Rajasthan All Party Meeting: पीएम नरेंद्र मोदी ने हाल ही में लोकसभा में देश के सामने चुनौती को लेकर सबको साथ खड़े होने की अपील की थी. हालांकि अलग-अलग राज्यों में गैस और पेट्रोल को लेकर लोगों में डर देखने को मिल रहा है. ऐसे में पीएम मोदी ने 27 मार्च को सभी राज्यों के मुख्यमंत्री के साथ मीटिंग आयोजित की है. वहीं इससे पहले राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा ने ताजा स्थितियों को लेकर सर्वदलीय बैठक बुलाई. जिसमें सत्ता पक्ष के मंत्री और विपक्ष के नेता समेत अन्य पार्टियों के नेता शामिल हुए.
राजस्थान में हाल में अफवाहों के चलते लगातार पेट्रोल पंप पर भीड़ देखने को मिल रही है. जबकि LPG गैस को लेकर भी शिकायतें की जा रही है. हालांकि सरकार लगातार कह रही है कि अवैध जमाखोरी पर सरकार की नजर है.
एकजुट होकर करना होगा चुनौतियों का सामना
प्रदेश में गैस आपूर्ति और बाजार स्थिति को लेकर आयोजित सर्वदलीय बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने स्पष्ट किया कि वर्तमान हालात किसी एक सरकार, केंद्र, राज्य या किसी राजनीतिक दल के कारण उत्पन्न नहीं हुए हैं. उन्होंने कहा कि यह एक सामूहिक चुनौती है, जिसका सामना सभी को मिलकर करना होगा.

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में आवश्यक वस्तुओं का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. सभी जिला कलेक्टरों को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए जा चुके हैं ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो.
घबराने की जरूरत नहीं केवल सतर्क रहने की जरूरत
उन्होंने प्रदेशवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है, केवल सतर्क रहने की जरूरत है. साथ ही उन्होंने कहा कि यह समय सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का है. सरकार आमजन को जागरूक भी करेगी और अवैध भंडारण व कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. मुख्यमंत्री ने सभी राजनीतिक दलों के सहयोग के लिए आभार भी जताया.
विपक्ष ने कहा हम सरकार के साथ खड़े हैं
बैठक में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि वर्तमान स्थिति में विपक्ष सरकार के साथ खड़ा है. हालांकि उन्होंने सरकार को वैकल्पिक व्यवस्थाओं को भी मजबूत करने की सलाह भी दी.
इसके अलावा विधायक रामकेश मीणा, राजेंद्र पारीक, श्रीचंद्र कृपलानी, सुभाष गर्ग, मनोज नयांगली और अशोक कोठारी ने भी महत्वपूर्ण सुझाव रखे. वहीं जोगाराम पटेल, थावरचंद और जोगेश्वर गर्ग वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े.
यह भी पढ़ेंः राजस्थान हाई कोर्ट ने DGP और SP साइबर क्राइम को किया तलब, वृद्ध से 80 लाख की ठगी में जबरन 10 लाख में समझौता