Rajasthan News: बाड़मेर में शिव सीट से निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी और प्रसिद्ध भजन गायक छोटू सिंह रावणा के बीच का विवाद अब जातीय रूप ले चुका है. सोशल मीडिया पर एक कमेंट के बाद शुरू हुआ यह मामला तेजी से तूल पकड़ता जा रहा है, जिसमें पूरा रावणा राजपूत समाज विधायक के खिलाफ एकजुट हो गया है. विवाद की शुरुआत तब हुई, जब छोटू सिंह रावणा ने शिव क्षेत्र की एक सड़क का वीडियो बनाते हुए सोशल मीडिया पर कमेंट किया. इस पर नाराजगी जताते हुए विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने उनको फोन कर कथित तौर पर धमकी दी और अप्रत्यक्ष रूप से जान से मारने की बात कही.
रावणा ने क्या आरोप लगाया
भजन गायक रावणा ने आरोप लगाया कि विधायक ने कहा कि तुझे दो बार पहले छोड़ दिया था. इस बार नहीं बचेगा. इसके अलावा उनके परिवार की महिलाओं का अपमान करने वाले मैसेज और कॉल भी आए. सैकड़ों रावणा राजपूत समाज के लोगों ने शिव उपखंड मुख्यालय पर रैली निकाली और छोटू सिंह रावणा के साथ शिव थाने पहुंचकर विधायक रविंद्र सिंह भाटी के खिलाफ FIR दर्ज कराने की मांग की. शुरू में पुलिस ने FIR नहीं लिखी, जिसके बाद समाज के लोग थाने के आगे धरने पर बैठ गए. बाद में पुलिस ने भजन गायक छोटू सिंह रावणा की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया.
शिव पुलिस थाने में BNSS की धारा 351(2)(3) और 79 के तहत विधायक रविंद्र सिंह भाटी समेत 6-7 अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. बाड़मेर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच के लिए CID-CB को भेज दिया गया है. अब इस पूरे प्रकरण की जांच CID-CB करेगी.
समाज के लोगों से क्या रावणा ने क्या कहा?
भजन गायक छोटू सिंह रावणा ने समाज की सभा को संबोधित करते हुए भावुक होकर कहा कि मैंने चलते-चलते आपकी विधानसभा की एक सड़क का वीडियो बना दिया, जो पूरे देश में हलचल मचा गया. अगर मैं आपकी बैंड बजाने लग गया तो शिव की सारी सड़कें दिखा दूंगा. उन्होंने आगे कहा कि बीते 100 सालों में जितनी गालियां नहीं खाई, उससे ज्यादा मेरी वजह से तीन सालों में भाटी और उनकी टीम ने सुना दी. मैं जानता हूं, इसका कसूरवार मैं हूं.
विधायक के समर्थक करवाते गलत कमेंट
रावणा ने दावा किया कि विधायक के समर्थक 5-10 हजार आईडी से गलत कमेंट करवाते हैं. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा जो अलख आज जगी है, उसे मैं ज्वाला में नहीं बदल दूं तो मेरा नाम छोटू सिंह नहीं. उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक 36 कौम को साथ लेकर चलता हूं, कहते हैं, लेकिन बीते तीन सालों में समाज को तोड़ने का काम किया है.
रावणा ने स्पष्ट किया कि अगर जरूरत पड़ी तो वे राजनीति में भी आ सकते हैं और पूरे समाज को एकजुट कर आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया से लेकर धरातल तक हर स्तर पर आवाज उठाएंगे. यह मामला अब बाड़मेर की राजनीति और सामाजिक हलकों में चर्चा का मुख्य विषय बन गया है. विधायक रविंद्र सिंह भाटी की ओर से अभी तक इस FIR पर आधिकारिक प्रतिक्रिया आना बाकी है. हालांकि पहले उन्होंने आरोपों से इनकार किया था.
यह भी पढे़ं-
रविंद्र सिंह भाटी के खिलाफ उतरा रावणा राजपूत समाज, भजन गायक छोटू सिंह को सुरक्षा की मांग
रविंद्र भाटी से उलझना छोटू सिंह रावणा को पड़ा भारी! भजन संध्या में विधायक के समर्थकों ने की नारेबाजी