Iran Israel War Rajasthan Impact LIVE Updates: पश्चिम एशिया के आसमान में बरसती मिसाइलों और ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई की मौत के बाद छिड़े भीषण संग्राम की तपिश अब सात समंदर पार राजस्थान के घरों तक पहुंच गई है. इजरायल और अमेरिका के 'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' ने खाड़ी देशों का एयरस्पेस बंद कर दिया है, जिससे राजस्थान की उम्मीदें और उनके अपने विदेशी सरजमीं पर कैद हो गए हैं. शिक्षा नगरी कोटा के होनहार छात्र दुबई में मिसाइलों के धमाकों से दहशत में हैं, तो जोधपुर के 120 श्रद्धालु और संत युद्ध के साये में महफूज ठौर तलाश रहे हैं. जयपुर एयरपोर्ट पर भी उड़ानों के पहिये थम चुके हैं और परिजनों की आंखें अब दिल्ली की कूटनीति और ईश्वर की प्रार्थनाओं पर टिकी हैं. पल-पल बदल रहे इन हालातों और अपनों की सलामती की हर खबर के लिए जुड़े रहिए NDTV राजस्थान के इस Live Blog के साथ...
Here Are The Live Updates of Iran Israel War Rajasthan
Israel Iran War Live Updates: खामेनेई के निधन पर राजस्थान में शिया समुदाय का तीन दिवसीय शोक
ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला खामेनेई के निधन की खबर के बाद राजस्थान सहित पूरे देश के शिया समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई है. राजस्थान शिया मुस्लिम महासभा ने प्रदेश में तीन दिवसीय शोक की घोषणा की है, जिसके तहत दरगाह हजरत अब्बास में मजलिस और कुरानखानी का आयोजन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई.
महासभा के महासचिव सैयद आसिफ अली और मौलाना कल्बे जवाद ने समुदाय से शांति बनाए रखते हुए तीन दिन तक शोक मनाने और स्वेच्छा से कारोबार बंद रखने की अपील की है.
मजलिस के दौरान वक्ताओं ने खामेनेई को मजलूमों और फिलिस्तीनियों की आवाज बताते हुए उनके निधन को मानवता के लिए बड़ी क्षति करार दिया.
विरोध स्वरूप आज रात विभिन्न स्थानों पर कैंडल मार्च निकालने और देशभर में शोक सभाएं आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया है.
Israel Iran War LIVE Updates: मिडिल ईस्ट में CBSE की 10-12वीं की परीक्षाएं स्थगित, युद्ध के चलते बोर्ड का बड़ा फैसला
इजरायल-ईरान युद्ध के कारण खाड़ी देशों (मिडिल ईस्ट) में बिगड़े हालातों को देखते हुए सीबीएसई (CBSE) बोर्ड ने सोमवार, 2 मार्च 2026 को होने वाली कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं.
बोर्ड ने एक आधिकारिक सूचना जारी करते हुए बताया कि बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में मौजूदा असुरक्षा और उड़ानों की पाबंदी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है.
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इन क्षेत्रों में रहने वाले छात्रों और स्कूलों की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए सोमवार की परीक्षाओं को फिलहाल टाल दिया गया है.
इन स्थगित परीक्षाओं की नई तारीखों की घोषणा जल्द ही बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर की जाएगी.
Important Update on
— CBSE HQ (@cbseindia29) March 1, 2026
CBSE Class X and Class XII Exams in the Middle East Regions pic.twitter.com/6rVteajQFV
Israel Iran War LIVE: इंडिगो यात्रियों को बड़ी राहत, टिकट कैंसिलेशन और रिफंड पर फीस माफ
इजरायल-ईरान युद्ध के कारण उड़ानों में हो रही देरी और रद्दीकरण के बीच इंडिगो एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है.
एयरलाइन के अनुसार, जिन यात्रियों ने 28 फरवरी 2026 या उससे पहले मिडिल ईस्ट (खाड़ी देशों) और अन्य प्रभावित अंतरराष्ट्रीय क्षेत्रों के लिए बुकिंग की थी, वे अब 7 मार्च 2026 तक बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपनी यात्रा की तारीख बदल सकते हैं या पूरा रिफंड ले सकते हैं.
इंडिगो ने स्पष्ट किया है कि अनिश्चित परिस्थितियों को देखते हुए यात्रियों को पूरी 'फ्लेक्सिबिलिटी' दी जा रही है ताकि वे अपनी सुविधा के अनुसार सुरक्षित यात्रा का विकल्प चुन सकें. प्रभावित यात्री आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से सीधे रिफंड या री-शेड्यूल की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं.
