Jodhpur News: जोधपुर की महिला सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अनीता बिश्नोई ने सोशल मीडिया पर कथित तौर पर लगातार ट्रोलिंग और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की. उन्हें गंभीर हालत में जिले के मथुरादास माथुर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. बताया जा रहा है कि यह घटना आज यानी सुबह करीब 11:30 बजे हुई.
इमोशनल पोस्ट शेयर कर उठाया आत्मघाती कदम
मामले के बारे में महिला के पति दीनाराम ने बताया कि वह सुबह किसी काम से अपने भाई के घर गया हुआ था, तभी उसके एक जान-पहचान वाले का फोन आया, जिसने बताया कि अनीता ने सोशल मीडिया पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर की है, जिसमें लिखा था कि आज के बाद तुम्हारी बहन इस दुनिया में नहीं दिखेगी.
कीटनाशक पीकर जमीन पर पड़ी थी बेहोश
उन्हें आगे बताया कि इस बात की जानकारी उन्हें पड़ोसियों से मिली तो वे तुरंत घर पहुंचे, जहां अनीता ने घर में रखा कीटनाशक पी लिया था और वह जमीन पर बेहोश पड़ी थी. परिवार वाले उसे तुरंत मथुरादास माथुर हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है. परिवार का आरोप है कि लगातार ट्रोलिंग और मेंटल टॉर्चर के कारण अनीता ने यह कदम उठाया.
वीडियो पोस्ट करने पर मिल रही थी ट्रोलिंग
मामले के बारे में उनके पति ने आगे बताया कि अनीता कई सालों से सोशल मीडिया पर राजस्थान की संस्कृति, सामाजिक जागरूकता और अलग-अलग विषयों पर वीडियो बनाती रही हैं. कुछ दिन पहले उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर महिलाओं के पहनावे से जुड़ा एक वीडियो शेयर किया था, जिसके बाद उन्हें सोशल मीडिया और वॉट्सऐप मैसेज के जरिए लगातार ट्रोलिंग की जा रही थीं. इस वजह से वह कुछ समय से मानसिक तनाव में थीं.
उन्होंने आगे बताया कि एक बार इस मामले में पुलिस में शिकायत करने की बात भी हुई थी, लेकिन अनीता ने यह कहकर मना कर दिया था कि वह किसी से नहीं डरतीं.
घटना की पुलिस को नहीं मिली सूचना
वहीं, इस मामले को लेकर परिवार वालों ने पुलिस में कोई केस दर्ज नहीं कराया है. जिसके कारण पुलिस की तरफ से इस घटना पर कोई जवाब नहीं आया है.
यह भी पढ़ें: राजस्थान में आंधी-तूफान-बारिश का अलर्ट, 4 संभागों में दिखेगा असर
यह भी पढ़ें: दिल्ली रेस्टोरेंट अग्निकांड ने छीनी अजमेर के एक परिवार की खुशियां, जिंदा जले बुजुर्ग दंपति