राजस्थान के पाली जिले से एक ऐसी कहानी सामने आई है, जो ईमानदारी और इंसानियत के लिए एक मिसाल है. यहां पर एक किसान की पत्नी ने 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने गेहूं से भरे कट्टे में रख दिया. इसके बाद किसान ने गेहूं को व्यापारी को बेच दिया, जब बाद में व्यापारी ने कट्टे खोलकर देखा तो गेहूं के बीच एक भारी स्टील का टिफिन नीचे गिरा. टिफिन का ढक्कन खोलने पर व्यापारी की आंखें फटी की फटी रह गईं. टिफिन में सोने के हार, चूड़ियां और चांदी के गहने भरे हुए थे. इस पर किराना व्यापारी ने करीब 15 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के गहने उनके असली मालिक किसान को लौटाकर भरोसे और ईमानदारी की मिसाल कायम की है.
2 गेहूं कट्टे गेहूं व्यापारी को बेचा
दरअसल, यह घटना पाली जिले के सुमेरपुर उपखंड के खेरवा गांव की है, जहां किसान घीसाराम के परिवार ने चोरी के डर से घर के सोने-चांदी के गहनों को एक स्टील के टिफिन में भरकर गेहूं के कट्टे में छिपाकर रख दिया था. परिवार के लोगों को यह अंदाजा नहीं था कि गहने उसी कट्टे में रह गए हैं. 15 दिन पहले जब किसान घीसाराम ने 50-50 किलो के दो कट्टे स्थानीय किराना व्यापारी मांगू खान को बेच दिए. जब मांगू खान ने कट्टा खोलकर गेहूं खाली किया तो अनाज के साथ एक भारी स्टील का टिफिन नीचे गिरा.
टिफिन में रखे थे सोने-चांदी के गहने
गेहूं के बीच रखी टिफिन का ढक्कन खोलते ही व्यापारी की आंखें फटी की फटी रह गईं. अंदर सोने के हार, चूड़ियां और चांदी के जेवर भरे हुए थे. गहनों की कीमत बाजार में करीब 15 लाख रुपए से ज्यादा थी. मांगू खान ने एक पल के लिए भी लालच नहीं किया और तुरंत असली मालिक तक गहने पहुंचाने का फैसला किया. उन्होंने किसान घीसाराम को फोन कर कहा कि भाई, जो गेहूं देकर गए थे वो खराब निकल गए, दुकान पर आकर देखो. किसान घीसाराम घबरा गया और तुरंत दुकान पहुंचा.
वहां पहले से कई ग्रामीण मौजूद थे. मांगू खान ने सबके सामने टिफिन किसान के हाथों में थमा दिया. जब घीसाराम ने टिफिन खोला और अंदर अपने गहने देखे तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई. तब उसे पता चला कि उसकी पत्नी ने अनजाने में गहनों वाला टिफिन गेहूं के कट्टे में रख दिया था. गहने सुरक्षित वापस मिलते ही किसान और उसके परिवार की आंखों से खुशी के आंसू निकल पड़े. ग्रामीणों ने भी मांगू खान की ईमानदारी की जमकर सराहना की.
यह भी पढे़ं-
शराब की बोतल के बदले मदन दिलावर ने दिए 80 लाख रुपये, बोले- मेरी बात मानी तो मालामाल कर दूंगा