बांसवाड़ा नगर परिषद चुनाव के लिए सोमवार को नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन रहा.अंतिम दिन प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की भारी भीड़ कलेक्ट्रेट सहित निर्धारित नामांकन केंद्रों पर उमड़ पड़ी.सुबह से ही तीन अलग-अलग कार्यालयों में प्रत्याशियों और समर्थकों की आवाजाही बनी रही.टिकट फाइनल होने के बाद उम्मीदवार अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे. प्रशासन की ओर से वार्डवार नामांकन के लिए अलग-अलग केंद्र निर्धारित किए गए थे.वार्ड 1 से 20 तक के प्रत्याशियों के लिए एसडीएम कार्यालय, वार्ड 21 से 40 तक के लिए तहसीलदार कार्यालय और वार्ड 41 से 60 तक के प्रत्याशियों के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में कृषि विभाग कार्यालय के पास आबापुरा तहसीलदार के समक्ष नामांकन जमा कराने की व्यवस्था की गई.

बांसवाड़ा में पर्चा दाखिल करते पूर्व बीजेपी पार्षद
Photo Credit: NDTV
पूर्व पार्षद ने मांगा था टिकट
बांसवाड़ा नगर परिषद के वार्ड नंबर 49 से भाजपा से टिकट की दावेदारी कर रहे पूर्व पार्षद मुकेश नायक को टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने कांग्रेस का दामन थाम लिया.कांग्रेस ने उन्हें वार्ड 49 से प्रत्याशी बनाया, जिसके बाद उन्होंने अंतिम दिन अपना नामांकन दाखिल किया.
मुकेश नायक वर्ष 2009 में भाजपा के टिकट पर करीब 350 वोटों से चुनाव जीतकर पार्षद बने थे.नायक के अनुसार वर्ष 2019 में पार्टी के कहने पर उन्होंने पूर्व मंत्री भवानी जोशी के बेटे भरत जोशी का समर्थन किया था. इस बार उन्होंने स्वयं टिकट की मांग की थी, लेकिन टिकट नहीं मिलने पर कांग्रेस में शामिल होने का फैसला किया. नायक ने आरोप लगाया कि पूर्व मंत्री भवानी जोशी ने इस बार भी अपने बेटे भरत जोशी को टिकट दिलवाया है. उन्होंने इसे लेकर नाराजगी जाहिर की.
तीन केंद्रों पर सुबह से गहमागहमी
नामांकन के आखिरी दिन तीनों केंद्रों पर प्रत्याशियों और समर्थकों की भीड़ रही.राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रत्याशियों के साथ निर्दलीय दावेदार भी नामांकन दाखिल करने पहुंचे. अंतिम समय तक टिकट वितरण और नामांकन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं. भीड़ को देखते हुए पुलिस जाब्ता भी तैनात रहा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी की गई.
ये भी पढ़ें-: 'मुर्गा बना दो, पर ना वोट देंगे, ना लड़ेंगे', सचिन पायलट के गढ़ में निकाय चुनाव का बहिष्कार