राजस्थान के 3 जिले भरतपुर, धौलपुर और डीग जिले में जाट आरक्षण का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है. जाट समाज को केंद्र में आरक्षण की मांग को लेकर सोमवार (22 जून) को 'हुंकार सभा' होगी. दावा किया जा रहा है कि भरतपुर की इस सभा में 1 लाख लोग तक जुट सकते हैं. सियासी हलचल इसलिए भी तेज है, क्योंकि आरएलपी के मुखिया और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल भी यहां पहुंचेंगे. सभा को लेकर नुमाइश मैदान में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
दिल्ली-हरियाणा और यूपी में पीले चावल बांटे
आरक्षण संघर्ष समिति के संयोजक नेम सिंह फौजदार ने बताया कि सभा के लिए व्यवस्था पूरी है. नुमाइश मैदान में भारी संख्या में लोगों के बैठने के लिए डोम तैयार किया गया है. इससे पहले, हुंकार सभा के लिए गांव-गांव जाकर लोगों को पीले चावल बांटकर आमंत्रण भी दिया गया. सभा में दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से भी जाट समाज के लोग आने की संभावना है.
कई वर्षों से समाज आरक्षण की मांग कर रहा
सभास्थल पर एम्बुलेंस-पानी की व्यवस्था समेत तमाम जरूरी इंतजाम किए जा चुके हैं. बताया जा रहा है कि प्रदेश के भी अन्य जिलों से जाट समाज के लोग सभा में हिस्सा लेंगे. कई वर्षों से मांग कर रहा समाज इस बार आर-पार के मूड में है. ऐसे में प्रशासन भी पूरी तरह से अलर्ट है.
सभा में तैयार होगी आंदोलन की रणनीति
नेम सिंह ने बताया कि जाट समाज केंद्र में आरक्षण की मांग को लेकर काफी लंबे समय से लड़ाई लड़ रहा है. कई बार सरकार ने आश्वासन दिया, लेकिन समाज को आरक्षण नहीं मिला. हुंकार सभा में आरक्षण आंदोलन के लिए आगे की रणनीति भी बनाई जाएगी.
यह भी पढ़ेंः राजस्थान के 17 जिलों में बारिश का अलर्ट, पारा 42 डिग्री पहुंचा, जयपुर, बीकानेर और शेखावाटी में बरसेंगे बादल!