विज्ञापन
This Article is From Sep 06, 2024

नागौर: जमीन विवाद में रिटायर्ड फौजी ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, 5 पुलिसकर्मी सहित 8 घायल 

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी टोगस के निर्देश पर बड़ी संख्या में जाब्ता बुलाकर रिटायर्ड फौजी को कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार. रिटायर्ड फौजी ने पुलिसकर्मियों पर भी गोलियां चलाई. इस दौरान 8 घायल लोग घायल हो गए.

नागौर: जमीन विवाद में रिटायर्ड फौजी ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, 5 पुलिसकर्मी सहित 8 घायल 
नागौर में घायल हुए पुलिसकर्मी, घटनास्थल की सुरक्षा बढ़ी

Rajasthan News: नागौर शहर के शारदापुरम इलाके में एक रिटायर्ड फौजी ने बीती रात जमकर उत्पात मचाया. पारिवारिक जमीनी विवाद के चलते रिटायर्ड फौजी ने पहले पड़ोस में ही रह रहे भाई-भाभी के घर पर फायरिंग कर उन्हें घायल कर दिया. उसके बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो पुलिसकर्मियों पर गोलियां बरसा दीं. घटना में फौजी के भाई-भाभी, भतीजी और एक होमगार्ड जवान समेत 5 पुलिसकर्मी घायल हो गए. कुल 8 व्यक्तियों को गोली लगी है.

सभी घायल अस्पताल में भर्ती

सभी घायलों को जेएलएन अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. घायल दंपति को जोधपुर रेफर कर दिया गया. अन्य घायलों का नागौर जिला अस्पताल में इलाज जारी है. पुलिस ने फायरिंग करने वाले रिटायर्ड फौजी को राउंड अप कर लिया है. 

जब आधी रात गलियों में गूंजी गोलियां

नागौर पुलिस अधीक्षक नारायण टोगस ने बताया कि शारदापुरम निवासी रिटायर्ड फौजी भंवर सिंह बिश्नोई ने बीती देर रात 12 बोर बंदूक से भाई के घर पर फायरिंग कर दी. आधी रात को गोलियों की आवाज सुनकर जब छोटे भाई की पत्नी गोमती ने घर का दरवाजा खोला तो एक गोली उसके हाथ में लग गई.

दरवाजे के पीछे फौजी का छोटा भाई ओमप्रकाश अपनी भाभी गोमती देवी बचाने आया तो एक गोली उसे भी लग गई, दोनों का खून बहने लगा. फायरिंग के दौरान घर में मौजूद आरोपी की भतीजी ममता को भी छर्रा लग गया. इसके बाद आरोपी फौजी बंदूक हाथ में लेकर गली में टहलने लगा और फायर करने लगा.

40 मिनट तक मोहल्ले में दहशत

घटना की सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस को देखकर आरोपी अपने घर में जाकर छिप गया. जो सामने दिखाई दे रहा था उसी पर गोलियां चलाने लगा. करीब 40 मिनट तक आरोपी इसी तरह खुलेआम गली मोहल्ले में दहशत फैलाता रहा.

अनहोनी के डर से आरोपी पर नहीं की सख्ती

पुलिस ने घटना में घायल में दंपति और युवती ममता को नागौर के जेएलएन जिला अस्पताल पहुंचाया. यहां प्राथमिक उपचार के बाद ओमप्रकाश और गोमती को जोधपुर रैफर कर दिया गया. 18 वर्षीय ममता का इलाज यहीं जारी है. इस बीच पुलिस ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की लेकिन अनहोनी के डर से सख्ती नहीं की, आरोपी अपने घर में ही छिपा रहा. 

पुलिसकर्मी हुए घायल

सुबह साढ़े 4 बजे पुलिस ने पूरे दलबल के साथ आरोपी फौजी के घर पर दबिश दी तो उसने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी. फायरिंग में हैड कांस्टेबल हनुमान राम (53), हैड कांस्टेबल मदन गोपाल (45), कांस्टेबल रिद्धकरण (36), कांस्टेबल सतीश (32) और होमगार्ड ओमप्रकाश (29) गोलियां व छर्रे लगने से घायल हो गए. इसके बाद पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया. 

आरोपी पर दर्ज हुआ मामला

आरोपी रिटायर्ड फौजी को राउंड अप कर लिया गया है. आरोपी का अपने भाईयों से प्लॉट को लेकर कोई विवाद चल रहा था, गुरूवार देर रात उसने शराब पीकर लाइसेंसी 12 बोर बंदूक से फायरिंग कर दी. आरोपी के परिजनों का कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया है.

ये भी पढ़ें- छोटी मछली ही नहीं, पेपर लीक के मगरमच्छों को भी पकड़ रहे... कोई नहीं बचेगाः भजनलाल शर्मा

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com