जयपुर: खो-नागोरियान के जिस पटाखा फैक्ट्री में धमाका हुआ उसे कय्यूम और याकूब अवैध तरीके से चलाते थे. कय्यूम पर पहले से रेप सहित 6 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. NDTV पड़ताल में सामने आया कि कय्यूम और याकूब दोनों भाई हैं, याकूब पर एक भी मुक़दमा दर्ज नहीं है. कय्यूम पर मालवीय नगर थाने में मारपीट का पहला मुक़दमा 1996 में दर्ज हुआ.
2013 में रेप का मुकदमा
कय्यूम पर मालवीय नगर में एक और मुकदमा 1997 में धारा 147, 341 और 308 धारा में दर्ज हुआ. दौसा के महुआ में आबकारी अधिनियम के तहत 2002 में मुकदमा दर्ज हुआ. मालवीय नगर थाने में 2008 में धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ. ज्योतिनगर थाने में 2013 में बलात्कार का मुकदमा दर्ज हुआ. साल 2024 में खो-नागोरियान थाने में फिर से मारपीट का मुकदमा दर्ज हुआ. कयूम आदतन अपराधी है.
5 फैक्ट्रियों में पटाखे बना रहा था
जांच में पता चला कि वह दिल्ली और तमिलनाडु से अवैध बारूद मंगवा रहा था. जयपुर में 5 फैक्ट्रियों में अवैध रूप से पटाखे बना रहा था. जयपुर को छोड़कर वह दिल्ली और बाकी के अन्य राज्यों में इन पटाखों को सप्लाई करवाता था. मुकदमा दर्ज होने के बाद दोनों भाई फरार हैं. उनकी तलाश जारी है. खो नागोरिया थाने में मुकदमे में फिरोज नाम का शख़्स भी नामजद है. वह दिल्ली से यहां फैक्ट्री चला रहा था, फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है.
आठ लोगों की हुई थी मौत
बुधवार को दो और शवों की शिनाख्त गाजियाबाद के रहने वाले नासिर और दिल्ली के रहने वाले रेहान के रूप में हुई है. ये दोनों हादसे के वक्त फैक्ट्री के अंदर ही काम कर रहे थे. पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिए हैं. बाकी 6 मृतकों के नाम समीर, आजिम, अब्दुल वहीद, रबिल, बिलाल और अशरफ हैं.
यह भी पढ़ें: जयपुर: खो नागोरियान पटाखा फैक्ट्री अग्निकांड में बड़ा एक्शन, थानाधिकारी समेत 8 पुलिसकर्मी सस्पेंड