Rajasthan News: राजस्थान के धौलपुर जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. यहां मनिया थाना क्षेत्र के गडाईच गांव में रविवार का दिन खुशियों के बजाय मातम लेकर आया. गर्मी से राहत पाने के लिए पार्वती नदी में नहाने गए तीन बच्चों की पानी में डूबने से मौत हो गई. इस हादसे ने न केवल मृतक बच्चों के परिवारों को झकझोर कर रख दिया है बल्कि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर पैदा कर दी है.
मस्ती का माहौल चीख-पुकार में बदला
प्राप्त जानकारी के अनुसार गडाईच गांव के लगभग एक दर्जन से अधिक बच्चे रविवार की छुट्टी का आनंद लेने के लिए पास ही बहने वाली पार्वती नदी पर गए थे. बच्चे नदी के किनारे खेल रहे थे और पानी में नहा रहे थे. इसी बीच खेल-खेल में कुछ बच्चे अनजाने में किनारे से दूर गहरे पानी की तरफ चले गए. खुद को डूबता देख बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया.
दूसरों को बचाने की कोशिश में गवाई जान
हादसे की गंभीरता को देखते हुए 12 वर्षीय भूरा (पुत्र रामबरन) और 12 वर्षीय सोनम (पुत्री रघुवीर) के साथ 14 वर्षीय निशु (पुत्री भूरी सिंह) ने हिम्मत दिखाई. इन तीनों ने अपने साथियों को बचाने के लिए गहरे पानी में छलांग लगा दी. हालांकि नदी की गहराई और पानी का तेज बहाव उनकी हिम्मत पर भारी पड़ गया. दूसरों की जान बचाने की कोशिश में ये तीनों मासूम खुद भी पानी की गहराइयों में समा गए.
रेस्क्यू ऑपरेशन और पुलिस की कार्रवाई
नदी किनारे मौजूद अन्य बच्चों की चीखें सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े. ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर बच्चों को तलाशना शुरू किया और पुलिस को सूचना दी. मनिया थाना पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों के शवों को नदी से बाहर निकाला. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है. सीओ खलील अहमद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसा गहरे पानी में जाने के कारण हुआ लग रहा है और पुलिस मामले की पूरी गहनता से जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- राजस्थान में एक साथ उठेगी 3 जिगरी दोस्तों की अर्थी, भजन संध्या से लौटते समय हुआ भीषण हादसा