विज्ञापन

Rajasthan Politics: राजस्थान में 'संस्कार' वाला बयान देकर फंस गई BJP? हनुमान बेनीवाल सोशल मीडिया पर खोल रहे नेताओं की पोल

27 मई की दोपहर करीब 12 बजे हनुमान बेनीवाल अपने समर्थकों संग भैराणा धाम पहुंचे थे. वहां उन्होंने संतों संग जयपुर कूच का ऐलान किया था. इसी दौरान उन्होंने सीएम और मंत्रियों को लेकर विवादित बयान दिया था, जिसके बाद से राजस्थान की सियासत में 'संस्कार' की चर्चा शुरू हो गई.

Rajasthan Politics: राजस्थान में 'संस्कार' वाला बयान देकर फंस गई BJP? हनुमान बेनीवाल सोशल मीडिया पर खोल रहे नेताओं की पोल
'संस्कार' सिखने की नसीहत मिलने के बाद हनुमान बेनीवाल बीजेपी पर लगातार हमलावर हैं. (फाइल फोटो)
X@RLPINDIAorg

Rajasthan News: राजस्थान बीजेपी अध्यक्ष मदन राठौड़ (Madan Rathore) ने बुधवार रात करीब 11 बजे जयपुर स्थित अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए 'संस्कार' वाला बयान दिया था, जिस पर अब सियासत गरमाई हुई है. एक तरफ राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल (Hanuman Beniwal) बीजेपी नेताओं के पुराने वीडियो शेयर कर उनके संस्कारों की पोल खोल रहे हैं, तो वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के दिग्गज नेता भी बहती गंगा में हाथ धोने का काम कर रहे हैं.

मदन राठौड़ ने क्या कहा था?

राठौड़ ने कहा, 'राजनेताओं की शब्दावली बहुत निचले स्तर पर आ गई है. जैसे कोई गुंडा-सुपर गुंडा बनकर, फिरौती मांगकर कमाई करता है, वैसे ही राजनेता गालियां देकर तालियां कमाने की कोशिश कर रहे हैं. लेकिन राजनेताओं की लिस्ट में हनुमान बेनीवाल का नाम जुड़ना शर्म की बात है. उन्होंने मंत्रीमंडल के सभी सदस्यों को मुर्ख बताया है. सीएम भजनलाल शर्मा को महा-मूर्ख बताया है. ये बहुत निंदनीय है. मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि क्या ये आप मंत्री, आपके सीएम नहीं हैं क्या? मुझे लगता है कि आपको संस्कार प्राप्त करने की जरूरत है. राजनीति का कितना नाश करोगे आप? आपकी हरकते ऐसी हैं कि लोग राजनेताओं से घृणा करने लगेंगे. मैं तो यह चाहूंगा कि मीडियो को ऐसे राजनेताओं पर बैन लगा देना चाहिए, तभी जाकर राजनीति में शुद्धिकरण आएगा. मैं अपना मुंह गंदा नहीं कर रहा हूं, लेकिन समाधान यही है कि राजनेताओं को सबक सिखाना चाहिए और यह सबक जनता सिखाएगी.'

हनुमान बेनीवाल ने क्या जवाब दिया?

मदन राठौड़ के इस बयान के बाद, यानी पिछले 24 घंटों में, हनुमान बेनीवाल ने अपने एक्स अकाउंट से एक के बाद एक 4 ट्वीट किए हैं और भाजपा पर जमकर निशाना साधा है.

पहले ट्वीट में उन्होंने राजस्थान के सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक के वायरल ऑडियो का मामला उठाया है. उन्होंने लिखा, 'सार्वजनिक गरिमा और मर्यादा को ध्यान में रखते हुए वायरल ऑडियो के आपत्तिजनक हिस्से को कट कर साझा किया गया है. मगर प्रत्येक व्यक्ति के मन में बीजेपी नेतृत्व से एक ही प्रश्न है कि क्या यही भारतीय जनता पार्टी के संस्कार हैं?'

दूसरे ट्वीट में बेनीवाल ने अखबार में प्रकाशित एक खबर का स्क्रीनशॉट शेयर किया है. इस खबर में मंत्री गौतम दक के वायरल ऑडियो और उनके बयान का जिक्र है. उन्होंने कैप्शन में लिखा- 'क्या यही है भजनलाल जी के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी के संस्कार?'

तीसरे ट्वीट में मदन राठौड़ को टैग किया गया है. इसमें लिखा है, 'मर्यादित आचरण और संस्कारों की नसीहत देने वाले BJP के प्रदेश अध्यक्ष आखिरकार विधायक निधि के एवज में 40% कमीशन खाने वाले अपनी ही पार्टी के विधायक की ढाल बनकर क्यों खड़े हो गए? क्या कमीशनखोर विधायक को बचाने के लिए उसका पक्ष लेकर खड़े होना ही आपके और आपकी पार्टी के संस्कार हैं?'

चौथे ट्वीट में राजस्थान के शिक्षा मंत्री का वीडियो है, जिसमें वे मीडिया के सामने शिक्षकों को 'मूर्ख' और 'बेवकूफ' कह रहे हैं. इसके कैप्शन में बेनीवाल ने लिखा, 'यह कहकर आपके मंत्री ने पूरे शिक्षा तंत्र का अपमान किया और सत्ता के अहंकार में शब्दों की मर्यादा भूल गए. उन्हें दूसरों को मर्यादित आचरण करने की नसीहत देना शोभा नहीं देता.'

प्रताप सिंह खाचरियावास ने भी घेरा

पूर्ववर्ती अशोक गहलोत सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे प्रताप सिंह खाचरियावास ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी है. उनका कहना है, 'कल मैं मदन राठौड़ को सुन रहा था. वे हनुमान बेनीवाल के लिए बोल रहे थे. बेनीवाल वहां संतों की लड़ाई लड़ने गए थे. उन्हें जो कहा वो ठीक है. लेकिन बीजेपी के वो मंत्री जो गालियां दे रहे हैं, उनके ऑडियो वायरल हो रहे हैं, उस पर आप क्या कहेंगे? क्या यही नारी शक्ति वंदन की बीजेपी की परिभाषा है जो गौतम दक कर रहे हैं? क्या वो आपको नजर नहीं आता? जो संतों के अधिकार के लिए लड़ने गए उसके ऊपर आप सवाल उठा रहे हो. राजस्थान की जनता से अनुमति लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ को बीजेपी का चरित्र दिखाना चाहिए. अगर मुझे वह ऑडियो मिल गया तो मैं जारी करूंगा.'

बयानबाजी पर क्या बोले बीजेपी नेता?

इस सियासी टकराव पर NDTV राजस्थान ने जब बीजेपी नेताओं से उनका पक्ष जानना चाहा तो वे कोई भी बयान देने से बचते नजर आए. उन्होंने साफ कहा कि वे इस पर कुछ भी नहीं बोलना चाहते.

ये भी पढ़ें:- अजमेर में जलती स्कॉर्पियो में 4 की मौत, पूर्व सरपंच के परिवार को बेटे ने ही खत्म कर डाला, 5 वजहों ने खोल दी हत्याकांड की पोल

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close