French Tourist Death: अजमेर में फ्रांस से भारत घूमने आए 56 साल के पर्यटक की अचानक मौत हो गई. बताया जा रहा है कि अजमेर के जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) अस्पताल में आंत फटने के बाद ऑपरेशन किया गया और इलाज के दौरान मौत हो गई. मौत के बाद पर्यटक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है. वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. वहीं दूतावास में भी इसकी जानकारी दी गई है. जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान पासपोर्ट के आधार पर बोना जोसे के रूप में हुई है.
बोना जोसे पुष्कर स्थित ‘ए ब्लू स्टार इजराइली ढाबा होम स्टे' में ठहरे हुए थे. होटल संचालक महेंद्र जैन ने बताया कि पर्यटक की तबीयत अचानक बिगड़ने पर पहले उसे पुष्कर के स्थानीय अस्पताल में दिखाया गया, लेकिन वहां से संतोषजनक उपचार नहीं मिलने पर उसे अजमेर के जेएलएन अस्पताल रेफर किया गया.
सोनोग्राफी में आंत फटने की बात पता चली
बताया जा रहा है कि 25 अप्रैल को हर्निया की समस्या के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई. जेएलएन अस्पताल में जांच के दौरान डॉक्टरों ने पेट की आंत में गंभीर समस्या बताते हुए 26 अप्रैल को ऑपरेशन किया गया, लेकिन मंगलवार (28 अप्रैल) सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया. थाना प्रभारी ने बताया कि होटल कर्मचारियों ने उन्हें जेएलएन अस्पताल में भर्ती करवाया. सोनोग्राफी में पता चला कि उनकी बड़ी आंत फट गई है.
दूतावास को सूचना दी गई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मृतक के पासपोर्ट के आधार पर फ्रांसीसी दूतावास, नई दिल्ली को सूचना भेज दी है, ताकि परिजनों को अवगत कराया जा सके और आगे की प्रक्रिया पूरी की जा सके. फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है, जिसमें इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही या अन्य कारणों को भी खंगाला जा रहा है.
प्रशासनिक स्तर पर भी मामले पर नजर रखी जा रही है, क्योंकि यह अंतरराष्ट्रीय पर्यटक से जुड़ा संवेदनशील मामला है. ऐसे मामलों में आमतौर पर सरकार की ओर से मेडिकल रिपोर्ट, पोस्टमार्टम और अस्पताल की कार्यप्रणाली की जांच करवाई जाती है. साथ ही विदेश मंत्रालय और स्थानीय प्रशासन मिलकर दूतावास के समन्वय से शव को उनके देश भेजने की प्रक्रिया पूरी करते हैं. अब देखने वाली बात होगी कि जांच के बाद सरकार क्या कदम उठाती है और क्या चिकित्सा व्यवस्था में किसी तरह की कमी सामने आती है.
यह भी पढ़ेंः राजस्थान के बूंदी में बड़ा हादसा, ट्रैफिक सिग्नल पर गिरा सफेदे का विशाल पेड़, कई लोग दबे