा कि आज के उनके बयान के बाद सारे विवाद खत्म हो जाएंगे और सब लोग करीब आएंगे. उन्होंने कहा, 'गलती चाहे मेरी हो या किसी और की, अब सब भूलकर हम साथ काम करेंगे.' गहलोत ने याद दिलाया कि उन्होंने बहुत पहले जैसलमेर में भी यही कहा था कि 'भूलो और माफ करो'. उनका मानना है कि अगर उस वक्त सभी नेता इस बात को समझ जाते, तो आज स्थिति कुछ और ही होती.

कांग्रेस अध्यक्ष पद ठुकराने का क्या है सच?

गहलोत ने अपनी सबसे बड़ी पीड़ा भी जाहिर की. उन्होंने कहा कि पूरे देश में यह माहौल बन गया था कि मैंने सिर्फ मुख्यमंत्री की कुर्सी बचाए रखने के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद ठुकरा दिया. इस गलतफहमी का शिकार सिर्फ आम लोग ही नहीं, बल्कि उनके दोस्त, रिश्तेदार और कार्यकर्ता भी हो गए थे. गहलोत ने साफ किया कि उन्होंने उस दिन सिर्फ मीडिया के जरिए जनता के सामने अपने मन की बात रखी थी, किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया. उन्होंने तर्क दिया कि जिस पद पर बड़े-बड़े दिग्गज रह चुके हों और वो उन्हें ऑफर हुआ हो, तो भला वो उसे क्यों नहीं लेंगे?

'सचिन पायलट बेटे जैसे, मैंने दिल से कही थी बात'

सचिन पायलट के हालिया बयान (जिसमें पायलट ने कहा था कि गहलोत उन्हें अपने बेटे वैभव की तरह मानते हैं) पर मुहर लगाते हुए गहलोत ने कहा कि पायलट ने बिल्कुल सही कहा है. इसमें कुछ भी गलत नहीं है. पूर्व सीएम ने कहा कि वे दोनों बहुत कम उम्र से एक-दूसरे के घर आते-जाते थे और सचिन उनके लिए हमेशा से बेटे जैसे ही हैं. गहलोत ने जोर देकर कहा कि उन्होंने पायलट के लिए जो कुछ भी कहा, वह पूरी तरह दिल से कहा था.

ये भी पढ़ें:- "आलाकमान से मैसेज मिलने के बाद पलट गए गहलोत", किरोड़ी लाल मीणा के 'पावर' वाले बयान से गरमाई सियासत

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close