विज्ञापन

जैसलमेर में 11 करोड़ रुपये से अध‍िक का ब‍िजली ब‍िल बकाया, अब कटेंगे कनेक्‍शन 

अगर ब‍िजली का ब‍िल जमा नहीं क‍िया है तो तत्‍काल जमा कर दें, नहीं तो ब‍िजली व‍िभाग सख्‍त उठाने जा रहा है. 

जैसलमेर में 11 करोड़ रुपये से अध‍िक का ब‍िजली ब‍िल बकाया, अब कटेंगे कनेक्‍शन 
जैसलमेर डिस्कॉम के AEN प्रदीप बारूपाल ने बताया कि बकाया वसूली के लिए अभियान चलाया जाएगा.

जैसलमेर में बिजली उपभोक्ताओं पर बकाया अब डिस्कॉम के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है. ताजा आंकड़ों के अनुसार, जनवरी 2026 तक जैसलमेर शहर और उससे जुड़े क्षेत्रों में 11 करोड़ 40 लाख रुपये से अधिक का बिजली बिल बकाया है. इसको लेकर डिस्कॉम प्रबंधन ने कड़ी नाराजगी जताई है, और निर्देश दिए हैं कि अब किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. 

डिस्कॉम के अनुसार, यह बकाया केवल एक श्रेणी तक सीमित नहीं है, बल्कि घरेलू, व्यावसायिक, कृषि और मिक्स लोड जैसी लगभग सभी कैटेगरी में भारी राशि फंसी हुई है. सबसे चिंताजनक स्थिति घरेलू और कृषि कनेक्शनों को लेकर सामने आई है, जहां करोड़ों रुपये की वसूली अब तक नहीं हो पाई है. 

घरेलू बिजली बिल 5 करोड़ से अधिक बकाया  

आंकड़ों पर नजर डालें तो घरेलू बिजली उपभोक्ताओं पर करीब 5 करोड़ 26 लाख रुपये बकाया है, जबकि नॉन-डोमेस्टिक यानी दुकानों और व्यावसायिक प्रत‍िष्‍ठानों पर लगभग 3 करोड़ 50 लाख रुपये की वसूली लंबित है. इसके अलावा कृषि मीटरों से जुड़ा बकाया है, जो डिस्कॉम के लिए बड़ा वित्तीय नुकसान बनता जा रहा है. इसके साथ ही सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था, मिक्स लोड और अन्य विशेष श्रेणियों में भी लाखों रुपये का भुगतान अटका हुआ है. हालांकि, कुछ हाई टेंशन श्रेणियों में एडजस्टमेंट के कारण राशि माइनस में दिखाई दे रही है, लेकिन कुल मिलाकर डिस्कॉम को भारी राजस्व घाटे का सामना करना पड़ रहा है.

"लंबे समय से बकाया बढ़ता जा रहा है" 

जैसलमेर डिस्कॉम के AEN प्रदीप बारूपाल ने कहा कि निगम प्रबंधन ने बकाया वसूली, लाइन लॉस और तकनीकी घाटे को कम करने के ल‍िए न‍िर्देश जारी क‍िए गए हैं. उन्होंने बताया कि लंबे समय से बकाया बढ़ता जा रहा है, जिससे बिजली आपूर्ति व्यवस्था और विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं.

AEN प्रदीप बारूपाल ने कहा, "निगम प्रबंधन की ओर से साफ निर्देश हैं कि अब वसूली अभियान में किसी भी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी. बकाया वसूली के लिए लक्ष्य लगातार बढ़ाया जाएगा, और फील्ड स्तर पर सख्त कार्रवाई की जाएगी."

विशेष वसूली अभियान चलेगा 

उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में विशेष वसूली अभियान चलाया जाएगा, जिसमें बकायादारों को पहले नोटिस दिए जाएंगे, और तय समय सीमा में भुगतान नहीं करने पर सीधे बिजली कनेक्शन काटे जाएंगे. खासतौर पर बड़े बकायादारों और व्यावसायिक उपभोक्ताओं पर पहले कार्रवाई होगी. 

डिस्कॉम प्रबंधन ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि अब किसी भी तरह की राजनीतिक या प्रशासनिक सिफारिश पर छूट नहीं मिलेगी. वसूली प्रक्रिया पूरी तरह नियमों के तहत होगी, और हर उपभोक्ता को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी. 

डिस्कॉम ने लोगों से की अपील 

डिस्कॉम की ओर से आमजन से अपील की गई है कि वे समय रहते अपने बिजली बिलों का भुगतान कर दें. प्रबंधन का कहना है कि यदि उपभोक्ता स्वेच्छा से भुगतान नहीं करते हैं, तो मजबूरी में डिस्कनेक्शन, पेनल्टी और कानूनी कार्रवाई का रास्ता अपनाया जाएगा. 

यह भी पढ़ें: जयपुर से 2 जापानी टूर‍िस्‍ट लापता, रेस्‍टोरेंट गए फ‍िर वापस नहीं लौटे; टैक्सी ड्राइवर करता रहा इंतजार


 

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close