विज्ञापन

राजस्थान, यूपी, महाराष्ट्र और बिहार में NIA की छापेमारी, पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी मामले में एक्शन

हाल ही में जानकारी सामने आई थी कि शहज़ाद भट्टी वर्तमान में श्रीगंगानगर बॉर्डर से सटे इलाके में छिपकर रह रहा है. एटीएस समेत तमाम खुफिया एजेंसियां भी उसके नेटवर्क को धवस्त करने में जुटी हुई है.

राजस्थान, यूपी, महाराष्ट्र और बिहार में NIA की छापेमारी, पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी मामले में एक्शन
पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी

एनआईए ने देश के कई इलाकों में छापेमारी की है. उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार और महाराष्ट्र में एजेंसी ने छापा मारा. 4 राज्यों के कुल 12 ठिकानों पर रेड हुई, जिसमें राजस्थान का अजमेर और नीमराणा भी शामिल है. माना जा रहा है कि पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और ऑपरेटिव जसवीर चौधरी से जुड़े मामले में एक्शन हुआ है. भारत-पाक बॉर्डर पर हथियारों और ड्रग्स की तस्करी के मामले में दोनों का नाम सामने आ चुका है. सुरक्षा एजेंसियों को मिले इनपुट के मुताबिक, सीमा पार से हथियारों की तस्करी के मामले में भट्टी की अहम भूमिका है. 

एजेंसी जल्द कर सकती है बड़ा खुलासा 

सूत्रों के मुताबिक, भट्टी कई राज्यों में धमाकों की प्लानिंग भी कर रहा था. बताया जा रहा है कि पंजाब, दिल्ली समेत कई जगहों को दहलाने की साजिश रची जा रही थी. हालांकि, मामला पूरी तरह से साफ नहीं हुआ है. एनआईए जल्द ही बड़ा खुलासा कर सकती है. 

नाबालिग लड़कों को स्लीपर सेल में तब्दील कर रहा भट्टी

भट्टी लॉरेंस बिश्नोई के साथ भी काम कर चुका है, लेकिन अब दोनों के बीच दरार पैदा हो गई है. पाकिस्तानी गैंगस्टर अपने दुश्मन लॉरेंस को रास्ते से हटाना चाहता है. इसके लिए उसने लॉरेंस के दुश्मन रोहित गोदारा से हाथ मिला लिया है और भारत में अपना नेटवर्क मजबूत करना भी शुरू कर दिया है. इसके लिए वो सोशल मीडिया के जरिए नाबालिग लड़कों को निशाना बना रहा है. पंजाब, राजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के लड़कों को बरगला कर उन्हें स्लीपर सेल में तब्दील कर रहा है.  

रोहित गोदारा-बांबिया गैंग को सप्लाई करता है हथियार

भट्टी पर आरोप है कि उसने भारत में रोहित गोदारा और बांबिया गैंग को एके-47, हथगोले और रॉकेट लॉन्चर जैसे खतरनाक हथियार मुहैया करवाए. ड्रोन के जरिए वह अफगानिस्तान की हेरोइन, चाइना की एमडी ड्रग, लिक्विड ड्रग, चरस और स्मैक की भारी खेप भेज रहा है.  

यह भी पढ़ेंः पिता की हत्या के बाद बेफिक्री से चाय पीता रहा बेटा, 'तिजोरी की चाबी' बनी बहन की मौत की वजह



 

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close