Travel Advisory
— IndiGo (@IndiGo6E) March 1, 2026
We continue to observe developments across parts of the Middle East and surrounding regions with utmost attentiveness. We understand that this period may feel uncertain, and we want to reassure you that every decision is being taken with care and prudence.
In…
Iran Israel War Update: ईरानी सर्वोच्च नेता खामेनेई की मौत, दिल्ली स्थित दूतावास में झुका झंडा
अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला खामेनेई की मौत के बाद दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास ने अपना झंडा आधा झुका दिया है. दूतावास ने सोशल मीडिया के जरिए खामेनेई के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इस हमले को एक 'बड़ा अपराध' बताया और अमेरिका व इजरायल को इसके गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी है.
दूसरी ओर, ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने इस हत्या का बदला लेने के लिए इतिहास के सबसे भीषण हमले की घोषणा की है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को खामेनेई की मौत की पुष्टि करते हुए कहा कि ईरानी नेता उनकी इंटेलिजेंस और आधुनिक ट्रैकिंग सिस्टम से बच नहीं सके। इस घटना के बाद मध्य-पूर्व में तनाव चरम पर है और ईरान ने स्पष्ट किया है कि वह अपने नेता की विरासत और देश की सुरक्षा के लिए पूरी ताकत से खड़ा रहेगा.
Israel Iran War LIVE: इंडिगो ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर रोक बढ़ाई, यात्रियों को रिफंड का विकल्प
इजरायल-ईरान युद्ध के चलते मिडिल ईस्ट के हवाई क्षेत्र में बढ़ते खतरे को देखते हुए इंडिगो एयरलाइंस ने अपनी चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का निलंबन 2 मार्च 2026 की रात 11:59 बजे तक बढ़ा दिया है.
एयरलाइन ने यात्रियों और क्रू मेंबर्स की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया है और प्रभावित यात्रियों को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपनी फ्लाइट बदलने या पूरा रिफंड लेने की सुविधा दी है.
इंडिगो के अनुसार, जिन यात्रियों ने 28 फरवरी या उससे पहले बुकिंग की थी, उन्हें 7 मार्च 2026 तक यात्रा की तारीख बदलने या टिकट रद्द करने पर पूरी फीस माफी (फ्लेक्सिबिलिटी) दी जाएगी.
इंडिगो के साथ-साथ एयर इंडिया ने भी अपनी उड़ानों को लेकर ऐसी ही एडवाइजरी जारी की है, जिससे खाड़ी देशों की यात्रा करने वाले यात्रियों को अपनी योजनाएं बदलनी पड़ रही हैं.
Kota Students Stranded In Dubai LIVE: कनाडा से घर लौट रही कोटा की तान्या अबू धाबी एयरपोर्ट पर फंसी
इजरायल-ईरान युद्ध के चलते अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के रद्द होने से कोटा के भीमगंज मंडी क्षेत्र की रहने वाली तान्या शर्मा अबू धाबी एयरपोर्ट पर फंस गई हैं. तान्या पिछले 4 साल से कनाडा में पढ़ाई और जॉब कर रही थीं और एक महीने की छुट्टी लेकर मुंबई आ रही थीं, लेकिन यूएई में कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़ने से पहले ही युद्ध के कारण एयरपोर्ट को खाली कराने और अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
तान्या के पिता राजीव शर्मा, जो वर्तमान में सपरिवार मुंबई में रहते हैं, उन्होंने बताया कि बेटी को रिसीव करने की तैयारियां चल रही थीं और उसे अमृतसर में एक शादी में भी शामिल होना था, लेकिन इस अचानक आए संकट ने पूरे परिवार को चिंता में डाल दिया है.
पिता ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से संपर्क कर बेटी की सुरक्षित वापसी की गुहार लगाई है और विदेश में रह रहे अपने दोस्तों के माध्यम से भी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं.
Israel Iran War Live Updates: चित्तौड़गढ़ के शक्ति सिंह और उज्जैन महाकाल के मुख्य पुजारी दुबई में अटके
इजरायल-ईरान युद्ध के बीच चित्तौड़गढ़ क्रिकेट एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष शक्ति सिंह राठौड़ और उज्जैन महाकाल के मुख्य पुजारी विकास महाराज सहित कई भारतीय दुबई में फंस गए हैं.
