विज्ञापन

मिड डे मील चोरी का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, बेच दिया था 5000 किलो का दूध का पाउडर

पन्नाधाय बाल गोपाल योजना के तहत राजस्थान के स्कूलों में मिड-डे मील के लिए दुग्ध पाउडर सप्लाई किया जाता है जिसे बाजार में बेचने का मामला सामने आया है.

मिड डे मील चोरी का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, बेच दिया था 5000 किलो का दूध का पाउडर
मुख्य आरोपी ने मिल्क पाउडर बेचने की बात स्वीकार कर ली है
NDTV

जयपुर ग्रामीण के सामोद थाना की पुलिस ने मिड डे मील के दूध पाउडर के गबन और चोरी के बहुचर्चित मामले में बड़ी कार्रवाई की है. राजस्थान के सरकारी स्कूलों में मिड डे मील योजना के तहत स्कूलों के लिए सप्लाई किए गए दूध पाउडर को अवैध रूप से बाहर ले जाने के मामले में पुलिस ने गिरोह के तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है.पुलिस ने पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी जगदीश और मामराज से पूछताछ के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ते हुए सीकर जिले के धोद थाना क्षेत्र के सीहोट बड़ी गांव निवासी मनोज कुमार बाजिया को गिरफ्तार किया है. इस प्रकरण में राजस्थान को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन (RCDF) ने एफआईआर दर्ज करवाई थी. इसके बाद जयपुर के सामोद थाने में केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.   

Latest and Breaking News on NDTV

दूर-दूर तक फैला गिरोह का नेटवर्क

पुलिस जांच में सामने आया है कि मिड डे मील के लिए आवंटित दूध पाउडर को अवैध रूप से बाजार में बेचा जा रहा था. इससे पहले सामोद पुलिस करीब 3 हजार किलो दूध पाउडर जब्त कर चुकी है. पूछताछ में आरोपी मनोज कुमार ने स्वीकार किया है कि उसने जगदीश को करीब 5 हजार किलो दूध पाउडर 200 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बेचा था. प्रारंभिक जांच में इस पूरे नेटवर्क के तार सीकर और चूरू तक जुड़े होने का खुलासा हुआ है. पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.

सप्लाई चेन में और लोगों के हाथ होने का शक

जांच में यह भी सामने आया है कि SVG कंपनी ने आरोपी मनोज कुमार को चूरू जिले के राजगढ़ ब्लॉक में दूध पाउडर सप्लाई की जिम्मेदारी दे रखी थी. पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि सप्लाई चेन में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा सरकारी सामग्री की हेराफेरी किस स्तर पर हुई. फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से सामोद थाना पुलिस गहन पूछताछ कर रही है.

ये भी पढ़ें-: Video: अजमेर दरगाह के रास्ते में बह गई जायरीन, बारिश के बाद पहाड़ियों से आया सैलाब

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close