विज्ञापन

बीकानेर SP ऑफिस के बाहर शख्स ने खुद को लगाई आग, लपटों के बीच दौड़ते देख पुलिस के फूले हाथ-पांव

बीकानेर में एसपी ऑफिस के सामने एक व्यक्ति ने ज्वलनशील पदार्थ डालकर खुद को आग लगा ली. गंभीर हालत में पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया है. जानिए क्या है पूरा मामला.

बीकानेर SP ऑफिस के बाहर शख्स ने खुद को लगाई आग, लपटों के बीच दौड़ते देख पुलिस के फूले हाथ-पांव
बीकानेर एसपी ऑफिस के बाहर युवक ने खुद को लगाई आग, हालत गंभीर (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Rajasthan News: बीकानेर जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने शुक्रवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब एक व्यक्ति ने सार्वजनिक रूप से अपने शरीर पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर खुद को आग लगा ली. आग की लपटों में घिरे व्यक्ति को देखकर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया. पुलिस के जवानों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए आग को बुझाया और झुलसे हुए व्यक्ति को आनन-फानन में इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर भर्ती करवाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.

ADM सिटी ऑफिस के पास आत्मदाह का प्रयास

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आत्मदाह का प्रयास करने वाले व्यक्ति की पहचान रामलाल मेघवाल के रूप में हुई है, जो खाजूवाला के 4 बीजीएम भागू का निवासी है. बताया जा रहा है कि रामलाल पहले ADM सिटी के कार्यालय के पास पहुंचा, जहां उसने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ उड़ेल लिया. इसके बाद वह आग लगी हालत में भागते हुए एसपी कार्यालय की तरफ आने लगा. वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल सूझबूझ दिखाई और भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाकर उसे अस्पताल पहुंचाया.

ICU में इलाज जारी, डॉक्टर्स कर रहे निगरानी

फिलहाल रामलाल का इलाज ट्रॉमा सेंटर में जारी है. डॉक्टर इस बात का खास ख्याल रख रहे हैं कि उसे किसी तरह का इन्फेक्शन न हो, इसलिए उसे सघन चिकित्सा कक्ष (ICU) में रखा गया है. अस्पताल प्रशासन ने घायल की स्थिति को देखते हुए वहां चिकित्सा कर्मियों के अलावा किसी भी अन्य व्यक्ति की एंट्री पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी है. पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि आखिर रामलाल ने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया. 

अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और रामलाल के बयान दर्ज होने के बाद ही घटना के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा.

ये भी पढ़ें:- राजस्‍थान में पश्‍च‍िमी व‍िक्षोभ एक्‍ट‍िव, दो द‍िन आंधी-बार‍िश का अलर्ट; IMD की भव‍िष्‍यवाणी

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close