Rajasthan News: राजस्थान में बाड़मेर जिले के बायतू क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ जिसमें एक स्कूल बस को एक ट्रक ने टक्कर मार दी जिससे एक बच्चे की मौत हो गई. हादसे में 20 बच्चे घायल हैं जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है. हादसे के समय बस में कुल 36 स्कूली बच्चे सवार थे. हादसा नेशनल हाईवे 25 पर बायतु पेट्रोल पंप के पास हुआ. बायतु सरस्वती स्कूल की प्राइवेट बस को पीछे से कूलर से लदे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. घायल बच्चों को उपचार के लिए बालोतरा के जिला अस्पताल लाया गया. एक बच्चे के सिर में चोट लगी थी जबकि अन्य बच्चों के हाथ-पैरों में फ्रैक्चर और दांत टूटने की सूचना है. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने बच्चों का इलाज शुरू कर दिया है.

SDM-DSP पहुंचे मौके पर
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमे में हलचल मच गई. जिला अस्पताल में SDM अशोक विश्नोई, DSP अनिल पुरोहित और CI हिंगलाजदान पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना. अधिकारियों ने अस्पताल प्रशासन को बेहतर उपचार के निर्देश दिए.

बस के आगे के हिस्से में ज्यादा क्षति हुई
Photo Credit: NDTV
ट्रक ड्राइवर मौके से फरार
घटना के बाद ट्रक ड्राइवर टक्कर मारते ही मौके से फरार हो गया जिसकी पुलिस तलाश कर रही है. बायतु थानाधिकारी मनोहर विश्नोई ने बताया कि ट्रक ने पीछे से बस को टक्कर मारी जिससे बच्चे बुरी तरह घायल हुए.
बाड़मेर एसपी चूनाराम जाट भी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रक ड्राइवर को जल्द गिरफ्तार किया जायेगा. फिलहाल पुलिस ने दोनों ही वाहनों को जब्त कर हादसे की जांच शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें-