विज्ञापन

ASI के बेटे के मर्डर के आरोपियों ने जेल में की पार्टी, बनाया वीडियो, वायरल होते ही गिरी गाज

चित्तौड़गढ़ जेल के बताए जा रहे तीन वीडियो वायरल हो रहे हैं जिनमें एक रिटायर्ड एएसआई के बेटे की हत्या के आरोपी पार्टी करते दिखाई दे रहे हैं.

यह वीडियो 23 जुलाई का बताया जा रहा है
NDTV

राजस्थान में अक्सर जेलों के अंदर मोबाइल मिलने की घटनाएं आती रहती हैं जिसे लेकर सवाल उठते रहे हैं. लेकिन चित्तौड़गढ़ की जिला जेल का एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने जेल प्रशासन में हड़कंप मचा दिया है. इस वीडियो में दिखता है कि एक बहुचर्चित हत्याकांड के मामले में गिरफ्तार आरोपी सलाखों के पीछे सजा नहीं काट रहे, बल्कि बाकायदा दावत उड़ा रहे हैं, नशा कर रहे हैं और नाच-गा रहे हैं. ऐसे तीन वीडियो अब इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. वायरल वीडियो की पुष्टि एनडीटीवी राजस्थान नही करता है. हालांकि, हंगामे के बाद जेल प्रशासन की ओर से इस मामले में चित्तौड़गढ़ कोतवाली पुलिस थाना में रिपोर्ट दी गई, जिसके बाद वीडियो में दिख रहे 8 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है. 

तीन वीडियो आए सामने

यह वीडियो 23 जुलाई, गुरुवार की शाम का बताया जा रहा है. इन तीन वीडियो ने सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.​ पहले वीडियो में देखा जा सकता है कि करीब एक दर्जन बंदी आराम से एक साथ बैठकर भोजन कर रहे हैं. दूसरे वीडियो में कुछ बंदी कथित तौर पर नशा करते दिखाई दे रहे हैं. वहीं तीसरे वीडियो में ये सभी कैदी किसी खौफ के बिना एक साथ नाचते हुए जश्न मना रहे हैं. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह पूरा वीडियो खुद एक बंदी अपने एंड्राइड मोबाइल से सेल्फी मोड में रिकॉर्ड कर रहा है.

यह वीडियो 23 जुलाई का बताया जा रहा है

यह वीडियो 23 जुलाई का बताया जा रहा है
Photo Credit: NDTV

हत्याकांड से जुड़े अपराधी

वीडियो में मौज उड़ाते दिख रहे ये कैदी कोई छोटे-मोटे अपराधी नहीं हैं बल्कि ये सभी बहुचर्चित अजयराज सिंह हत्याकांड से जुड़े आरोपी बताए जा रहे हैं. इनमें गंगरार पुलिस थाने के हिस्ट्रीशीटर ईश्वरसिंह डेट, भैरू झुपड़ा और हर्षवर्धन सिंह सहित कई अन्य चेहरे शामिल हैं. ​गौरतलब है कि पिछले साल एक जून को बजरी विवाद के चलते रिटायर्ड एएसआई के बेटे अजयराज सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.

इस मामले में परिजनों और विपक्ष ने स्थानीय विधायक चंद्रभान सिंह पर भी गंभीर आरोप लगाए थे. पुलिस ने इस केस में दो दर्जन से ज्यादा आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जो अब जेल में ऐश करते दिख रहे हैं.

चित्तौड़गढ़ जिला कारागृह में पूर्व में भी अंदर मोबाइल फोन मिले हैं

चित्तौड़गढ़ जिला कारागृह में पूर्व में भी अंदर मोबाइल फोन मिले हैं
Photo Credit: NDTV

सुरक्षा पर गंभीर सवाल

वीडियो वायरल होने के बाद जेल प्रशासन ने जब तलाशी ली तो बैरक से दो मोबाइल मिली हैं. इसके बाद वीडियो में दिख रहे 8 लोगों के विरुद्ध नामजद मामला दर्ज किया गया है. चित्तौड़गढ़ जेल में इससे पहले भी चेकिंग के दौरान छोटे मोबाइल मिलते रहे हैं, जिन पर केस भी दर्ज हुए. लेकिन इन नए वीडियो ने जेल अधिकारियों को कटघरे में खड़ा कर दिया है.

ये भी पढ़ें-: आमेर महल का होगा एक्सरे, सदियों पुराने रंगों का राज खोलेगी XRF मशीन

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close