Jaipur News: राजस्थान के नकली बीज प्रकरण में रिश्वतकांड को लेकर कांग्रेस ने कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा को कटघरे में खड़ा कर दिया है और उनके इस्तीफा की मांग की है. इस मामले में बेहद दिलचस्प मोड़ तब आया जब हनुमान बेनीवाल किरोड़ी लाल मीणा के पक्ष में खड़े नजर आए. दिलचस्प इसलिए क्योंकि हाल ही में SI भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में NDTV पर लाइव शो के दौरान दोनों नेताओं की तू-तू-मैं-मैं हो गई थी. आइए आपको बताते हैं हनुमान बेनीवाल ने क्या कहा?
"अन्य घोटालों की जांच क्यों नहीं?"
हनुमान बेनीवाल नकली बीज मामले में घिरे किरोड़ी लाल मीणा का बचाव करते नजर आए. उन्होंने कहा कि सराकर जानबूझकर कुछ ही मामलों पर कार्रवाई कर रही है. उन्होंने कहा, "मैं डॉक्टर साहब के साथ लंबे समय तक रहा. कोई सोच भी नहीं सकता कि किरोड़ी लाल मीणा का बीज के मामले में नाम आ सकता है. जब सरकार एक मंत्री को कटघरे में खड़ा कर रही है तो अन्य घोटालों पर जांच क्यों नहीं करा रही है?" उन्होंने बकाया नाम भी लिया. बेनीवाल ने चिकित्सा, पीडब्ल्यूडी, यूडीएच और बिजली विभाग की भी जांच कराने की मांग कर डाली.
"किरोड़ी लाल मीणा मामले पर बोले हनुमान बेनीवाल: एक मंत्री पर कार्रवाई तो बाकी मामलों पर चुप्पी क्यों?" pic.twitter.com/UltB3rAZSf
— RLP News Rajasthan (@MysteryTemples) June 10, 2026
पहले समझिए क्या है पूरा मामला
मूंगफली के 15 करोड़ की सीज घटिया बीजों को गुजरात भेजने के बजाए राजस्थान में ही खपाने की प्लानिंग चल रही थी. इसके लिए 2 करोड़ 45 लाख रुपये घूस ली गई थी. एसीबी ने 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया. एफआईआर में जयपुर में एक महिला के माध्यम से रुपयों के लेनदेन और सतीश नाम के व्यक्ति की भूमिका के साथ एक मंत्री और डॉक्टर का जिक्र है. एफआईआर में मंत्री का जिक्र होने पर कांग्रेस कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा से इस्तीफा देने की मांग करने लगा.
बेनीवाल-किरोड़ी के बीच क्यों हुई थी तू-तू-मैं-मैं
28 अगस्त 2025 को राजस्थान हाई कोर्ट ने एसआई भर्ती परीक्षा को रद्द कर दिया था. इस मामले को लेकर किरोड़ी लाल मीणा और हनुमान बेनीवाल दोनों आंदोलनरत थे. हाई कोर्ट का फैसला आते ही एनडीटीवी ने दोनों की राय जानने के लिए लाइव लिया. किरोड़ी लाल मीणा और हनुमान बेनीवाल में क्रेडिट लेने की होड़ मच गई. बात तू-तू-मैं-मैं तक पहुंच गई, और दोनों ने एक दूसरे पर पर्सनल अटैक भी किए.
अब आज किरोड़ी लाल मीणा को कांग्रेस ने बीज प्रकरण में इस्तीफा मांगा तो उनके पक्ष में हनुमान बेनीवाल खड़े नजर आए.
यह भी पढ़ें: "अब क्या बचा है.. कृषि मंत्री किरोड़ी लाल जी? इस्तीफा दीजिए", कांग्रेस ने लगाए गंभीर आरोप