विज्ञापन

सौंफ: गर्मियों में तन-मन को ठंडा रखने का देसी टॉनिक, सेवन के कई फायदे 

गर्मी के मौसम में शरीर को ठंडा और स्वस्थ रखना बेहद जरूरी होता है. आयुर्वेद में सौंफ को प्राकृतिक कूलिंग टॉनिक माना गया है जो शरीर को ठंडक देने के साथ पाचन सुधारने और कई स्वास्थ्य समस्याओं से राहत देने में मदद करती है.

सौंफ: गर्मियों में तन-मन को ठंडा रखने का देसी टॉनिक, सेवन के कई फायदे 
प्रतीकात्मक तस्वीर.

Health News: सर्दियों के बाद जैसे ही गर्मी का मौसम शुरू होता है वैसे ही शरीर को ठंडा रखने की जरूरत बढ़ जाती है. आयुर्वेद के अनुसार सौंफ एक ऐसी प्राकृतिक जड़ी-बूटी है जिसकी तासीर ठंडी होती है. इसका सेवन शरीर के तापमान को संतुलित रखने में मदद करता है और तेज गर्मी व लू से बचाव करता है.

सौंफ शरीर की अंदरूनी गर्मी को शांत करती है और पेट में होने वाली जलन या बेचैनी को भी कम करती है. इसलिए गर्मियों में सौंफ का पानी शरबत या चाय पीना बहुत लाभकारी माना जाता है.

पाचन तंत्र को बनाती है मजबूत

सौंफ में एंटीऑक्सीडेंट एंटीबैक्टीरियल और दर्द निवारक गुण पाए जाते हैं. यह पाचन तंत्र को मजबूत बनाती है और गैस ब्लोटिंग पेट फूलना अपच कब्ज और पेट दर्द जैसी समस्याओं से राहत दिलाती है. खाना खाने के बाद सौंफ चबाने की परंपरा भी इसी वजह से है. इससे पेट का भारीपन कम होता है और भोजन आसानी से पच जाता है.

पुरानी पेट की समस्याओं में भी राहत

विशेषज्ञों के अनुसार सौंफ पाचन क्रिया को बेहतर बनाती है. नियमित सेवन से इरिटेबल बाउल सिंड्रोम जैसी पुरानी पेट की समस्याओं में भी राहत मिल सकती है. इसके अलावा सौंफ शरीर की सूजन कम करने थकान दूर करने और मन को तरोताजा रखने में भी मदद करती है.

त्वचा और वजन के लिए भी उपयोगी

सौंफ का नियमित सेवन वजन नियंत्रित रखने में सहायक हो सकता है. यह शरीर में हार्मोन संतुलन बनाए रखने में मदद करती है और त्वचा की चमक बढ़ाती है. इसके साथ ही सौंफ मुंह की बदबू दूर करती है सांस की परेशानी में राहत देती है और शरीर से अतिरिक्त पानी निकालने में भी मददगार होती है.

ऐसे बनाएं सौंफ की चाय या शरबत

सौंफ की चाय बनाने के लिए एक चम्मच सौंफ के बीज को एक कप पानी में 5 से 10 मिनट तक उबालें. इसके बाद छानकर गर्म ही पी लें. स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें शहद या नींबू भी मिलाया जा सकता है.

शरबत बनाने के लिए सौंफ को पीसकर पानी में मिलाएं और छान लें. इसमें हल्की चीनी या शहद डालकर पी सकते हैं. खाली पेट सौंफ का पानी पीने से शरीर डिटॉक्स होता है और दिनभर ठंडक बनी रहती है. सौंफ और मिश्री का मिश्रण भी गर्मियों में बहुत फायदेमंद माना जाता है.

सेवन में रखें सावधानी

हालांकि सौंफ सेहत के लिए लाभकारी है लेकिन इसका अधिक मात्रा में सेवन नहीं करना चाहिए. गर्भवती महिलाओं या किसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहे लोगों को इसका नियमित सेवन शुरू करने से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लेनी चाहिए.

यह भी पढ़ें- बाड़मेर: बार-बार समन के बावजूद कोर्ट नहीं पहुंचे सीआई, अदालत ने भेजा जेल; माफी के बाद मिली राहत

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close