राजस्थान में लगातार प्री मानसून का दौर जारी है. प्रदेश में आज से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है. इस नए परिसंचरण तंत्र के सक्रिय होने से बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा व जोधपुर संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन, आंधी बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी. मौसम विभाग के मुताबिक, आगामी 2-3 दिन तक 50 से 70 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बरसात का दौर जारी रहने की संभावना है. इस आंधी बारिश के दौर से प्रदेश में गर्मी से लोगों को राहत भी मिली है.
शाम को अचानक शुरू हो गई बारिश
बुधवार को श्रीगंगानगर, उदयपुर, करौली, प्रतापगढ़ समेत आस पास के इलाकों में शाम को अचानक बरसात का दौर शुरू हुआ. कई जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की बरसात हुई. जयपुर में भी दोपहर बाद काले बादल छाने लगे. दिनभर बादल और सूरज की आंख मिचौली देखने मिली.
40 डिग्री से कम हो गया तापमान
बरसात के इस दौर से प्रदेश के सभी जिलों का तापमान 40 डिग्री से कम हो गया है. पिछले 24 घंटे में सर्वाधिक तापमान दौसा में 39.3 डिग्री दर्ज किया गया. मौसम विभाग की ओर से आज भी श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, बीकानेर, भीलवाड़ा, बूंदी, कोटा, बारां, झालावाड़, राजसमंद, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, उदयपुर जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट और जेसलमेर, जोधपुर, नागौर, सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, दौसा, अलवर, अजमेर, टोंक, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
25 जून तक मानसून की एंट्री की संभावना
मानसून की तो मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में 25 जून तक मानसून के एंट्री की संभावना थी. हालांकि अब इसमें देरी होती नजर आ रही है. फिलहाल, अरब सागर से आने वाला मानसून महाराष्ट्र के कुछ दक्षिणी हिस्सों से गुजरते हुए तेलंगाना के कुछ हिस्सों से होकर छत्तीसगढ़ की सीमा के पास है.
बिहार-झारखंड से गुजर रही मानसून
बंगाल की खाड़ी से आने वाला मानसून बिहार, झारखंड और ओडिशा के मध्य से होकर गुजर रही है. मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून के इन क्षेत्रों से आगे बढ़ने में अभी 4 से 5 दिन का समय और लगने की संभावना जताई है. हालांकि, प्रदेश में 2024 और 2025 में भी मानसून की एंट्री देरी से हुई थी. लेकिन इसके बावजूद अच्छी बरसात हुई थी.
यह भी पढ़ें: राजस्थान सरकार का बड़ा तोहफा, पदोन्नति में 2 साल की छूट; सचिवालय में 149 नए पद स्वीकृत