जयपुर में एक युवक के सुसाइड करने की कोशिश का मामला सामने आया है, जोकि बुधवार दोपहर सड़क पर लहूलुहान हालत में मिला. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसे गंभीर हालत में अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में भर्ती कराया. शुरुआती जांच में सामने आया है कि भाई से हुए विवाद के बाद उसने अपनी कलाई काट ली थी.
दरअसल, हरमाड़ा थाना प्रभारी उदय सिंह यादव ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 2:15 बजे कंट्रोल रूम से घटना की सूचना मिली थी, लोहा मंडी रोड पर एक युवक घायल अवस्था में पड़ा हुआ है. पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक की कलाई से लगातार खून बह रहा था. उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया.
भाई से पैसे मांगने गया था युवक
पुलिस जांच में घायल की पहचान सूरज बैरवा (30) पुत्र मोहन बैरवा के रूप में हुई है, जोकि सवाई माधोपुर के खांडरा चितारा का रहने वाला है. वह फिलहाल लोहा मंडी रोड इलाके में रह रहा था. जांच में सामने आया कि सूरज ने कुछ समय पहले अपने भाई राजू को 5 हजार रुपये उधार दिए थे. बुधवार को वह पैसे वापस लेने भाई के कमरे पर गया था.
विवाद के बाद काट ली कलाई
बताया जा रहा है कि भाई ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया, जिससे सूरज नाराज हो गया. गुस्से और आवेश में उसने ब्लेड से अपने बाएं हाथ की कलाई काट ली. ज्यादा खून बहने के कारण वह सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया.
घटना की जगह से मिला ब्लेड
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि युवक शराब के नशे में था. घटनास्थल से कलाई काटने में इस्तेमाल किया गया ब्लेड भी बरामद किया गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें- जयपुर में मोहर्रम पर पुलिस अलर्ट, 3 हजार पुलिसकर्मी तैनात; ड्रोन से होगी निगरानी