Weather Update: भरतपुर में सुबह से ही झमाझम बारिश हो रही है. लगातार बारिश के कारण सड़कों पर पानी इकट्ठा हो गया है. निचली कॉलोनियों में पानी जमा होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. सुबह से हो रही बारिश के कारण मौसम सुहावना हो गया है, और लोगों को गर्मी से राहत मिली है. खरीफ की फसल के लिए यह बारिश काफी फायदेमंद है.
आने-जाने में हो रही परेशानी
बारिश के चलते स्कूली बच्चों एवं मॉर्निंग वॉक पर जाने वाले लोगों को परेशानी हो रही है. सड़कों पर पानी भरने से वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कत हो रही है. कई जगह गड्ढों में पानी भरने से हादसे का खतरा भी बना हुआ है. सबसे ज्यादा परेशानी निचली कॉलोनियों के लोगों को हो रही है. घरों में पानी घुसने और नालियों के चोक होने की शिकायतें मिल रही हैं. दूसरी तरफ बारिश से लोगों को गर्मी से निजात दिलाने के साथ खरीफ की फसल के लिए अमृत समान है. मौसम विभाग ने दिनभर से मध्यम बारिश की संभावना जताई है.
अजमेर में सुबह 7 बजे से बारिश शुरू
अजमेर शहर में आज सुबह करीब 7 बजे से शुरू हुई बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया. बारिश ने शहर के करोड़ों रुपये की लागत से बने राम सेतु ब्रिज के ड्रेनेज सिस्टम की पोल भी खोल दी. ब्रिज पर पानी निकासी के लिए लगाए गए ड्रेनेज पाइप अपेक्षित रूप से काम करते नजर नहीं आए. पाइपों से पानी निकलने के बजाय बारिश का पानी ब्रिज के ऊपरी हिस्से से झरने की तरह बहता दिखाई दिया. इससे ड्रेनेज व्यवस्था की गुणवत्ता और रखरखाव पर सवाल खड़े हो गए.

बारिश से भरतपुर में सड़कों पर भरा पानी. (NDTV)
काेटपूतली में बारिश से भरा पानी
कोटपूतली क्षेत्र के मोलहेड़ा गांव में बारिश के बाद हालात गंभीर हो गए हैं. जोहड़ का पानी ओवरफ्लो होने से गांव की ओर आने वाला मुख्य सड़क मार्ग जलमग्न हो गया है. सड़क पर जलभराव और कीचड़ के कारण स्कूली छात्रों, महिलाओं, राहगीरों और ग्रामीणों का आवागमन बेहद कठिन हो गया है. लोगों को मजबूरी में गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है. ग्रामीणों ने बताया कि जलभराव के कारण श्मशान घाट तक पहुंचना भी दूभर हो गया है.
10 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना
पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में 7 से 10 अगस्त को भारी बारिश होने की संभावना है. उत्तर-पूर्वी राजस्थान के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है, और मॉनसून ट्रफ लाइन अपने सामान्य स्थिति (उत्तरी राजस्थान) से गुजर रही है. पिछले 24 घंटों में 12 दौसा, डीडवाना, हनुमानगढ़, कोटा, सिरोही जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश दर्ज की गई है. सर्वाधिक बारिश मंडावर, दौसा में 107MM बारिश रिकॉर्ड हुई.
यह भी पढ़ें: सीएम भजनलाल शर्मा का बड़ा फैसला, राजस्थान में कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए खर्च होंगे 2101 करोड़ रुपये