विज्ञापन

राजस्‍थान में बार‍िश, गर्मी से राहत; आंधी में मालगाड़ी के 4 कंटेनर उड़े 

Rajasthan Weather: धौलपुर में सोमवार रात से रुक-रुक कर हो रही बारिश से तापमान लुढ़क गया. मौसम व‍िभाग ने अलर्ट जारी क‍िया है.  

राजस्‍थान में बार‍िश, गर्मी से राहत; आंधी में मालगाड़ी के 4 कंटेनर उड़े 
राजस्थान के जयपुर में काले बादल छाए हुए हैं और बारिश से मौसम ठंडा हो गया.

New Weather Alert: राजस्‍थान में आज नौतपा का आखिरी दिन है, और आज भी आंधी-बारिश का दौर जारी रहेगा. नौतपा के शुरुआती 4 दिनों में गर्मी से बेहाल लोगों को आखिरी दिनों में आंधी तूफान ने राहत पहुंचाई. सोमवार दोपहर बाद भी प्रदेश के कई इलाकों में तेज हवा के साथ बरसात हुई. इसके साथ ही तापमान में भी गिरावट दर्ज हुई. आंधी में रींगस दिल्ली रेलवे मार्ग (कॉरिडोर रेल लाइन)  में न्यू भगेगा रेलवे स्टेशन के पास मालगाड़ी के चार कंटेनर हवा में उड़ गए. कॉरिडोर रेल मार्ग पर यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा .  

आंधी तूफान का अलर्ट 

प्रदेश में आज भी आंधी तूफान का अलर्ट है.  मौसम विभाग ने आज अलवर, बारां, भरतपुर, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झुंझनू, झालावाड़, करौली, खैरथल तिजारा, कोटा, कोटपुतली बहरोड़, सवाईमाधोपुर, सीकर, टोंक बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिले के लिए आंधी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है.  

रींगस में तेज हवा की वजह से मालगाड़ी से चार कंटेनर उड़कर गिर गए.

रींगस में आंधी की वजह से मालगाड़ी से चार कंटेनर उड़कर गिर गए.

किसानों के चेहरों पर खुशी

बारिश से किसानों के चेहरों पर खुशी देखी जा रही है. आगामी सीजन खरीफ फसल की बुवाई का शुरू होने वाला है. अच्छी बारिश होने की वजह से किसान खेतों की जुताई शुरू कर सकेगा. किसानों ने बताया अगर सही समय पर बाजरा, दलहन, तिलहन, ग्वार, ज्वार, मक्का, मौठ, मूंगफली आदि फसलों की बुवाई हुई तो निश्चित तौर पर आगामी समय में अच्छा उत्पादन किसानों को मिल सकता है.

नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय  

आगे आने वाले दो दिनों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी प्रदेश में सक्रिय हो रहा है.  3 और 4 जून को इस नए वेदर सिस्टम से बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर संभाग के कुछ भागों में तेज आंधी बारिश की गतिविधियों में फिर से बढ़ोतरी होने की संभावना है.  इस दौरान कहीं-कहीं 60 से 70 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज अंधड़ के साथ बारिश होने की संभावना है.  इस दौरान गर्मी से राहत जारी रहेगी.

सबसे गर्म रहेगा फलोदी  

पिछले 24 घंटे में 43.8 डिग्री सेल्सियस के साथ फलोदी सबसे गर्म रहा. इसके साथ ही बाड़मेर में 41.8, जैसलमेर में 41.4, श्रीगंगानगर में 40.4, बीकानेर में 40.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. इसके अलावा पूरे प्रदेश में तापमान 40 डिग्री से ही कम रहा.

यह भी पढ़ें: नजरें नहीं मिलीं, सिर्फ हाथ मिले! क्या पुष्कर में राहुल गांधी ने दे दिया बड़ा राजनीतिक संदेश? 

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close