Rajasthan News: राजस्थान में एक सब्जी बेचने वाले का बेटा सेना में अधिकारी बन गया है. यह खबर सामने आने के बाद परिवार समेत पूरे इलाके में खुशी का माहौल है. बालोतरा कस्बे के साधारण परिवार से आने वाले युवा कुलदीप पंवार का भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद पर चयन हुआ है. कुलदीप के सेना में अधिकारी बनने की खबर मिलते ही बालोतरा सहित आसपास के क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई और लोगों ने परिवार को बधाई दी.सेना में चयन के बाद पहली बार बालोतरा पहुचने पर कुलदीप का भव्य स्वागत किया गया.
पिता सब्जी बेचते हैं और मां गृहणी
कुलदीप पंवार एक साधारण सब्जी विक्रेता परिवार से आते हैं. पिता सतीश माली सब्जी मंडी में सब्जी विक्रेता है और माता गृहणी...सीमित संसाधनों के बावजूद कुलदीप ने कड़ी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया. कुलदीप ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और परिवार के सहयोग को दिया है.

बचपन का सपना पूरा किया
कुलदीप ने बताया कि उनका बचपन से ही सपना सेना में जाकर देश की सेवा करने का था. उन्होंने अपनी प्रारंभिक पढ़ाई बालोतरा के एक निजी विद्यालय से की, इसके बाद उनका चयन नवोदय विद्यालय में हुआ, जहां से उन्होंने उच्च माध्यमिक शिक्षा पूरी की. स्कूल और नवोदय में पढ़ाई के दौरान एनसीसी से जुड़ने के बाद उनके मन में सेना में जाने का जज्बा और मजबूत हो गया.
उच्च माध्यमिक शिक्षा के बाद कुलदीप ने गुजरात से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की. पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने सेना में अधिकारी बनने के लिए एसएसबी (Service Selection Board) की तैयारी शुरू की. लगातार मेहनत और दृढ़ संकल्प के बाद आखिरकार उनका चयन भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद पर हो गया.
हाल ही में 7 मार्च को आयोजित पासिंग आउट परेड में कुलदीप पंवार ने पासिंग आउट परेड का नेतृत्व भी किया, जो उनके लिए और उनके परिवार के लिए बेहद गौरव का क्षण रहा.
घर पर जुटी लोगों की भीड़
सेना में चयन के बाद आज जब कुलदीप पंवार अपने गृह नगर बालोतरा पहुंचे तो उनका भव्य स्वागत किया गया. परिजनों, समाज के लोगों और युवाओं ने फूल-मालाओं और साफा पहनाकर उनका सम्मान किया. इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और सभी ने कुलदीप की सफलता पर गर्व जताया.
परिवार और समाज के लोगों ने कहा कि एक सब्जी विक्रेता के बेटे का सेना में अधिकारी बनना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है. कुलदीप की सफलता से क्षेत्र के युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी कि मेहनत और लगन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है.
यह भी पढ़ेंः भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर पकड़ी गई 33 करोड़ की हेरोइन, 5 साल में 143 किलो पकड़ा गया नशा