विज्ञापन

रोहित गोदारा गैंग के गुर्गे की मदद करना पड़ा भारी, सरकारी वकील 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

आरोपी ने बेटे के केस को कमजोर करने के एवज में 3.25 लाख रुपये की घूस मांगी थी. जैसे ही वो पहली किस्त लेने आया, तभी एसीबी ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया.

रोहित गोदारा गैंग के गुर्गे की मदद करना पड़ा भारी, सरकारी वकील 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
जयपुर में ACB ने प्रॉसिक्यूशन के असिस्टेंट डायरेक्टर को 50,000 की रिश्वत लेते हुए पकड़ा.
NDTV Reporter

Sikar News: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की सीकर टीम ने जयपुर में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नीमकाथाना कोर्ट ACJM नंबर-01 में कार्यरत सहायक निदेशक अभियोजन कौशल सिंह राठौड़ को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.

सवा तीन लाख मांगे थे

एसीबी के महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दी थी कि संगठित गिरोह से जुड़े एक मामले में उसका बेटा नीमकाथाना जेल में बंद है. आरोपी अधिकारी कौशल सिंह राठौड़ ने कोर्ट में विचाराधीन इस प्रकरण से धारा 111(4) और 308 हटाने, अभियोजन पक्ष को कमजोर करने तथा आरोपी के वकील के खिलाफ प्रभावी पैरवी नहीं करने की एवज में कुल 3.25 लाख रुपये की घूस मांगी थी.

3 लाख में तय हुआ था सौदा

शिकायत के सत्यापन के बाद आरोपी और परिवादी के बीच 3 लाख रुपये में सौदा तय हुआ. इसके बाद एसीबी की सीकर यूनिट के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय कुमार के नेतृत्व में जाल बिछाया गया और आरोपी को जयपुर रेलवे स्टेशन के पास से 50 हजार रुपये की पहली किस्त लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया गया. एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक एस. परिमला के सुपरविजन में मामले की आगे की जांच जारी है.

रोहित गोदारा गैंग से जुड़े मामले में हो रही थी पैरवी

एसीबी की जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए अधिकारी द्वारा जिस मामले में केस कमजोर करने और धाराएं हटाने के नाम पर घूस मांगी जा रही थी, उस प्रकरण में परिवादी का बेटा नीमकाथाना जेल में बंद है. शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी का बेटा कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग से जुड़ा हुआ था और अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में बंद गैंग के गुर्गों के संपर्क में रहकर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा था. पुलिस इसी संगठित अपराध से जुड़े मामले की जांच कर रही थी.

कोई रिश्वत मांगे तो यहां करें शिकायत

एसीबी ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी भी वैध कार्य के लिए रिश्वत की मांग करता है, तो वे एसीबी के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 एवं व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9413502834 पर 24×7 संपर्क कर सकते हैं.

ये भी पढ़ें:- देवशयनी एकादशी पर खाटूश्यामजी में भारी भीड़, VIP एंट्री बंद, 14 लाइनों में दर्शन, आज मुख्य सचिव भी पहुंचेंगे

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close