28 फरवरी को दोपहर करीब एक बजे इमिग्रेशन के बाद वे विमान में बैठ चुके थे, लेकिन तभी रेड अलर्ट जारी होने और हवाई क्षेत्र (Airspace) बंद होने के कारण उनकी उड़ानों को रद्द कर दिया गया.
शक्ति सिंह ने बताया कि दुबई में बुर्ज खलीफा के पास और एयरपोर्ट के नजदीक धमाकों की आवाजें सुनी गई हैं, जिसके बाद सुरक्षा कारणों से बुर्ज खलीफा को भी खाली कराया गया है.
राहत की बात यह रही कि वरिष्ठ पत्रकार जयप्रकाश दशोरा हमले से ठीक 20 मिनट पहले अंतिम फ्लाइट से जयपुर के लिए रवाना होने में सफल रहे, लेकिन उनके बाद की सभी उड़ानें निरस्त कर दी गईं और अब यात्री वहां के होटलों में रुककर भारत सरकार से मदद की गुहार लगा रहे हैं.
Jodhpur Saints Stranded In Dubai LIVE: जोधपुर के 120 श्रद्धालु और संत दुबई में फंसे
इजरायल-ईरान युद्ध के बीच जोधपुर के बड़े रामद्वारा से जुड़े संत अमृतराम महाराज और मनोहर दास महाराज समेत करीब 120 श्रद्धालु दुबई में फंस गए हैं, जिससे जोधपुर शहर में चिंता का माहौल है.
इस स्थिति को देखते हुए बड़े रामद्वारा के मुख्य महंत रामप्रसाद महाराज ने वीडियो कॉल के जरिए दुबई में फंसे संतों और श्रद्धालुओं से बात की और उनका ढांढस बंधाया.
बातचीत के दौरान अमृतराम महाराज ने बताया कि वहां एक मेट्रो स्टेशन के पास धमाका होने से डर का माहौल बना है, लेकिन फिलहाल सभी श्रद्धालु पूरी तरह सुरक्षित हैं.
दुबई के माहेश्वरी समाज ने वहां फंसे श्रद्धालुओं के लिए भोजन की व्यवस्था संभाली है.
Jaipur Airport Flights Cancelled LIVE: जयपुर एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द
इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण जयपुर एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाओं पर बड़ा असर पड़ा है, जिसके चलते दुबई जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट SG58, SG57 और एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान IX195 को रद्द कर दिया गया है.
युद्ध के हालातों के बीच हवाई क्षेत्र (Airspace) में पैदा हुई अनिश्चितता को देखते हुए जयपुर एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है और उन्हें अपनी संबंधित एयरलाइंस के संपर्क में रहने की सलाह दी है.
यात्रियों की सुविधा के लिए टर्मिनल पर अतिरिक्त बैठने की व्यवस्था, मुफ्त पानी, जलपान और हेल्प डेस्क की सुविधाएं बढ़ाई गई हैं ताकि फंसे हुए मुसाफिरों की समस्याओं का तुरंत समाधान किया जा सके.
फिलहाल, एयरपोर्ट पर एयरलाइन स्टाफ को तैनात किया गया है और सुरक्षा के साथ-साथ यात्री सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.
Israel Iran War LIVE Updates: कोटा के छात्र दुबई और अबू धाबी में फंसे
इजरायल-ईरान युद्ध के चलते खाड़ी देशों में हवाई सेवाएं बंद होने से कोटा के तीन छात्र दुबई और अबू धाबी में फंस गए हैं, जिससे राजस्थान में उनके परिजन गहरे सदमे और चिंता में हैं.
सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे सिद्धार्थ जैन, उनकी चचेरी बहन नंदिनी और कनाडा से लौट रही तान्या शर्मा इस वक्त वहां फंसे हुए हैं और छात्रों ने फोन पर बताया है कि उन्हें आसमान में लगातार मिसाइलें और धमाके दिखाई दे रहे हैं.
इस संकट की घड़ी में परिजनों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात कर मदद की गुहार लगाई है, जिस पर बिरला ने बच्चों के दस्तावेज लेकर उन्हें जल्द सुरक्षित भारत लाने का भरोसा दिलाया है.
सिद्धार्थ की मां प्रीति जैन और पिता राजकुमार ने सरकार की कोशिशों पर संतोष जताया है, लेकिन हवाई मार्ग बंद होने के कारण फिलहाल पूरा परिवार डरा हुआ है और लगातार वीडियो कॉल के जरिए बच्चों की हिम्मत बढ़ा रहा है.